इंदौर में धमकियों के बीच दिलजीत के शो का क्रेज कम, गोल्ड और फैनपिट टिकट गैलरी में यह गलती
दिलजीत दोसांझ के लाइव कॉन्सर्ट से पहले लगातार बम की धमकी भरे ई-मेल मिल रहे हैं। गुरुवार को मेयर सचिवालय और तीन बैंकों को धमकी भरे ई-मेल मिले। बम निरोधक दस्ते ने भी जांच की है।
ई-मेल में दिलजीत दोसांझ कॉन्सर्ट के दौरान बम धमाके की चेतावनी दी गई है। साथ ही अभिभावकों से अपने बच्चों को कॉन्सर्ट में नहीं भेजने की बात कही गई। पुलिस को आशंका है दहशत फैलाने के उद्देश्य से ये फर्जी धमकी भरे ई-मेल भेजे जा रहे हैं। उधर कॉन्सर्ट को लेकर शहर में इस बार क्रेज नहीं दिख रहा है।
इस बार 40 हजार की क्षमता रखी
दिसंबर 2024 में हुए दिलजीत शो में टिकट को लेकर भारी मारामारी हुई थी। तब टिकट की क्षमता 25 से 30 हजार के बीच ही रखी गई थी। इस दौरान 25 हजार टिकट बिके थे। वहीं इस बार मैदान की क्षमता को बढ़ाकर 40 हजार दर्शक की रखी गई है। लेकिन अभी तक करीब 13-14 हजार टिकट ही बिकने की खबर है।
दिलजीत शो में इस बार टिकटों के दाम कितने हैं?
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के लिए टिकटों की चार कैटेगरी रखी गई हैं। सबसे सस्ता सिल्वर टिकट 3 हजार 499 रुपए का है। गोल्ड टिकट 7 हजार 499 रुपए, फैनपिट 12 हजार 499 रुपए और रूपे लाउंज का टिकट 14 हजार 999 रुपए का है। मैदान में सबसे ज्यादा जगह गोल्ड कैटेगरी को दी गई है, जबकि सिल्वर टिकट वालों के लिए सबसे पीछे जगह रखी गई है।
गोल्ड और फैनपिट में कर दी चूक
इस बार आयोजकों ने टिकट के हिसाब से जगह तय करने में भी चूक की है। स्टेज के एक तरफ 12 हजार 499 रुपए वाला फैनपिट सेक्टर है, तो दूसरी तरफ 7 हजार 499 रुपए वाला गोल्ड सेक्टर बनाया गया है।
गोल्ड सेक्टर पीछे तक फैला है। ऐसे में गोल्ड टिकट लेकर आगे खड़े होने वालों को भी स्टेज के पास उतनी ही अच्छी जगह मिलेगी, जितनी फैनपिट का महंगा टिकट खरीदने वालों को।
ई-मेल अकाउंट हैक कर भेजी धमकियां
वहीं धमकी वाले ई-मेल को लेकर पुलिस को जांच में देवास निवासी निजी कंपनी में काम करने वाले निखिल गुप्ता का नाम मिला है। निखिल का ई-मेल अकाउंट मार्च-अप्रैल में हैक हो गया था। तकनीकी जांच में दो विदेशी आईपी एड्रेस और वीपीएन का इस्तेमाल सामने आया है। अमेरिका का एक संदिग्ध आईपी एड्रेस भी शामिल है।
बीते आयोजन में भरा था 65 लाख टैक्स
दिसंबर 2024 में हुए दिलजीत के शो के लिए आयोजकों ने नगर निगम को 65 लाख रुपए टैक्स दिया था। इसके आधार पर निगम ने अगस्त 2026 में एनओसी भी जारी कर दी। हालांकि, आयोजकों की हाल ही में जारी ऑडिट रिपोर्ट के मुताबिक, 2024 के इंडिया टूर से टिकट बिक्री में 221 करोड़ रुपए की कमाई हुई थी।
इसमें इंदौर के शो से करीब 16 करोड़ रुपए के टिकट बिकने की बात सामने आई। इस हिसाब से करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपए टैक्स बनता था, लेकिन आयोजकों ने सिर्फ 65 लाख रुपए ही जमा किए।
FAQs:
- दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के दौरान बम धमाके की चेतावनी क्यों आई है?
दिलजीत दोसांझ के लाइव कॉन्सर्ट से पहले मेयर सचिवालय और तीन बैंकों को धमकी भरे ई-मेल मिले हैं, जिसमें कॉन्सर्ट के दौरान बम धमाके की चेतावनी दी गई है। - इस बार दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के लिए टिकटों की कीमतें कितनी हैं?
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में चार कैटेगरी के टिकट हैं: सिल्वर टिकट 3 हजार 499 रुपए, गोल्ड टिकट 7 हजार 499 रुपए, फैनपिट 12 हजार 499 रुपए और रूपे लाउंज का टिकट 14 हजार 999 रुपए का है। - दर्शकों की संख्या को लेकर इस बार क्या समस्या है?
इस बार दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के लिए मैदान की क्षमता 40 हजार दर्शकों की रखी गई है। लेकिन अब तक केवल 13-14 हजार टिकट ही बिके हैं।