इंदौर में लहराते हुए दौड़ी DCP की कार, दो को टक्कर मारकर निकली
इंदौर में आम जनता पर ट्रैफिक को लेकर सख्ती दिखाने वाली पुलिस को अब एक डीसीपी (आईपीएस) की कार ने चुनौती दी है। डीसीपी नेमप्लेट लगी कार की कुछ फोटो सामने आई हैं, जिसने शनिवार, 05 सितंबर को परदेशीपुरा एरिया में एक बच्चे और एक बुजुर्ग को टक्कर मारी।
राहगीर ने पूरी घटना का किया खुलासा
मौके पर मौजूद राहगीरों ने ही इस घटना को अपने मोबाइल में कैद किया। डीसीपी की नेमप्लेट लगी कार नंबर एमपी 03 ए 8674 सड़क पर लहराते हुए दौड़ी। घटना के समय कार में दो पुलिसकर्मियों के मौजूद होने की बात कही जा रही है। राहगीरों का कहना है कि कार असामान्य तरीके से दौड़ रही थी।
इस तरह दो को मारी टक्कर
राहगीरों के मुताबिक घटना परदेशीपुरा थाना क्षेत्र की है। डीसीपी लिखी कार क्लर्क कॉलोनी की तरफ से आ रही थी। कार ने पहले सड़क पर साइकिल से जा रहे एक बच्चे को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बच्चा सड़क पर गिर गया, लेकिन कार नहीं रुकी और आगे बढ़ गई।
लहराते हुए उसने फिर एक्टिवा सवार बुजुर्ग को टक्कर मार दी। इससे वह बुजुर्ग गिर गया। कार को कुछ लोगों ने रोकने की सोची, लेकिन फिर डीसीपी लिखा हुआ देख पीछे हट गए। इसके बाद कार परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के कलश चौराहे से होते हुए भंडारी ब्रिज की ओर निकल गई। इस मामले में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इसकी जानकारी नहीं है, वह कार को लेकर पता करा रहे हैं।
पुलिस आम वाहन चालकों पर FIR भी कर रही
इंदौर पुलिस आम वाहन चालकों पर तो अब ट्रैफिक उल्लंघन पर एफआईआर भी कर रही है। हाल ही में सीपी संतोष सिंह के आदेश के बाद पुलिस ने गहन चेकिंग की और 11 वाहन चालकों पर ट्रैफिक के उल्लंघन के चलते केस दर्ज कराया।
इसमें आरोप है कि वाहन चालकों ने नियमों का उल्लंघन कर दूसरे लोगों का जीवन खतरे में डाला। इसमें कुछ वाहन चालक रॉन्ग साइड आ रहे थे, तो किसी ने रेड सिग्नल के बाद भी बीच चौराहे से वाहन निकाला था। अब पुलिस की खुद की कार पर क्या कार्रवाई होगी, इस पर सभी की नजरें हैं।
ये खबरें भी पढ़िए...
जहरीली शराब से 11 लोगों की मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मिथाइल मिला
स्वच्छता के बाद अब स्वच्छ हवा में भी इंदौर अव्वल, टॉप 3 में बनाई जगह
इंदौर के पिनाकल ग्रांड घोटाले में IAS की जांच में ये भी दोषी, पुलिस की FIR में ये नाम गायब
भोपाल के बाद इंदौर मेट्रो का टिकट सबसे महंगा, छूट का ऑफर, दूसरे चरण का उद्घाटन आज