इंदौर में भारत-वेस्टइंडीज T20 मैच से पहले होटलों की बढ़ी डिमांड, कहीं दो तो कहीं ढाई गुना तक बढ़ा किराया
Ind Vs Wi T20 Match Indore
जानकारी के अनुसार 6 अक्टूबर को जिन कमरों का किराया सामान्य था, वही कमरे मैच वाले दिन करीब दोगुने या उससे भी ज्यादा दामों में बुक हो रहे हैं। इंदौर में करीब 300 होटल हैं। इनमें सबसे ज्यादा भीड़ उन होटलों के आसपास है जहां दोनों देशों के खिलाड़ी रुकने वाले हैं।
किस होटल में कितना बढ़ा किराया
खिलाड़ियों के रुकने वाले होटलों में सामान्य और कम कीमत वाले कमरों की उपलब्धता बहुत तेजी से खत्म हो रही है। शहर के बड़े होटलों में मैच की तारीख को लेकर किराए में बड़ा अंतर आया है।
रेडिसन ब्लू होटल (Radisson Blu Hotel): यहां भारतीय टीम के खिलाड़ियों के रुकने का इंतजाम किया गया है। होटल के प्रेसिडेंशियल सुइट का मौजूदा रेट 51 हजार 300 रुपए है, जो 11 अक्टूबर को बढ़कर 56 हजार 655 रुपए हो जाएगा। वहीं डीलक्स रूम का मौजूदा किराया 6 हजार 975 रुपए है, जो मैच के दिन सीधे 14 हजार रुपए में मिलेगा। यानी एक ही कमरे पर करीब 7 हजार रुपए की बढ़ोतरी हुई है।
इंदौर मैरिएट होटल (Indore Marriott Hotel): इस होटल में वेस्टइंडीज टीम के खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था है। यहां सबसे महंगे कमरे का मौजूदा रेट 13 हजार 50 रुपए है, जो मैच वाले दिन 21 हजार 565 रुपए तक पहुंच गया है। वहीं डीलक्स रूम जो अभी 7 हजार 125 रुपए का है। वह 11 अक्टूबर को 9 हजार 900 रुपए में मिलेगा।
सयाजी होटल (Sayaji Hotel): सयाजी में भी कमरों के दाम बहुत बढ़ गए हैं। सबसे महंगे कमरे का मौजूदा किराया 10 हजार 555 रुपए है। यह मैच के दिन 13 हजार 499 रुपए होगा। इसी तरह डीलक्स रूम जो अभी 6 हजार 599 रुपए का है। इसके लिए 11 अक्टूबर को 7 हजार 466 रुपए चुकाने होंगे।
क्रिकेट थीम पर सजे होटल
होटल संचालक भी इस क्रिकेट मैच को खास बनाने के लिए अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। कई होटलों की लॉबी, रेस्टोरेंट और कॉमन एरिया को पूरी तरह क्रिकेट थीम पर सजाया जा रहा है। इसके साथ ही फैंस के लिए खास फोटो पॉइंट और क्रिकेट से जुड़े डिस्प्ले लगाए जा रहे हैं, ताकि बाहर से आने वाले मेहमानों को होटल में कदम रखते ही मैच जैसा माहौल महसूस हो।
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित सूरी ने बताया कि इंदौर में जब भी कोई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच होता है, तो होटल कारोबार में जबरदस्त उछाल आता है। बाहर से बड़ी संख्या में लोग मैच देखने इंदौर पहुंचते हैं। इससे होटलों के साथ-साथ रेस्टोरेंट कारोबार को भी बड़ा लाभ होता है। इस बार टीमों के ठहरने और दर्शकों के आने से पूरे सेक्टर को दोहरा फायदा मिल रहा है।
FAQ
1. भारत और वेस्टइंडीज के बीच इंदौर में मैच कब और किस समय खेला जाएगा?
भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 सीरीज का तीसरा मुकाबला 11 अक्टूबर को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा।
2. IND Vs WI मैच के दिन इंदौर के होटलों में कमरे इतने महंगे क्यों हो गए हैं?
मैच देखने के लिए देश के अलग-अलग शहरों से हजारों दर्शक इंदौर आ रहे हैं। कमरों की मांग बहुत ज्यादा बढ़ जाने और दोनों टीमों के खिलाड़ियों के ठहरने के कारण होटलों ने मैच की तारीख पर कमरे के दाम दोगुने तक बढ़ा दिए हैं।
3. इंदौर में भारतीय और वेस्टइंडीज की टीमें किन होटलों में ठहर रही हैं?
भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों के रुकने की व्यवस्था रेडिसन ब्लू होटल में की गई है, जबकि वेस्टइंडीज टीम के खिलाड़ियों के ठहरने का इंतजाम इंदौर मैरिएट होटल में किया गया है।