इंदौर अग्निकांड कैसे हुआ, बड़ा सवाल, अब बिजली कंपनी ने सौरभ पुगलिया का दावा किया खारिज

Sanjay Gupta | Mar 20, 2026, 11:24 IST
indore fire incident pugalia family ev car charging short circuit investigation
इंदौर के बृजेशवरी कॉलोनी में हुए भयावह अग्निकांड में हुई आठ मौतों का कारण उलझ गया है। सौरभ पुगलिया ने दावा किया था कि ईवी कार से नहीं, बल्कि बिजली पोल के फॉल्ट से आग लगी। वहीं, बिजली कंपनी ने जांच के बाद इस दावे को खारिज कर दिया।

इंदौर में मनोज पुगलिया के परिवार में हुए अग्निकांड में 8 मौतों का कारण क्या है? यह सवाल अब उलझ गया है। पहले यह बात सामने आई थी कि ईवी कार चार्जिंग प्वाइंट के कारण आग लगी।



वहीं, 19 मार्च को पुगलिया के बड़े बेटे सौरभ पुगलिया ने बयान दिया कि ईवी कार तो चार्जिंग पर लगी ही नहीं थी, तो वहां से आग नहीं लगी। उनका कहना था कि आग बिजली के पोल से लगी और फिर इसके चलते नीचे खड़ी कार में आग लगी और घर में फैल गई। लेकिन इस मामले में अब बिजली कंपनी ने जांच के बाद इस दावे को खारिज कर दिया है।



बिजली कंपनी ने यह कहा

वहीं, इस मामले में बिजली कंपनी ने जांच के बाद सौरभ के दावे को खारिज किया है। एक्जीक्यूटिव इंजीनियर डीके तिवारी ने कहा कि यदि खंभे से शॉर्ट सर्किट होता तो उस ट्रांसफार्मर का फेस भी उड़ जाता, जहां से इस गली में बिजली आपूर्ति होती है।



जांच में यह सामने आया कि ट्रांसफार्मर बिल्कुल सही था, इसलिए हमने केवल उस गली की ही बिजली काटी और बाकी घरों में आपूर्ति जारी रही। पुगलिया के घर के मीटर का लोड 8 किलोवाट आया है और उनके यहां स्वीकृत लोड 14 किलोवाट था। यानी लोड बढ़ने की भी आशंका नहीं है। ट्रांसफार्मर ऑनलाइन सर्विस से जुड़ा है और इसका हर पल का डेटा रहता है। इससे साफ है कि बिजली लाइन या खंभे से आग नहीं लगी।



127808a5-8be

अब जांच के लिए यह सवाल उठ रहे हैं

  • क्या पहले ईवी कार की बैटरी में आग लगी या इसकी चार्जिंग केबल में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग फैली?
  • क्या शॉर्ट सर्किट घर में किसी पैनल से हुआ और फिर केबल से होकर बिजली के खंभे तक गया?
  • परिवार ने ईवी कार चार्जिंग से आग नकारा है, उनका कहना है कि यह कनेक्टेड ही नहीं थी।
  • साथ ही, क्या कारण था कि आग इतनी तेजी से फैली कि लोग बाहर नहीं निकल सके?

अभी तक यह ईवी और इलेक्ट्रिक लॉक ही कारण था

इसके पहले हादसे के बाद से ही दो बातें उठी थीं कि ईवी कार चार्जिंग प्वाइंट से आग लगी, फिर यह घर में फैल गई और सिलेंडर में विस्फोट से हादसा भयावह हुआ। साथ ही, घर में इलेक्ट्रिक लॉक थे जो खुल नहीं सके और घर के लोग निकल नहीं सके।



इन दोनों बातों को सौरभ पुगलिया ने खारिज किया था। उनका कहना था कि घर में कोई लॉक नहीं था, केवल छत पर ताला लगा था, जिसकी चाबी किचन में थी। इसके चलते छत का दरवाजा नहीं खुला, उनके पिता मनोज और पत्नी सिमरन वहीं छत के पास ही मृत मिले। वहीं, ईवी कार चार्जिंग के लिए कनेक्टेड ही नहीं थी।



फायर ब्रिगेड पर भी जमकर गुस्सा

वहीं, पुगलिया परिवार और पड़ोसियों का गुस्सा फायर ब्रिगेड को लेकर भी है। इनके आरोप हैं कि चार बजकर एक मिनट पर फायर ब्रिगेड को फोन किया था, लेकिन गाड़ी बहुत देरी से आई। वहीं, जो गाड़ी आई उसकी टंकी आधी ही थी और आग नहीं बुझा सकी। फिर जो टैंकर आया वह भी घूमकर आया और आधा घंटा समय बर्बाद किया।



सौरभ का आरोप है कि फायर ब्रिगेड कर्मियों ने उनकी बात नहीं सुनी, जब कहा कि वहां पानी डालो, तो उन्होंने हम पर ही गुस्सा किया। साथ ही, एंबुलेंस भी नहीं पहुंची।



ये खबर भी पढ़िए...



पुगलिया परिवार में शोक व्यक्त करने पहुंचे सीएम, जानें इंदौर अग्निकांड में रात से सुबह तक क्या हुआ



इंदौर अग्निकांड पर पीएम ने जताया शोक, दो-दो लाख का मुआवजा, सीएम ने एसीएस को जांच के लिए भेजा



इंदौर में कार चार्जिंग के दौरान हुआ शॉर्ट सर्किट, आग लगने से फटे 4 गैस सिलेंडर, 8 की मौत



इंदौर अग्निकांड के आरोपी की पिटाई, कथित प्रेमिका की बहन ने मारा थप्पड़



Tags:
  • इंदौर अग्निकांड