इंदौर के बाद भोपाल में बड़ा एक्शन: एमपी नगर के कोचिंग और हॉस्टल्स पर छापा

Manya Jain | Published:
bhopal mp nagar coaching hostel raid sdm
bhopal mp nagar coaching hostel raid sdm
इंदौर के बाद भोपाल के एमपी नगर जोन-2 में प्रशासन का औचक छापा। एसडीएम एलके खरे की टीम ने नीट मेंटर कोचिंग, हॉस्टल्स और लाइब्रेरीज की जांच की।

समझें क्या है पूरा मामला

  • लखनऊ के अलीगंज में एक कोचिंग की इमारत में भीषण आग लग गई थी।
  • इस दर्दनाक हादसे में करीब 15 लोगों की जान चली गई।
  • हादसे के बाद मध्यप्रदेश का प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट हो गया है।
  • इंदौर में नियमों का उल्लंघन करने वाले 23 कोचिंग संस्थान सील हुए।
  • भोपाल में भी जांच के बाद एक लाइब्रेरी सील कर नोटिस बांटे गए।

लखनऊ आग्निकांड से MP में हड़कंप

लखनऊ के अलीगंज इलाके में एक कोचिंग संस्थान की तीन मंजिला इमारत में आग लग गई। दोपहर करीब तीन बजे आग अचानक फैली और कुछ ही मिनटों में पूरा भवन धुएं से भर गया। इस हादसे में 15 लोगों की जान गई। कई घायल हुए। कुछ ने जान बचाने के लिए ऊंची मंजिल से छलांग लगा दी।



इस दर्दनाक खबर के बाद मध्यप्रदेश के शहरों में हड़कंप मच गया। लखनऊ हादसे के बाद भोपाल, इंदौर में नगर निगम ने जांच शुरू की है।



जांच के दौरान कई अव्यवस्थाएं मिलीं।


भोपाल में एमपी नगर पर पड़ा छापा

इंदौर के बाद भोपाल में भी गुरुवार को एसडीएम एलके खरे के नेतृत्व में पुलिस, नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने एमपी नगर जोन-2 में औचक निरीक्षण किया। नीट मेंटर कोचिंग, औरस कोचिंग, आईबी लाइब्रेरी, संजीवनी गर्ल्स हॉस्टल, बैठक लाइब्रेरी और जैन्स गर्ल्स स्टे हॉस्टल की जांच हुई।



बेसमेंट में कोचिंग- तुरंत हुई सील

सबसे गंभीर मामला आईबी लाइब्रेरी का निकला। यह बेसमेंट में संचालित पाई गई। फायर सेफ्टी सिस्टम काम नहीं कर रहे थे। एग्जिट वेंटिलेशन की कोई व्यवस्था नहीं थी। जांच में सबसे बड़ी खामी अलग फायर एग्जिट की कमी के रूप में सामने आई। कई भवनों में केवल एक ही प्रवेश और निकास मार्ग था, जो आग जैसी आपात स्थिति में बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। मौके पर ही एमपी नगर पुलिस ने आईबी लाइब्रेरी को सील कर दिया।



गर्ल्स हॉस्टल में मिली गंदगी और फंगस

दोनों गर्ल्स हॉस्टल की स्थिति भी चिंताजनक थी। संजीवनी गर्ल्स हॉस्टल के किचन में गंदगी और फंगस लगी सब्जियां व खाद्य सामग्री मिली। मौके पर ही साफ-सफाई के निर्देश दिए गए। नगर निगम को नोटिस देने के आदेश भी जारी हुए।



10 संस्थानों को 7 दिन का नोटिस

फायर अधिकारी सौरभ पटेल ने अग्निसुरक्षा का पालन सुनिश्चित कराने के लिए 10 संस्थानों को नोटिस जारी किए। इनमें नीट मेंटर कोचिंग, कौटिल्य एकेडमी, रचना दुबे गर्ल्स हॉस्टल, मिथेस राठी कोचिंग, स्टेप अप कोचिंग, दुरानी कोचिंग, औरस कोचिंग, अनएकेडमी, औरस एकेडमी और फिजिक्स वाला शामिल हैं। सभी को 7 दिन में व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया है।



इंदौर में 23 कोचिंग एक साथ सील

इंदौर में प्रशासन ने सबसे तेज कार्रवाई की। जिला प्रशासन और निगम की संयुक्त टीम ने मंगलवार को जांच के बाद 23 संस्थानों को सील कर दिया। कैटेलाइजर, न्यूक्लियम, रामानुजन, आयाम कोचिंग समेत कई संस्थान इसमें शामिल थे। कई बहुमंजिला इमारतों में इमरजेंसी एग्जिट बंद पाए गए। कलेक्टर ने साफ कहा कि लापरवाही पर सील होगी, शपथपत्र देने पर ही सुधार का समय मिलेगा।



क्या जांच टिकेगी या ठंडी पड़ जाएगी

यह सवाल सबसे जरूरी है। हाल ही में दिल्ली के एक होटल में आग लगने के बाद ग्वालियर में भी निगम ने जांच शुरू की थी। लेकिन 12 जून के बाद से वह जांच अभियान ठप पड़ गया। पिछले 10 दिनों में कोई कार्रवाई नहीं हुई।



यह पैटर्न बार-बार दोहराया जाता है। हादसा होता है, जांच होती है, नोटिस निकलते हैं और फिर सब कुछ वापस पुराने ढर्रे पर लौट जाता है। 7 दिन बाद इन 10 संस्थानों पर क्या होगा - यही असली इम्तिहान है प्रशासन के लिए।



ये भी पढ़ें...



एमपी के कोचिंग सेंटरों में सुरक्षा राम भरोसे, प्रशासन को हादसे का इंतजार!



लखनऊ अग्निकांड के बाद इंदौर में ऑपरेशन कोचिंग, कैटेलाइजर सहित 23 संस्थान सील



लखनऊ अग्निकांड में एमपी के परिवार ने खोया अपना होनहार बेटा, परिवार में शोक





2020 में बने नियम, फिर भी नहीं मिली वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग! हाईकोर्ट की फैमिली कोर्ट को फटकार



Tags:
  • मध्यप्रदेश
  • इंदौर
  • भोपाल
  • आग
  • लखनऊ
  • सील