पत्नी को कैंसर है, तुमसे शादी करूंगा, इंस्पेक्टर ने किया महिला का 3 साल शोषण
समझें क्या है पूरा मामला
- ग्वालियर STF इंस्पेक्टर पर गंभीर आरोप लगे हैं।
- महिला ने शादी का झांसा देने की शिकायत की।
- शिकायत में तीन साल शोषण का आरोप है।
- महिला थाना पुलिस ने केस दर्ज किया।
- मामले से पुलिस विभाग में हलचल बढ़ी।
ग्वालियर में STF इंस्पेक्टर आनंद कुमार जाटव के खिलाफ महिला ने गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि शादी का झांसा देकर तीन साल तक उसका यौन शोषण किया गया। शिकायत में पत्नी को कैंसर होने की बात कहकर शादी का भरोसा देने का आरोप लगाया गया है। महिला थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
केस से शुरू हुई पहचान
पीड़िता के अनुसार उसकी मुलाकात आनंद कुमार जाटव से 2022 में हुई थी। उस समय वह अपने पति से जुड़े एक केस से जूझ रही थी। आनंद उस दौरान थाटीपुर थाने में एसआइ के पद पर तैनात थे।
पीड़िता का आरोप है कि आनंद ने केस खत्म कराने का भरोसा दिलाकर उससे मोबाइल नंबर लिया। इसके बाद फोन पर लगातार बातचीत शुरू हुई। धीरे-धीरे आनंद ने उसे शादी करने का वादा किया।
पत्नी की बीमारी का झूठा हवाला
पीड़िता के मुताबिक वह पति से अलग होकर किराए के कमरे में रहती थी। 10 अक्टूबर 2022 की रात करीब 11 बजे आनंद पहली बार उसके कमरे पर पहुंचे। महिला ने देर रात होने की वजह से उन्हें जाने को कहा, लेकिन आनंद ने मना कर दिया।
आरोप है कि आनंद ने उस रात कहा कि उनकी पत्नी को कैंसर है और वह जल्द ही नहीं रहेंगी। उन्होंने पत्नी की मृत्यु के बाद महिला से शादी करने का वादा किया। इसी झांसे में महिला के साथ संबंध बनाए गए।
किराए का कमरा और तबादला
पीड़िता के अनुसार आनंद ने उसे एक परिचित सिपाही के मकान में किराए का कमरा दिलवाया था। अप्रैल 2025 तक आनंद वहां आते रहे और शादी का भरोसा देते रहे। इसी दौरान उसका शोषण जारी रहा।
बाद में आनंद जाटव का तबादला एसटीएफ विंग भोपाल में हो गया। पीड़िता का कहना है कि तबादले के बाद जब उसने शादी की बात दोहराई, तो आनंद ने साफ इनकार कर दिया।
धमकी और शिकायत
पीड़िता का आरोप है कि शादी से इनकार के बाद आनंद ने उसे धमकाया। कथित तौर पर कहा गया कि अगर उसने पुलिस से शिकायत की तो उसे जान से मार दिया जाएगा। इसके बावजूद महिला ने हिम्मत जुटाकर मामले की शिकायत की।
पुलिस की कार्रवाई
शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने इंस्पेक्टर आनंद कुमार जाटव के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। महिला थाना प्रभारी रश्मि सिंह भदौरिया ने पुष्टि की है कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें...
मध्य प्रदेश में कैंसर का कहर: हर दिन 133 की मौत, 80 हजार से ज्यादा मिले नए मरीज
रूंगटा यूनिवर्सिटी की नई खोज: 5-FU हाइड्रोजेल से त्वचा कैंसर का इलाज होगा आसान
कैंसर पीड़ित बच्ची के लिए सिर मुड़वाने वाली अफसर: जानिए सविता प्रधान की पूरी कहानी
कैंसर इंस्टीट्यूट जबलपुर का खुलासा, बिना स्मोकिंग के भी हो सकता है फेफड़ों का कैंसर