प्रेमानंद महाराज के प्रवचन का असर: 15 साल के बच्चे ने लिखी चिट्ठी- असली परिवार की खोज में जा रहा हूं
Indore. इंदौर की कृष्ण विहार कॉलोनी में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां रहने वाला 15 साल का एक किशोर बुधवार को अचानक लापता हो गया। घर छोड़ने से पहले उसने परिवार के नाम एक भावुक पत्र छोड़ा है। इस पत्र में उसने लिखा है कि वह संत प्रेमानंद जी महाराज के वचनों से प्रभावित होकर अपने असली परिवार की खोज में जा रहा है।
बच्चे के घर छोड़ने की वजह क्या बनीं
लापता बच्चे के पिता पेशे से ड्राइवर हैं। बुधवार 11 मार्च को दोपहर के समय उनका बेटा रोजाना की तरह क्रिकेट खेलने के लिए घर से निकला था। जब वह देर शाम तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई। घर की तलाशी लेने पर उन्हें एक पत्र मिला, जिसे पढ़कर सबके पैरों तले जमीन खिसक गई।
बच्चे ने लिखा मां, पापा, भैया और दादा… आज मैं अपने असली परिवार के पास जा रहा हूं। आप लोग कृपया रोइए मत और मुझे ढूंढने की कोशिश भी मत कीजिए। अब मैं अपने मां-पिता के साथ ही रहूंगा।
आप लोग यह मत समझना कि मैं किसी डांट-फटकार या रिजल्ट खराब होने की वजह से घर छोड़कर जा रहा हूं। मैं बस अपनी असलियत जान गया हूं। अगर आप जानना चाहते हैं कि वह असलियत क्या है, तो मेरे फोटो को देख लेना। उसमें प्रेमानंद जी महाराज के वचन लिखे हैं।
अब तक मैंने जो जीवन आपके साथ बिताया, वह पूरा हो गया है। मैंने एक दोस्त से 500 रुपए लिए हैं। कृपया उसे वापस कर देना। आप लोग घबराना मत, मैं जा रहा हूं। जय माता दी।
कैसे पता चला उसका सुराग
घर छोड़ते वक्त भी किशोर की ईमानदारी साफ दिखी। उसने पत्र में लिखा कि उसने अपने एक दोस्त से 500 रुपए उधार लिए हैं, जिसे परिवार वाले लौटा दें। हालांकि पुलिस जांच में एक बड़ा सुराग हाथ लगा है।
बच्चे की गूगल सर्च हिस्ट्री से पता चला है कि उसने देहरादून जाने वाली ट्रेन के बारे में जानकारी सर्च की थी। इसके अलावा वह इंस्टाग्राम पर उत्तराखंड की एक माताजी के भजन और प्रेमानंद जी महाराज के प्रवचन लगातार सुन रहा था।
भक्ति भाव में डूबा रहता था किशोर
परिजनों के मुताबिक, लड़का काफी समय से भक्ति भाव में लीन था। वह रोजाना मंदिर जाता था और शाम को करीब 2 घंटे माता रानी की सेवा करता था। इंदौर के बाणगंगा थाना प्रभारी मनोज सेंधव ने बताया कि पिता की रिपोर्ट पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। देहरादून और अन्य संबंधित पुलिस एजेंसियों को भी अलर्ट (Alert) भेज दिया गया है ताकि बच्चे को सकुशल बरामद किया जा सके।
यह खबरें भी पढ़ें...
भोपाल में EOW की कार्रवाई : 46,600 वर्गफीट 'स्कूल की जमीन' हड़पने वाले जिशान अली सहित कई पर FIR
MP News: MP में दूध बेचने वालों के लिए लाइसेंस जरूरी: मिलावट रोकने के लिए बड़ा कदम
सरकार की मंजूरी के लिए अटकी 8 अफसरों की करॅप्शन फाइल, EOW को 9 IFS के खिलाफ शिकायत की जांच की मनाही
ग्वालियर में फेरों के बाद दुल्हन ने तोड़ी शादी, खुला दूल्हे का राज