भोपाल-उज्जैन में अब विदेशों जैसी सैर, आ गई हो-हो बसें, एक ही टिकट में घूमें पूरा शहर
MP News. भोपाल और उज्जैन में पर्यटन को लुभाने के लिए मध्यप्रदेश सरकार ने एक शानदार पहल की है। अब यहां भी विदेशों और बड़े महानगरों की तर्ज पर हो-हो (HOHO) बसें चलेंगी।
मध्य प्रदेश भी अब उन खास जगहों की लिस्ट में शामिल होने जा रहा है। जहां पर्यटकों के लिए हॉप-ऑन हॉप-ऑफ (Hop-on Hop-off) यानी HOHO (हो-हो) बस सेवा शुरू की जा रही है। आइए जानते हैं क्या है यह सेवा और आपको इससे क्या फायदा होगा।
क्या होती है हो-हो बस?
हॉप-ऑन हॉप-ऑफ (HOHO) पर्यटक बस सेवा पर्यटन स्थलों की सैर कराती है। आपको निर्धारित स्टॉप पर उतरने और चढ़ने के लिए एक दिन का टिकट खरीदना होता है। एक बार टूर शुरू होने के बाद, आप किसी भी लैंडमार्क पर हॉप ऑफ (उतर) सकते हैं, वहां घूम सकते हैं और तैयार होने पर अगली आने वाली बस में हॉप ऑन (चढ़) सकते हैं। यात्रियों को बार-बार किराया देने की जरूरत नहीं होती।
डबल-डेकर और ओपन-टॉप का मजा
इस सेवा के लिए खास तौर पर डबल-डेकर बसें इस्तेमाल की जाएंगी। इन बसों की ऊपरी मंजिल खुली होगी, जिससे आप ऊपर बैठकर शहर की ताजी हवा और खूबसूरत नजारों का लुत्फ उठा सकेंगे।
इसके अलावा, विदेशी और अन्य राज्यों के पर्यटकों की सुविधा के लिए इसमें मल्टी-लैंग्वेज ऑडियो गाइड भी होगी, जो आपको उस जगह के इतिहास के बारे में बताती रहेगी। साथ ही, सफर के दौरान आप मुफ्त वाई-फाई का इस्तेमाल भी कर सकेंगे।
इन जगहों की कर सकेंगे सैर
MPT (मध्य प्रदेश पर्यटन) ने इसके लिए भोपाल और उज्जैन में खास स्टॉप्स बनाए हैं-
- भोपाल में: आप भीमबेटका, अपर लेक (बोट क्लब), ऐतिहासिक ताज-उल-मसाजिद, भदभदा पैलेस और वन विहार जैसे प्रमुख स्थानों की सैर इस बस से कर पाएंगे।
- उज्जैन में: बाबा महाकाल के दर्शन के साथ-साथ आप काल भैरव मंदिर, वेधशाला और क्षिप्रा नदी के खूबसूरत घाटों तक आसानी से पहुँच सकेंगे।
मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग का क्या कहना है?
मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग के पीआरओ (PRO) विकास खरे ने बताया कि इस बस सेवा का किराया बहुत ही किफायती रखा गया है। इसका मुख्य उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा देसी और विदेशी पर्यटकों को मध्य प्रदेश की ओर आकर्षित करना है। अक्सर पर्यटकों को शहर के अंदर एक जगह से दूसरी जगह जाने में काफी परेशानी और ज्यादा पैसा खर्च करना पड़ता था, लेकिन अब यह सफर बहुत आसान और मजेदार हो जाएगा।
ये खबरें भी पढ़ें...
सिंहस्थ से पहले उज्जैन में शुरु हो सकती है ई-बस सेवा, 10.75 करोड़ में बनेगा डिपो
पीएम ई-बस सेवा में इंदौर को सर्वाधिक 150 इलेक्ट्रिक AC बसें, अब हवा और होगी स्वच्छ
मोहन कैबिनेट की कर्मचारियों को सौगात, 3% महंगाई भत्ते को मिली मंजूरी
इंदौर में होटल, रेस्टोरेंट संचालकों ने की कमर्शियल गैस सिलेंडर की मांग, नहीं तो करेंगे बंद