सीएम मोहन यादव ने 60 मेगावाट जलूद सोलर पावर प्लांट का किया लोकार्पण, कांग्रेस को भी घेरा

Sanjay Gupta | Apr 29, 2026, 20:36 IST
cm mohan yadav
INDORE: सीएम डॉ. मोहन यादव ने बुधवार 29 अप्रैल को जलूद में सोलर पावर प्लांट का लोकार्पण किया। नगर निगम इंदौर द्वारा ग्रीन बांड जारी कर इसके लिए 244 करोड़ की राशि जुटाई थी। वहीं सीएम ने कांग्रेस को भी जमकर घेरा।

सीएम मोहन यादव बुधवार को इंदौर नगर निगम के जलूद में स्थापित सोलर पावर प्लांट के लोकार्पण के लिए पहुंचे। सीएम ने इस प्लांट को बिजली का आशीर्वाद बताया। इससे करोड़ों रुपए बचेंगे। सीएम ने कहा कि इस तरह के प्रोजेक्ट अन्य नगर निगम को भी लाना चाहिए। कार्यक्रम में मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी, राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह के साथ ही अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।



solar power plant


इस तरह बचेंगे हर माह 4 से 5 करोड़

जलूद से इंदौर में पानी लाने में अभी नगर निगम इंदौर को हर साल औसतन 22 करोड़ रुपए की बिजली लगती है। लेकिन इस प्लांट से अब औसतन हर माह 4 से 5 करोड़ की बिजली की बचत होगी। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इस प्लांट को बनाने में 300 करोड़ लगे। इतनी राशि नहीं थी निगम के पास, इसके लिए सीएम ने मदद की और हमने ग्रीन बांड लांच किया।



इसमें देश भर के लोगों ने जनभागीदारी की और 244 करोड़ रुपए के बांड लिए। महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त आईएएस क्षितिज सिंघल ने बताया कि सोलर प्लांट ट्रायल के दौरान मार्च महीने में ही पंपिंग स्टेशन के बिजली खर्च में लगभग 3.64 करोड़ रुपए की बचत दर्ज की गई है।



solar power plant


सीएम ने कांग्रेस को तीन मुद्दों पर घेरा

वहीं सीएम ने इस मौके पर कांग्रेस को तीन मुद्दों पर जमकर घेरा। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम, गेहूं खरीदी और दिग्विजय सिंह के कार्यकाल में बिजली की तंगी पर तंज कसे।



  • सीएम ने कहा कि बहनों को आरक्षण देने की बात आई तो कांग्रेसियों ने अड़ंगे अड़ाने का काम किया। यह कभी सीधे नहीं चलते हैं, उलटे काम करते हैं। ध्यान रखना अपना भी टाइम आएगा। एक-एक चीज का हिसाब किया जाएगा।
  • सीएम ने पावर प्लांट को लेकर कहा कि वह दिन भी था जब कांग्रेस ने देश और प्रदेश को अंधेरे में डुबा दिया था। रात-रात भर बिजली नहीं आती थी। ना सड़क थी। कहते थे गांव में सड़क की क्या जरूरत है। वहां तो बैलगाड़ी चलती है। डामर पिछलने से बैल को समस्या होगी। इन कांग्रेसियों का दिमाग सही नहीं है। यह सावन के अंधे हैं। केवल सत्ता बचाने का काम करते हैं। कांग्रेस ने पाप किया।
  • वहीं सीएम ने कृषि कल्याण वर्ष पर किए जा रहे कामों की जानकारी दी। फिर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि जब मप्र बना तब कांग्रेस गेहूं के भाव 100 रुपए प्रति क्विटंल देती थी, दिग्विजय सिंह के समय यह 400 तक हुआ। लेकिन जब बीजेपी की सरकार बनी तो उमा भारती, बाबूलाल गौर, शिवराज सिंह चौहान और हमारी सरकार ने 2100 रुपए भाव बढाए और अब 2625 रुपए में गेंहू खरीद रहे हैं।

ये खबरें भी पढ़ें...

डेली कॉलेज चुनाव के लिए कुल 11 उम्मीदवारों ने भरा नामांकन फार्म, ये हैं नाम



दस्तावेज सत्यापन में चयनित प्राइमरी टीचर्स को इंदौर हाईकोर्ट से मिली बड़ी राहत



सोनम रघुवंशी नहीं आ सकेगी इंदौर, 50 हजार बांड और इन शर्तों पर मिली बेल



इंदौर में गर्मी से खतरनाक स्तर पर यूवी इंडेक्स, सुबह 11 से दोपहर 3:30 तक रेडिएशन ज्यादा



Tags:
  • सीएम मोहन यादव
  • इंदौर नगर निगम
  • इंदौर
  • पुष्यमित्र भार्गव
  • आईएएस क्षितिज सिंघल
  • सोलर पावर प्लांट