एमपी में खौफनाक वारदात: तुम्हारी बलि दूंगा कहकर बच्चे पर चाकू से नौ वार, मरा समझ जंगल में छोड़ा

Arohi Raj | Oct 23, 2026, 12:03 IST
ग्वालियर में नरबलि के बहाने बच्चे को जंगल में ले गया। उसपर चाकू से हमला किया। घटना के बाद आरोपी फरार है।
मध्यप्रदेश के ग्वालियर में 14 साल के एक बच्चे की नरबलि देने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसी उसे झांकी दिखाने के बहाने जंगल में ले गया। वहां उसने बच्चे पर नौ बार चाकू से हमला किया। इसके बाद वह बच्चे को मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गया। घटना 18 अक्टूबर की बताई जा रही है।

झांकी दिखाने के बहाने बच्चे को ले गया

मामला करहिया थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि रिठौदन गांव के रहने वाले विक्की गौड़ ने घटना को अंजाम दिया है। परिजनों के मुताबिक, आरोपी विक्की गौड़ ने बच्चे को झांकी दिखाने के बहाने ले गया था। वह बच्चे को बाइक पर बैठाकर गोलेश्वर मंदिर की पहाड़ी की ओर पहुंचा। शुरुआत में बच्चा को किसी अनहोनी का अंदाजा नहीं हुआ। लेकिन जंगल पहुंचते ही पूरा मामला बदल गया।



'तुम्हारी बलि दूंगा' कहकर चाकू से किया हमला

पीड़ित के मुताबिक, उसने आरोपी से उसे वहां लाने की वजह पूछी। इस पर आरोपी ने कहा कि वह उसकी बलि देना चाहता है। इसके बाद आरोपी ने चाकू निकालकर उसपर हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपी ने निशांत के गले पर चार वार किए। उसके माथे और शरीर के दूसरे हिस्सों पर भी चाकू से हमला किया। कुल मिलाकर बच्चे पर नौ बार वार किए गए। हमले में निशांत गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया। बताया जा रहा है कि हमले के दौरान चाकू भी टूट गया। इसके बाद आरोपी निशांत को मरा हुआ समझकर जंगल में छोड़कर भाग गया।



खून से लथपथ हालत में घर पहुंचा बच्चा

जानकारी के मुताबिक, बच्चा कई घंटे तक जंगल में पड़ा रहा। देर रात उसे होश आया। इसके बाद वह घायल अवस्था में घर पहुंचा। बच्चे को खून से लथपथ देखकर परिवार घबरा गया। उसे तुरंत अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। ।



परिजन घायल बच्चे को लेकर एसपी ऑफिस पहुंचे

परिजनों का आरोप है कि पुलिस को सूचना देने के बाद भी शुरुआत में उचित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित परिवार बच्चा को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा। वहां उन्होंने शिकायत दर्ज कराई। निशांत ने आरोप लगाया कि हमले के दौरान आरोपी ने धमकी दी थी। उसके मुताबिक, आरोपी ने कहा कि वह उसकी बलि देने के बाद उसके भाई को भी मार देगा। आरोपी ने रामबरन नाम के एक अन्य युवक की बलि देने की बात भी कही थी।



पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी

देहात के एएसपी जयराज कुबेर ने बताया कि करहिया थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी की पहचान विक्की गौड़ के रूप में हुई है। फिलहाल वह फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच में हमले की असली वजह का पता लगाया जाएगा। साथ ही, आरोपी की मंशा की भी जांच की जाएगी।



FAQs



  1. इस घटना में क्या हुआ है?
    ग्वालियर के करहिया थाना क्षेत्र में एक पड़ोसी ने बच्चे निशांत को झांकी दिखाने का बहाना बनाकर जंगल ले जाकर चाकू से वार किया। आरोपी विक्की गौड़ ने बच्चे पर कुल नौ बार वार किए।
  2. बच्चा कैसे बचा और उसकी हालत क्या थी?
    निशांत कई घंटों तक जंगल में पड़ा रहा और बाद में किसी तरह घर पहुंचा। वह गंभीर रूप से घायल था और खून से लथपथ हालत में परिजनों के पास पहुंचा, जिन्होंने उसे तुरंत अस्पताल ले जाया।
  3. पुलिस ने इस मामले में क्या कार्रवाई की है?
    पुलिस ने विक्की गौड़ के खिलाफ केस दर्ज किया है, लेकिन आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत भी दर्ज कराई है।
Tags:
  • ग्वालियर नरबलि मामला
  • किशोर पर चाकू से हमला
  • करहिया थाना पुलिस
  • ग्वालियर क्राइम न्यूज
  • मध्य प्रदेश क्राइम न्यूज
  • एफआईआर दर्ज
  • Gwalior news
  • Gwalior crime news
  • MP crime news
  • Gwalior police FIR