किसानों को 10 घंटे बिजली देगी मोहन सरकार, इंजीनियर डे पर सीएम का बड़ा ऐलान

Sanjay Dhiman | Sept 15, 2026, 16:35 IST
cm-engineer day-farmers-10-hour-power-supply
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा किसानों को जल्द दिन में 10 घंटे बिजली मिलेगी। 20 साल में प्रदेश की बिजली क्षमता 20 हजार मेगावाट बढ़ी है, अब कुल क्षमता 32 हजार मेगावाट हो गई है। नीमच में ग्रीन एनर्जी परियोजना जल्द शुरू होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अभियंता दिवस पर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली मिलेगी। पिछले 20 साल में प्रदेश की बिजली क्षमता 20 हजार मेगावाट बढ़ी है। नीमच में ग्रीन एनर्जी परियोजना जल्द शुरू होगी। बिजली कंपनियों के हजारों कर्मचारियों को भी राहत मिली है।



मध्य प्रदेश अब बिजली में सरप्लस

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रवीन्द्र भवन में आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही। यह कार्यक्रम पावर इंजीनियर्स एंड एम्प्लाइज एसोसिएशन ने आयोजित किया था। सीएम ने कहा कि मध्य प्रदेश कभी बिजली की कमी वाला राज्य था। आज यह सरप्लस बिजली वाला प्रदेश बन चुका है।



उन्होंने आंकड़ों से यह बात समझाई। 1956 में एमपी बनने से 2003 तक करीब 55 साल लगे। इस दौरान बिजली क्षमता सिर्फ 5 हजार मेगावाट बढ़ी थी। पिछले 20 साल में यह क्षमता करीब 20 हजार मेगावाट बढ़ी है।



मौजूदा सरकार के ढाई साल में भी बड़ा काम हुआ है। इस दौरान करीब 2700 मेगावाट क्षमता जोड़ी गई। अब प्रदेश की कुल बिजली क्षमता करीब 32 हजार मेगावाट हो गई है।



9beaf3bb-c68


पावर स्टेशनों और रेलवे को मिल रही बिजली

सीएम ने बताया कि पावर स्टेशनों तक करीब 7 हजार मेगावाट बिजली पहुंचाई जा रही है। मध्य प्रदेश से रेलवे को भी बिजली दी जा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उत्पादन और बढ़ाया जाएगा। इससे विकास की रफ्तार और तेज होगी।



नीमच में शुरू होगी पंप स्टोरेज परियोजना

मुख्यमंत्री ने नीमच की एक बड़ी परियोजना का जिक्र किया। यहां पंप स्टोरेज के जरिए ग्रीन एनर्जी बनाई जाएगी। यह परियोजना दो से तीन महीने में शुरू हो जाएगी। इसे प्रदेश की सबसे बड़ी परियोजनाओं में गिना जा रहा है।



उन्होंने बताया कि नवकरणीय ऊर्जा में एमपी ने बड़ी छलांग लगाई है। 12 साल में यह क्षमता 25 गुना बढ़ी है। अगले पांच साल में भी यही रफ्तार बनी रहेगी।



पिछली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के बाद से बिजली क्षेत्र में बड़ा निवेश आया है। करीब 9 लाख करोड़ रुपए के एमओयू (MOU – Memorandum of Understanding) हुए हैं। थर्मल और सौर ऊर्जा में बेहतर तालमेल पर काम चल रहा है। डाटा सेंटरों की बढ़ती जरूरत को देखते हुए भी उत्पादन बढ़ाया जाएगा।



किसानों को मिलेगी दिन में बिजली

सीएम ने किसान कल्याण वर्ष का जिक्र करते हुए बड़ी बात कही। सरकार किसानों को दिन में बिजली देने की तैयारी कर रही है। अगले सीजन से दिन में 10 घंटे बिजली मिलेगी। जहां रात में जरूरत होगी, वहां रात में भी सप्लाई होगी।



कर्मचारियों को भी मिली राहत

मुख्यमंत्री ने बिजली कंपनियों के कर्मचारियों की तारीफ की। उन्होंने कहा ये कर्मचारी हर मौसम में 24 घंटे काम करते हैं। करीब 20 साल से अटका फ्रिज बेनिफिट अब सुलझा दिया गया है। कन्वेंस अलाउंस समेत कई भत्ते रिवाइज करने के निर्देश भी दिए गए हैं।



इसका फायदा 25 हजार से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारियों को मिलेगा। तीन वेतनमान की पुरानी समस्या का भी समाधान हो चुका है। कर्मचारियों के लिए कैशलेस बीमा योजना और सोलर रूफटॉप की सुविधा भी शुरू होगी।



भर्ती और प्रमोशन में भी तेजी

सीएम ने बताया कि 26 विभागों में 85 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती शुरू हुई है। ढाई लाख पदों की प्रमोशन प्रक्रिया में से 1 लाख पूरी हो चुकी है। इससे कर्मचारियों में उत्साह बढ़ा है।



अगले 5 साल का बड़ा लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 20 साल में जितना काम हुआ, अगले पांच साल में उससे कई गुना ज्यादा काम होगा। ऊर्जा क्षमता और ग्रीन एनर्जी तेजी से बढ़ाई जाएगी। अमरकंटक ताप विद्युत गृह की नई इकाइयां भी बढ़ाई जाएंगी। सरकार उद्योग, श्रमिक और देश तीनों का हित साथ लेकर चल रही है।



कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर ने की।



यह खबरें भी पढ़ें...



राहुल गांधी की की टीम ने ली मप्र के मुद्दों की लिस्ट, बालाघाट, सिंगरौली, छिंदवाड़ा सागर और भागीरथपुरा भी



रिश्वतखोरी में एमपी की महिलाएं भी पीछे नहीं, इंदौर के आंकड़े चौंकाने वाले



एमपी में लर्निंग लाइसेंस अब घर बैठे बनेगा, RTO जाने की जरूरत खत्म, जानें प्रोसेस



एमपी में 19 सितंबर को 7500 मेधावी छात्रों को मिलेगी स्कूटी, जानें नियम और शर्ते



Tags:
  • मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
  • ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट
  • अमरकंटक
  • सौर ऊर्जा
  • किसान कल्याण वर्ष