कांग्रेस पार्षद रूबीना बोली- चिंटू ने पूरी मुस्लिम कौम को टारगेट किया, मुझे आ गया ओवैसी की पार्टी से न्यौता

Sanjay Gupta | Apr 09, 2026, 19:15 IST
Photograph: (THESOOTR)
INDORE. इंदौर के नगर निगम बजट सत्र में शुरू हुआ वंदे मातरम विवाद बढ़ता जा रहा है। जैसा कि द सूत्र' ने बताया था, कांग्रेस हिंदू-मुस्लिम दो फाड़ में बंट रही है। अब पार्षद रूबीना इकबाल खान ने कहा कि शहराध्यक्ष चिंटू चौकसे ने मुस्लिम कौम को टारगेट किया है।

इंदौर में कांग्रेस की जमकर भद पिट रही है। नगर निगम बजट सत्र में बीजेपी को घेरने उतरी कांग्रेस अपनों से ही घिर गई है। कांग्रेस पार्षद फौजिया शेख अलीम के वंदे मातरम बोलने से इंकार से शुरू हुआ विवाद पार्षद रूबीना इकबाल खान तक पहुंचा।



अब इसने पूरी कांग्रेस को घेर लिया है। शहराध्यक्ष चिंटू चौकसे ने उधर वंदे मातरम को कांग्रेस के हर कार्यक्रम में अनिवार्य कर दिया है। रूबीना को पार्टी से निष्कासित करने का प्रस्ताव भी पीसीसी जीतू पटवारी को भेज दिया गया है।



रूबीना बोली- मुझे आ गया ओवैसी पार्टी से न्यौता

रूबीना इकबाल खान ने गुरुवार को इस विवाद पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जबरदस्ती वंदे मातरम नहीं कहलवाया जा सकता है। चिंटू चौकसे कौन होते हैं मुझे पार्टी से बाहर करने वाले, यह उनकी नहीं राहुल गांधी की पार्टी है। मुझे पीसीसी से लेटर आएगा तो बात रखूंगी।



मुझे तो ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम से न्यौता आ गया है। यह सारे बुके उनकी ओर से ही आए हैं। कांग्रेस को हमारी कदर हो या नहीं हो, लेकिन दूसरी पार्टी को हमारी कदर है।



हां बोला था कांग्रेस पार्टी भाड़ में जाए

रूबीना इकबाल खान ने माना कि उन्होंने कहा था कि कांग्रेस पार्टी भाड़ में जाए। वहीं वंदे मातरम पर यह भी कहा कि किसी के बाप में ताकत नहीं कि जबरदस्ती वंदे मातरम कहलवा दें।



रूबीना ने सफाई देते हुए कहा कि जब 60-60 लोग अकेली औरत को घेरे हों और इस तरह के नारे लगा रहे हों कि जूते मारो सालों को, वंदे मातरम कहना होगा, तो चिढ़ आ जाती है। यह गुस्से में बोला गया था, ऐसा नहीं बोलना था।



चिंटू ने मुस्लिम कौम को टारगेट किया

रूबीना इकबाल ने कहा कि चिंटू चौकसे ने पूरी मुस्लिम कौम को टारगेट किया है। जब हमारे धर्म में अल्लाह के सिवा अन्य की इबादत नहीं है, तो फिर कैसे करेंगे। लेकिन चिंटू ने आदेश दे दिया, धौंस दी कि कांग्रेस के कार्यक्रम में वंदे मातरम् कहना होगा। मैं इस मामले में चिंटू की शिकायत करूंगी। चिंटू का मतलब है कि उन्हें मुसलमानों की जरूरत नहीं है। वह नाव में बैठकर छेद कर रहे हैं।



हम नौ मुस्लिम पार्षद हैं, कांग्रेस के पास है क्या

वहीं उन्होंने कहा कि हम निगम में 9 मुस्लिम पार्षद हैं। हमें केवल उपयोग किया जाता है। हम नहीं रहेंगे तो फिर यही रहेंगे चार-पांच। चिंटू की हम राहुल गांधी से शिकायत करेंगे और पार्टी स्तर पर भी बात रखेंगे।



कब तक सबूत देंगे कि देश से मुहब्बत करते हैं

रूबीना यहीं नहीं रुकीं। वह कांग्रेस प्रवक्ता केके मिश्रा के पाकिस्तान जाने वाले बयान पर भी नाराज दिखीं। उन्होंने कहा कि वह चले जाएं इजरायल। हमें कब तक सबूत देना होगा कि हम देश से मुहब्बत करते हैं। इस देश में आस्था रखते हैं।



ये खबरें भी पढ़ें...



इंदौर वंदे मातरम विवाद में ज्ञापन देने गिनती के बीजेपी पार्षद पहुंचे, फौजिया, रूबीना को बाहर करने की मांग



इंदौर में उबुद का फ्लाइंग रेस्टोरेंट बंद, संचालक ने हाईकोर्ट में लगाए ब्लैकमेलिंग के आरोप



MPPSC असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती में बचे हुए विषय के इंटरव्यू मई के बाद ही संभव, इस तरह करेंगे



पार्षद फौजिया, रुबीना के वंदे मातरम् विवाद से कांग्रेस हिंदू-मुस्लिम में बंटी, शहराध्यक्ष चौकसे ने भी किया अनिवार्य





Tags:
  • कांग्रेस पार्षद
  • नगर निगम
  • बजट सत्र
  • वंदे मातरम
  • पार्षद रूबीना इकबाल खान
  • चिंटू चौकसे