इंदौर में पदस्थ अपर कलेक्टर श्यामेंद्र जायसवाल कहां हैं? संभागायुक्त ने जारी किया नोटिस
कहां हैं श्यामेंद्र जायसवाल ?
राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) के साल 2011 बैच के टॉपर श्यामेंद्र जायसवाल (Shyamendra Jaiswal)आजकल कहां हैं? वह वर्तमान पदस्थापना पर तीन-चार माह से गायब हैं। अपर कलेक्टर जायसवाल को लेकर यह जानकारी अब इंदौर संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार ने मांगी है। इस संबंध में औपचारिक रूप से पत्र जारी किया गया है।
यह पत्र जारी किया गया
भास्कर लाक्षाकार ने इंदौर कलेक्टर के जरिए श्यामेंद्र जायसवाल को यह पत्र जारी किया है। श्यामेंद्र सितंबर 2024 में नगर निगम इंदौर में अपर आयुक्त के पद से इंदौर उपायुक्त भू-अभिलेख के पद पर ट्रांसफर हुए थे। संभागायुक्त द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि ग्वालियर आयुक्त भू-संसाधन प्रबंधन द्वारा 19 जून 2026 के पत्र से आपकी नवीन पदस्थापना उपायुक्त भू-अभिलेख, इंदौर से उपायुक्त भू-संसाधन प्रबंधन कार्यालय, संभागीय आयुक्त इंदौर में की गई थी। इसके बाद भी आज तक आपके द्वारा अनुपस्थिति को लेकर कोई सूचना नहीं दी गई है। न ही अभी तक आप कार्यस्थल पर उपस्थित हुए हैं।
तीन दिन में जवाब नहीं तो कार्रवाई
पत्र में कहा गया है कि आपके द्वारा मध्य प्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। क्यों न आपके विरुद्ध विभागीय जांच की जाए। इस पत्र के संबंध में तीन दिन में अपना जवाब उपस्थित होकर अनिवार्य रूप से दें, नहीं तो एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।
श्यामेंद्र के अवकाश को लेकर जीएडी को पहले ही सूचना!
वहीं, इस संबंध में द सूत्र ने जब जायसवाल से बात करने की कोशिश की तो उनसे बात नहीं हो पाई। मिली जानकारी के मुताबिक ग्वालियर द्वारा जारी हुई नई पदस्थापना के आदेश के पहले से ही वे अवकाश पर हैं। अवकाश को लेकर जीएडी और ग्वालियर में पहले से ही साक्ष्य के साथ पूरी सूचना दी गई है।
पीएससी टॉपर रहे हैं जायसवाल
श्यामेंद्र जायसवाल ने मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) द्वारा आयोजित राज्य प्रशासनिक सेवा परीक्षा 2011 में टॉप (प्रथम रैंक) किया था। वह इंदौर में डिप्टी कलेक्टर, निगम इंदौर में अपर आयुक्त के साथ ही बैतूल में अपर कलेक्टर, हरदा के एसडीएम, जैसे कई अहम पदों पर अपनी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। साल 2024 में राज्य प्रशासनिक सेवा में हुए फेरबदल के तहत उन्हें इंदौर नगर निगम ( Indore Municipal Corporation) के अपर आयुक्त पद से उपायुक्त भू-अभिलेख (Land Records) इंदौर के पद पर स्थानांतरित किया गया था।
इधर इंदौर में नहीं हैं अपर कलेक्टर
उधर, इंदौर कलेक्टोरेट में अपर कलेक्टर स्तर के अधिकारियों की भारी कमी है। इंदौर में अपर कलेक्टर के पांच पद हैं। इनमें कहने को तीन अधिकारी पदस्थ हैं, लेकिन एक महिला अपर कलेक्टर स्वास्थ्य कारणों से लंबी छुट्टी पर हैं। यानी दो अधिकारियों के पास ही पूरा काम है। इस ट्रांसफर सूची में उम्मीद की जा रही थी कि एक या दो अपर कलेक्टर इंदौर को मिल जाएंगे, लेकिन एक भी नहीं मिला। वहीं, आईएएस ट्रांसफर सूची के साथ ही राज्य प्रशासनिक सेवा के तीन अपर कलेक्टर स्तर के अधिकारियों की भी ट्रांसफर लिस्ट आई, लेकिन इसमें भी इंदौर कलेक्टोरेट को अधिकारी नहीं मिले।