भोपाल के जगदीशपुर में होगी MP कैबिनेट मीटिंग, सीएम मोहन यादव का ऐलान

Sandeep Kumar | Jun 16, 2026, 08:30 IST
विक्रमादित्य अकादमी भी बनेगी
सीएम मोहन यादव ने संस्कृति विभाग की समीक्षा की है। इस दौरान उन्होंने सम्राट विक्रमादित्य अकादमी बनाने के निर्देश दिए है। जगदीशपुर में कैबिनेट बैठक करने के निर्देश भी दिए गए है।

समझें क्या है पूरा मामला

  • मुख्यमंत्री ने संस्कृति विभाग की समीक्षा बैठक ली।
  • सम्राट विक्रमादित्य अकादमी बनाने के निर्देश दिए।
  • जगदीशपुर किले में कैबिनेट बैठक की योजना बनी।
  • तीर्थ दर्शन योजना में शक्तिपीठ और ज्योतिर्लिंग जोड़े जाएंगे।
  • राम वन गमन पथ और श्रीकृष्ण पाथेय पर नाराजगी जताई।

संस्कृति विभाग की बैठक में CM के बड़े निर्देश

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को मंत्रालय में संस्कृति विभाग की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की कला, संस्कृति और पुरातात्त्विक धरोहरें प्रदेश की अमूल्य पूँजी हैं। इन्हें संरक्षित करना सबकी जिम्मेदारी है।


CM ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के लिए ठोस योजना बनाई जाए। उन्होंने संस्कृति विभाग की री-स्ट्रक्चरिंग (पुनर्संरचना) के भी निर्देश दिए।



विक्रमादित्य अकादमी और जगदीशपुर कैबिनेट

CM डॉ. यादव ने सम्राट वीर विक्रमादित्य के नाम पर एक अलग अकादमी बनाने का निर्देश दिया। इस अकादमी में विक्रमादित्य के जीवन पर शोध और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियाँ चलाई जाएंगी। उन्होंने भोपाल के नजदीक जगदीशपुर स्थित पुराने किले की जानकारी ली। CM ने कहा कि इस किले के इतिहास को जीवंत करने और इसे राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए जल्द ही यहाँ स्टेट कैबिनेट मीटिंग आयोजित की जाएगी।



तीर्थ दर्शन योजना में अब MP के धाम भी

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में अब तक राज्य के बाहर के मंदिर और तीर्थ स्थान शामिल थे। अब प्रदेश में मौजूद दोनों ज्योतिर्लिंगों, जागृत शक्तिपीठों और अन्य धार्मिक स्थलों को भी इस योजना में शामिल किया जाएगा।


इससे प्रदेश के बुजुर्ग और जरूरतमंद नागरिक अपने ही राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन सरकारी सहायता से कर सकेंगे।



राम वन गमन पथ की धीमी रफ्तार पर नाखुशी

CM डॉ. यादव ने श्रीराम वन गमन पथ और श्रीकृष्ण पाथेय परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। दोनों परियोजनाओं की धीमी रफ्तार पर उन्होंने नाराजगी जताई। अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।


CM ने कहा कि ये परियोजनाएँ धार्मिक आस्था का केंद्र होने के साथ प्रदेश के पर्यटन विकास के लिए भी जरूरी हैं। अभी श्रीराम वन गमन पथ पर 160 करोड़ रुपए के काम जारी हैं।



चार विभाग मिलकर करेंगे काम

CM ने संस्कृति विभाग द्वारा वित्त वर्ष 2026-27 के लिए तैयार 'कला पंचांग' कैलेंडर का विमोचन किया। इसमें पूरे साल की सांस्कृतिक गतिविधियों की योजना है। CM ने निर्देश दिए कि संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास और कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग मिलकर काम करें। इससे प्रदेश में धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।



त्योहारों और मेलों को मिलेगी नई पहचान

CM ने कहा कि अगले छह महीनों में बड़े त्योहार, सांस्कृतिक पर्व और मेले मनाए जाएंगे। आल्हा-ऊदल की स्मृति में आयोजन हों। श्रावण महोत्सव और भुजरिया पर्व मनाए जाएं। नागपंचमी पर जैव विविधता संरक्षण का संदेश दिया जाए। साथ ही MP में जन्मे या यहाँ से जुड़े कलाकारों और गायकों को प्रदेश में प्रस्तुति देने के लिए प्रेरित किया जाए।



पद्म पुरस्कार और 4160 करोड़ के निर्माण कार्य

CM ने कहा कि पद्म पुरस्कारों के लिए प्रदेश के कलाकारों और समाजसेवियों की अनुशंसा संस्कृति विभाग भी करे। जरूरतमंद पद्म विजेताओं की मदद के लिए एक स्थायी योजना बनाई जाए। मुख्य सचिव, संस्कृति, शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि प्रदेश में 17 धार्मिक और सांस्कृतिक लोक और 20 संग्रहालयों का निर्माण जारी है। वर्ष 2023 से अब तक संस्कृति विभाग के अधीन करीब 4160 करोड़ रुपए के निर्माण कार्य चल रहे हैं।



FAQ

  1. सम्राट विक्रमादित्य अकादमी क्या होगी?
    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सम्राट वीर विक्रमादित्य के नाम पर एक अलग अकादमी बनाने के निर्देश दिए हैं। इसमें विक्रमादित्य के जीवन पर शोध और सांस्कृतिक गतिविधियाँ होंगी। यह अकादमी संस्कृति विभाग के अंतर्गत काम करेगी।
  2. जगदीशपुर में कैबिनेट मीटिंग क्यों होगी?
    भोपाल के नजदीक जगदीशपुर में एक पुराना ऐतिहासिक किला है। CM ने इसके इतिहास को जीवंत करने और राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए यहाँ कैबिनेट मीटिंग करने का फैसला किया है। यह बैठक जल्द होगी।

ये भी पढ़ें...

MP Top News : मध्य प्रदेश की बड़ी खबरें, एमपी में बनेगा साइबर रिसर्च सेंटर



MP में 10 RTO अधिकारियों के एक साथ तबादले, देखें पूरी लिस्ट



एमपी में बनेगा साइबर रिसर्च सेंटर, सीएम मोहन यादव बोले- सुरक्षा में भी होंगे आगे



एमपी कैबिनेट: कर्मचारियों के लिए DA में 3% बढ़ोतरी, ओबीसी युवाओं के लिए शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना को मंजूरी



Tags:
  • सीएम मोहन यादव
  • एमपी कैबिनेट
  • मुख्यमंत्री मोहन यादव
  • मध्य प्रदेश
  • संस्कृति विभाग