शिक्षिका के प्राइवेट पार्ट्स पर मारे मुक्के: चीखती रही महिला टीचर, पीटता रहा प्रिंसिपल

Amresh Kushwaha | Jun 24, 2026, 14:13 IST
ग्वालियर में प्रिंसिपल की शर्मनाक करतूत
ग्वालियर के शासकीय कॉलेज के प्रिंसिपल पर एक महिला टीचर को बेरहमी से पीटने का आरोप है। पीड़िता ने SP कार्यालय में शिकायत दी है। CSP ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।

समझें क्या है पूरा मामला...

  • ग्वालियर के शासकीय कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य पर मारपीट का आरोप है।
  • एमएड ट्रेनिंग ले रही महिला टीचर को बुरी तरह पीटा गया।
  • मुंह, सीने और प्राइवेट पार्ट्स पर मुक्के मारने का आरोप है।
  • पीड़िता ने SP ऑफिस में लिखित शिकायत दी है।
  • CSP ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक सरकारी कॉलेज से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां के प्रभारी प्राचार्य आदर्श पंडित पर एक महिला शिक्षिका को बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है। पीड़िता मुरैना जिले में माध्यमिक शिक्षक हैं। साथ ही, एमएड (Master of Education) की डिग्री के लिए इसी कॉलेज में ट्रेनिंग ले रही थीं।



घटना सोमवार, 22 जून की दोपहर की बताई जा रही है। शिक्षिका के मुताबिक प्राचार्य ने कॉलेज परिसर के अंदर ही उन पर हमला किया। उन्होंने मुंह, सीने और प्राइवेट पार्ट्स पर मुक्के मारे। बाल खींचे और कपड़े फाड़ने की कोशिश की। मारपीट इतनी तेज थी कि शिक्षिका के मुंह से खून निकलने लगा और वह दर्द से तड़पती हुई जमीन पर गिर गईं।



कोर्ट के आदेश से मिली थी ट्रेनिंग

पीड़िता की कहानी यहीं से शुरू होती है। शिक्षिका एमएड की डिग्री के लिए इस कॉलेज में ट्रेनिंग लेना चाहती थीं। वहीं, कॉलेज प्रबंधन ने शुरू में उन्हें प्रशिक्षण देने से मना कर दिया था।



इसके बाद शिक्षिका ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें उसी कॉलेज में दाखिला मिला था। माना जा रहा है कि इसी बात को लेकर प्रभारी प्राचार्य उनसे नाराज चल रहे थे।



8a897377-69f

अटेंडेंस को लेकर था विवाद

शिक्षिका ने अपनी शिकायत में बताया कि विवाद की एक बड़ी वजह ऑनलाइन अटेंडेंस भी थी। शासन के निर्देशों के मुताबिक वह ऑनलाइन हाजिरी दर्ज कर रही थीं। वहीं, प्रभारी प्राचार्य उन पर रजिस्टर में अटेंडेंस लगाने का दबाव बनाते थे। शिक्षिका ने इससे इनकार किया और यह तनाव बढ़ता गया।



शिकायत में यह भी कहा गया कि प्राचार्य ने उनके साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया। उन्हें बार-बार परेशान किया गया। हमले से पहले अपशब्द भी कहे गए और धमकाया भी गया।



d8093cd7-01f

112 पर कॉल, पर FIR में सिर्फ मारपीट

हमले के बाद शिक्षिका ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया था। पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें थाने ले गई। वहीं, पीड़िता का आरोप है कि थाने में पूरे मामले की FIR दर्ज करने के बजाय केवल मारपीट का मामला लिखा गया है। उन्हें लगा कि घटना की गंभीरता को नजरअंदाज किया गया है।



घटना के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें शिक्षिका रोती हुई, घायल अवस्था में जमीन पर दिख रही हैं। मुंह से खून निकलता साफ नजर आ रहा है।



SP ऑफिस में दी शिकायत

मंगलवार, 23 जून की शाम पीड़िता अपने पति के साथ पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंचीं। वहां उन्होंने लिखित शिकायत दी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। ग्वालियर SP ने यह फाइल हजीरा थाना प्रभारी को भेज दी है।



उल्लेखनीय है कि प्रभारी प्राचार्य आदर्श पंडित के खिलाफ महिला उत्पीड़न से जुड़े कुछ मामले पहले से लंबित बताए जा रहे हैं। इससे पीड़िता के आरोपों को और गंभीरता से लिया जा रहा है।



b078bac2-fd7

प्रिंसिपल का फोन बंद

शिकायत दर्ज होने के बाद से आरोपी प्रभारी प्राचार्य आदर्श पंडित का फोन लगातार बंद आ रहा है। अभी तक उनकी तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है।



CSP बोले, जांच होगी

CSP नागेंद्र सिंह सिकरवार ने कहा है कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई होगी। फिलहाल मामला जांच के दायरे में है और आरोपी पक्ष का बयान अभी आना बाकी है।



ये खबरें भी पढ़िए...



ग्वालियर के जनकगंज थाने में ASI का रिश्वत लेते वीडियो वायरल, SP ने किया लाइन अटैच



MP News | ग्वालियर में चोरी के शक में पड़ोसी ने दी 8 साल की बच्ची को मौत की सजा!



ग्वालियर में पत्नी से डरा पति पहुंचा पुलिस के पास, एसएसपी से लगाई जान की गुहार



मध्यप्रदेश: ग्वालियर नगर निगम में फर्जीवाड़ा: दादा को पिता बताकर ली अनुकंपा नियुक्ति



Tags:
  • MP News
  • मध्यप्रदेश
  • ग्वालियर
  • डायल 112
  • पुलिस अधीक्षक