सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन पर शराब ठेका कब्जाने के आरोप, ठेकेदार ने सीएम को लिखी चिट्ठी

Jitendra Shrivastava | Jun 22, 2026, 18:48 IST
Photograph: (THESOOTR)
SEONI. सिवनी के छपारा ठेकेदार आनंद राय ने CM मोहन यादव को पत्र लिखकर विधायक दिनेश राय मुनमुन पर ठेका बाधित करने, मारपीट और जान से मारने की धमकी के आरोप लगाए हैं।

समझें क्या है पूरा मामला...

  • विधायक पर ठेका कब्जे का आरोप।
  • CM को ठेकेदार की शिकायत चिट्ठी।
  • कर्मचारियों से मारपीट का आरोप।
  • अवैध शराब नेटवर्क का गंभीर दावा।
  • पुलिस-प्रशासन पर सवाल उठे।

सिवनी जिले के छपारा शराब ठेके के लाइसेंसी ठेकेदार आनंद राय ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को शिकायती पत्र लिखा है। पत्र में विधायक दिनेश राय मुनमुन पर ठेका संचालन में रुकावट डालने के आरोप हैं।



29 मई को उनके कर्मचारियों पर हमला हुआ। अवैध शराब नेटवर्क चलाने का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि, विधायक ने सभी आरोपों से इनकार किया है।



ठेकेदार ने CM को लिखा पत्र

मण्डला निवासी आनंद राय को सिवनी जिले के छपारा में शराब ठेके का लाइसेंस मिला है। यह 16 करोड़ रुपए राजस्व का ठेका है। सीएम को लिखी चिट्ठी में कहा गया है कि शासन से अनुमति मिलने के बावजूद उन्हें ठेका चलाने नहीं दिया जा रहा।



बता दें कि 19 जून 2026 को आनंद राय ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को एक विस्तृत शिकायती पत्र भेजा है। इसमें सिवनी विधानसभा के विधायक दिनेश राय मुनमुन पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।



विधायक पर क्या-क्या आरोप

पत्र के मुताबिक यह ठेका पहले विधायक के पुत्रों की फर्म के पास था। जब लाइसेंस आनंद राय को मिला तो कथित तौर पर परेशान करने का सिलसिला शुरू हुआ।



ठेकेदार का आरोप है कि विधायक राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल कर उनका ठेका बंद करवाना चाहते हैं।



29 मई को कर्मचारियों पर हमला

पत्र में 29 मई का एक गंभीर हमले का जिक्र है। उस दिन दोपहर में 150 से 200 लोग करीब 20-22 गाड़ियों में आए। इन लोगों ने ठेके के 4 कर्मचारियों को लाठी और पाइप से पीटा। कई कर्मचारियों को गंभीर चोटें आईं।



ठेकेदार का दावा है कि घटना का वीडियो पुलिस टीआई (TI- थाना प्रभारी) छपारा और एसडीपीओ (SDPO- उप पुलिस अधीक्षक) के पास उपलब्ध है।



पहले भी हो चुकी है मारपीट

आनंद राय के मुताबिक यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी उनके बेटों को मारपीट कर उठाया गया था। उनका आरोप है कि आड़ेगांव थाने में उनके खिलाफ फर्जी मुकदमे भी दर्ज कराए गए। उन्होंने यह भी कहा कि इस सबका असर भारतीय जनता पार्टी की छवि पर भी पड़ रहा है।



अवैध शराब नेटवर्क का आरोप

पत्र में छपारा के आसपास अवैध शराब बिक्री के कई ठिकानों का जिक्र है। आरोप है कि लखनादौन, कहानी, आड़ेगांव, गणेशगंज और भीमगढ़ में गांव-गांव अवैध शराब बेची जा रही है।



इसके अलावा यशपाल ढाबा पर प्रद्युम्न ठाकुर के जरिए, और दलासागर गुकुलपुर में सौरभ ठाकुर के नेटवर्क से अवैध बिक्री का दावा किया गया है। सबसे गंभीर आरोप यह है कि एक सीएम राईस स्कूल (CM Rise School) के सामने नीतिराज नामक व्यक्ति द्वारा बोतलों में शराब और गुटखा पाउडर बेचा जा रहा है।



विधायक ने कहा- मेरे क्षेत्र में अवैध शराब बिकवा रहा है ठेकेदार

इधर विधायक दिनेश राय मुनमुन से शराब ठेकेदार के सभी आरोपों को खारिज किया है। विधायक का कहना है कि छपारा मेरी विधानसभा में नहीं आता, वह केवलारी में आता है। इसलिए मेरे द्वारा कोई दबाव नहीं बनाया जा रहा।



उल्टे शराब ठेकेदार ने बिहार के लड़कों को काम पर रखा है और उनकी मदद से मेरे विधानसभा क्षेत्र में अवैध शराब बिकवा रहा है। मेरे क्षेत्र के आदिवासी नागरिकों के साथ मारपीट और परेशान करने की घटनाएं आ रही हैं। हमने सिर्फ इसी का विरोध किया है। हमारे पास तो उस दुकान के रातभर खुले रहने के वीडियो तक उपलब्ध हैं।



ये खबरें भी पढ़ें..



इंदौर के शिशुकुंज स्कूल में 100+ बच्चे बीमार, प्रशासन ने कैंटीन से जब्त की खाद्य सामग्री



पूर्व RTO सौरभ शर्मा की नई कानूनी चाल! सुप्रीम कोर्ट के सहारे ED पर पलटवार



वित्त विभाग का आदेश: MP में 85 साल पार पेंशनर्स को मिलेगी 30% ज्यादा पेंशन



नीट री-एग्जाम: 2 मिनट की देरी से नहीं मिली एंट्री, बेटी रोई-पिता गिड़गिड़ाया पर बेअसर





Tags:
  • मुख्यमंत्री मोहन यादव
  • सिवनी
  • शराब ठेकेदार
  • विधायक दिनेश राय
  • अवैध शराब बिक्री