एमपी में दिनदहाड़े बैंक लूट की कोशिश, SI पर हमला, भीड़ ने पकड़ा बदमाश
मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा शहर में शनिवार दोपहर एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश हुई। परासिया रोड पर स्थित बैंक ऑफ इंडिया (Bank of India) की ब्रांच में बदमाशों ने लूट की साजिश रची। आरोपियों ने रस्सी बम का इस्तेमाल कर बैंक के आसपास दहशत फैलाने की कोशिश की। लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता और बैंक के समय पर बंद होने की वजह से यह साजिश धरी की धरी रह गई।
कैसे रची गई साजिश
आरोपी लूट की नीयत से बैंक पहुंचे थे। वहां पहुंचकर उन्होंने रस्सी बम से हंगामा खड़ा करने की कोशिश की ताकि अफरा-तफरी के बीच लूट को अंजाम दिया जा सके। लेकिन बैंक उस वक्त बंद था। इससे उनकी योजना पहले ही लड़खड़ा गई।
आसपास के लोगों ने संदिग्ध गतिविधियां देखीं। उन्होंने फौरन पुलिस (MP Crime News) को सूचना दी। इतना ही नहीं, मौके पर मौजूद भीड़ ने एक आरोपी को दबोच लिया।
SI पर हमला, हाथ में लगी चोट
पकड़े जाने के बाद आरोपी ने खुद को छुड़ाने की कोशिश की। इसी दौरान उसने नुकीले हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में सब इंस्पेक्टर (Sub Inspector) नारायण बघेल के हाथ में चोट आई। बावजूद इसके मौके पर मौजूद लोग डटे रहे। आरोपी को काबू में कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। उसे कोतवाली थाने ले जाया गया।
घायल SI का इलाज किया जा रहा है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पूछताछ जारी, दूसरे की तलाश में पुलिस
कोतवाली पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश में है कि इस साजिश के पीछे और कौन-कौन शामिल है। पूरे नेटवर्क का पता लगाना पुलिस की प्राथमिकता है।
वहीं फरार दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें सक्रिय हैं। माना जा रहा है कि घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
भीड़ की सतर्कता बनी ढाल
इस पूरी घटना में स्थानीय लोगों की भूमिका सबसे अहम रही। अगर आसपास के लोग सतर्क नहीं होते तो बदमाश भागने में कामयाब हो सकते थे। उनकी हिम्मत और सूझबूझ ने न सिर्फ एक बड़ी लूट रोकी बल्कि पुलिस को समय पर कार्रवाई का मौका भी दिया।
ये खबरें भी पढ़ें...
भोपाल के डॉक्टर मनोज वर्मा लूटकांड की मास्टरमाइंड आलिया खान को मिली जमानत
29.65 लाख लूट का मास्टरमाइंड रिटायर्ड आर्मीमैन निकला, 1.11 लाख चढ़ावा भी चढ़ाया
सिंगरौली बैंक लूट के बाद एक्शन में एमपी पुलिस, होटलों और किराएदारों की कर रही चैकिंग
इंदौर बैंक लूट: 6.64 लाख की लूट करने वाला बर्खास्त फौजी गिरफ्तार