दतिया उपचुनाव: ऑपरेशन सेंध शुरू? भाजपा की नजर अब ब्राह्मण-कुशवाहा वोट बैंक पर

Ramanand Tiwari | Jul 20, 2026, 08:30 IST
Photograph: (THESOOTR)
BHOPAL. दतिया में कांग्रेस पारिवारिक सदस्य गोविंद राहुल देव सिंह भाजपा में शामिल हो गए हैं। अब भाजपा का नया चुनावी फार्मूला ब्राह्मण, कुशवाह वोटों पर केंद्रित रहेगा।

समझें क्या है पूरा मामला...

  • कांग्रेस प्रत्याशी के पारिवारिक सदस्य गोविंद राहुल देव सिंह भाजपा में शामिल हुए।
  • चार दर्जन से अधिक समर्थकों ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
  • नामांकन विवाद को लेकर उन्होंने पहले शिकायत भी दर्ज कराई थी।
  • राजनीतिक हलकों में पहले से भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं थीं।
  • ठाकुर वोटों के संभावित समीकरण को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं।

दतिया में भाजपा का नया चुनावी फार्मूला, क्या 'ऑपरेशन सेंध' पलटेगा पूरा उपचुनाव? दतिया उपचुनाव में भाजपा ने अब चुनावी प्रचार के साथ सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों पर भी बड़ा दांव खेलना शुरू कर दिया है।



कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह के पारिवारिक सदस्य महाराज गोविंद राहुल देव सिंह के भाजपा में शामिल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इससे ठाकुर वोटों में सेंध लगेगी और घनश्याम सिंह की चुनावी राह मुश्किल होगी?



इसी बीच सूत्रों के अनुसार भाजपा की नजर अब ब्राह्मण और कुशवाह समाज के प्रभावशाली नेताओं पर भी है। यदि चुनाव से पहले इन वर्गों के कुछ बड़े चेहरे भाजपा के साथ आते हैं तो दतिया का चुनावी गणित बदल सकता है। हालांकि, इसका वास्तविक असर मतदान के नतीजों से ही स्पष्ट होगा।



भाजपा ने दिया बड़ा राजनीतिक संदेश

होटल प्राक्षी स्थित मीडिया सेंटर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा की मौजूदगी में गोविंद राहुल देव सिंह भाजपा में शामिल हुए। उनके साथ शिवसेना जिला अध्यक्ष रवि दीक्षित, समाजसेवी विष्णु दीक्षित और चार दर्जन से अधिक समर्थकों ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।



शिकायत से शुरू हुआ घटनाक्रम, फिर एंट्री

यह राजनीतिक घटनाक्रम अचानक नहीं माना जा रहा। पिछले सप्ताह गोविंद राहुल देव सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह के नामांकन को लेकर कलेक्टर के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने निर्वाचन दस्तावेजों में दी गई जानकारी पर सवाल उठाए थे।



प्रशासन ने अपने अधिकार क्षेत्र के अनुसार प्रक्रिया पूरी की और मामला आगे निर्वाचन आयोग के स्तर तक जाने की स्थिति बनी। उसी समय राजनीतिक हलकों में यह चर्चा शुरू हो गई थी कि गोविंद राहुल देव सिंह जल्द भाजपा में शामिल हो सकते हैं। अब उनकी सदस्यता के बाद उस चर्चा को नया आधार मिल गया है।



ब्राह्मण, कुशवाह समीकरण साधने की तैयारी

सूत्रों के अनुसार भाजपा की रणनीति यहीं रुकने वाली नहीं है। चर्चा है कि पार्टी अब कांग्रेस के प्रभाव वाले ब्राह्मण और कुशवाहा समाज के कुछ प्रभावशाली नेताओं से भी संपर्क बनाए हुए है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि इन वर्गों के प्रमुख चेहरे भाजपा के साथ आते हैं तो सामाजिक समीकरण बदल सकते हैं।



साथ ही सबसे बड़ी चर्चा इस बात की भी है कि क्या गोविंद राहुल देव सिंह की एंट्री ठाकुर वोटों के समीकरण को प्रभावित करेगी। फिलहाल यह राजनीतिक विश्लेषण का विषय है और इसका अंतिम जवाब चुनाव परिणाम ही देंगे।



नरोत्तम फैक्टर के बाद सोशल इंजीनियरिंग पर फोकस

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने के बाद भाजपा का प्रदेश संगठन किसी भी सामाजिक वर्ग में असंतोष की गुंजाइश नहीं छोड़ना चाहता। इसी रणनीति के तहत अलग-अलग सामाजिक वर्गों के प्रभावशाली चेहरों को साथ जोड़ने की कवायद तेज होती दिखाई दे रही है।



कांग्रेस के सामने बढ़ सकती है नई चुनौती

यदि कांग्रेस के प्रभाव वाले नेताओं का भाजपा में शामिल होने का सिलसिला आगे भी जारी रहता है तो इसका असर बूथ स्तर के संगठन और वोट ट्रांसफर पर पड़ सकता है।



ऐसी स्थिति में कांग्रेस के सामने चुनाव प्रचार के साथ अपने पारंपरिक सामाजिक आधार और वोट बैंक को एकजुट बनाए रखने की भी चुनौती होगी।



भाजपा का आधिकारिक पक्ष

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा कि पार्टी अपनी तय रणनीति के तहत काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का पूरा संगठन दतिया से पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटा हुआ है और संगठन अपनी नीति और रीति के अनुसार ही निर्णय लेता है।



ये खबरें भी पढ़ें...



दतिया उपचुनाव में नया लीगल कार्ड'! महाराज गोविंददेव की शिकायत से बदलेगा चुनावी खेल?



दतिया उपचुनाव का मुकाबला दो दलों का नहीं, 21 उम्मीदवारों ने बदला पूरा गणित



दतिया उपचुनाव: SIR में 7,239 वोटर्स हुए कम, 2023 में इतना ही था कांग्रेस जीत का अंतर



दतिया उपचुनाव में किन्नर अखाड़े की एंट्री, महामंडलेश्वर संजना सिंह लड़ेंगी चुनाव





Tags:
  • कांग्रेस
  • नरोत्तम मिश्रा
  • चुनाव प्रचार
  • आशीष अग्रवाल
  • ब्राह्मण
  • भाजपा
  • दतिया उपचुनाव
  • आशुतोष तिवारी
  • गोविंद राहुल देव सिंह