पूर्व सांसद सुमित्रा महाजन की रेलवे की उपेक्षा पर चिट्ठी, सवाल उठे सांसद लालवानी पर

Sanjay Gupta | Jul 22, 2026, 13:04 IST
पूर्व सांसद सुमित्रा महाजन और सांसद शंकर लालवानी
क्या इंदौर अनाथ है? क्या वर्तमान सांसद शंकर लालवानी सक्रिय नहीं हैं? यह सवाल उठे हैं इंदौर की पूर्व सांसद व स्पीकर सुमित्रा महाजन (ताई) के पत्र से। उन्होंने रेलवे के महाप्रबंधक को दो पेज की तीखी चिट्ठी लिखी है। इसमें इंदौर की उपेक्षा की बात कही गई है।

इंदौर एयरपोर्ट के बाद अब इंदौर की रेलवे सुविधाओं पर पूर्व सांसद सुमित्रा महाजन ने चिट्ठी लिखी है। यह चिट्ठी रेलवे के महाप्रबंधक रामश्रय पांडे को लिखी गई है। इसमें इंदौर की उपेक्षा होने की बात कही गई है। साफ लिखा है कि इंदौर के साथ भेदभाव किया जा रहा है। यहां तक कहा गया कि ऐसा प्रतीत होता है कि इंदौर को अनाथ समझ लिया गया है।



क्या लिखा है चिट्ठी में

ताई ने पत्र में साफ शब्दों में लिखा कि ऐसा प्रतीत होता है कि पश्चिम रेलवे ने इंदौर को अनाथ समझ लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक राजधानी होने और लगभग 40 लाख की आबादी के बावजूद इंदौर को उसकी जरूरत के अनुरूप रेल सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। इंदौर के लिए नई यात्री ट्रेनें शुरू करने के बजाय अन्य रेलवे जोनों द्वारा भेजे गए प्रस्ताव भी वर्षों से लंबित पड़े हैं। उत्तर पश्चिम रेलवे की जयपुर-इंदौर और पश्चिम मध्य रेलवे की रीवा-इंदौर ट्रेन के प्रस्ताव अब तक अधर में हैं।



5d80d8f7-8eb


पीएम के उद्घाटन वाली सुविधा भी ले ली

ताई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटित MEMU सेवा का रैक इंदौर से हटाए जाने पर भी नाराजगी जताई। पत्र में कहा गया कि शहर से आधुनिक MEMU रैक हटाकर उसकी जगह पुराने और बार-बार खराब होने वाले DEMU रैक चलाए जा रहे हैं।



इससे ऐसा लगता है कि इंदौर के यात्रियों को दोयम दर्जे का माना जा रहा है। पुणे-इंदौर ट्रेन लंबे समय से बंद है। पटना और गुवाहाटी ट्रेनों के फेरों में बढ़ोतरी की कोई योजना नहीं है, जबकि त्रिवेंद्रम-इंदौर एक्सप्रेस, जिसकी उपयोगिता 625 प्रतिशत से अधिक है, उसके फेरों में भी वृद्धि नहीं की गई।



34770cfe-7d2


महू-उज्जैन लोकल और अयोध्या ट्रेन की भी उठाई मांग

पत्र में ताई ने महू-उज्जैन के बीच लोकल ट्रेन सेवा शुरू करने और अयोध्या के लिए सीधी रेल सेवा उपलब्ध कराने की आवश्यकता भी बताई। उनका कहना है कि ऐसे कई उदाहरण हैं, जो इंदौर की उपेक्षा को दर्शाते हैं।



लक्ष्मीबाई नगर में दो अतिरिक्त प्लेटफॉर्म, महू में अतिरिक्त लाइन क्षमता और रखरखाव की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है। इसके बावजूद हर मांग पर केवल यह कहना कि लाइन और प्लेटफॉर्म उपलब्ध नहीं हैं, उचित नहीं है।



इंदौर की पीड़ा समझेंगे

पत्र के अंत में ताई ने लिखा कि कई बार ऐसा लगता है कि ऐसी अधूरी सुविधाओं से अच्छा तो कोई सुविधा ही नहीं होती। उन्होंने महाप्रबंधक से कहा कि वे एक सक्षम अधिकारी हैं और इन शब्दों के पीछे छिपी इंदौरवासियों की पीड़ा और भावना को अवश्य समझेंगे। साथ ही उम्मीद जताई कि शहर को उसकी आवश्यकता के अनुरूप रेल सुविधाएं दिलाने के लिए गंभीर पहल की जाएगी।



सांसद लालवानी पर भी चिट्ठी से उठ गए सवाल

इस चिट्ठी से रेलवे से ज्यादा निशाने पर सांसद शंकर लालवानी नजर आ रहे हैं। रेलवे और एयरपोर्ट सुविधाएं केंद्र सरकार के अधीन होती हैं, ऐसे में माना जाता है कि सांसद ही इनके लिए काम करता है। जिस तरह से ताई ने कहा कि इंदौर को अनाथ समझा जा रहा है, उपेक्षा की जा रही है, उससे सवाल उठ रहे हैं कि फिर सांसद लालवानी केंद्र में क्या कर रहे हैं।



क्या रेलवे उनकी सुन नहीं रहा या फिर वह सुविधाएं नहीं जुटा पा रहे हैं। इसके पहले एयरपोर्ट को लेकर भी ताई ने 16 जुलाई को चिट्ठी लिखी थी और विस्तार की बात कही थी। वहीं बात 15 जुलाई को लालवानी ने सीएम द्वारा इंदौर-आबूधाबी फ्लाइट शुरू करने के दौरान कही थी। ऐसे में रिकॉर्ड मतों से जीतने वाले लालवानी भी घिर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि ताई का ही टिकट काटकर बीजेपी ने लालवानी को 2019 में टिकट दिया था और वह इसके बाद लगातार दो बार से सांसद हैं। वहीं ताई सक्रिय राजनीति से दूर हैं।



ये खबरें भी पढ़िए...



ई साक्ष्य जुटाने में पिछड़ी मध्यप्रदेश पुलिस, भोपाल-इंदौर भी जांच में फिसड्डी



MP News: कारोबारी ज्यादा, राजस्व ज्यादा, फिर इंदौर में GST ट्रिब्यूनल क्यों नहीं



दिल्ली के आंदोलन की आंच, इंदौर में भी सुलगी, 23 जुलाई को युवा न्याय यात्रा होगी



बिना मंजूरी के भोपाल और इंदौर-उज्जैन महानगर क्षेत्र खुद बदल सकेंगे मास्टर प्लान



Tags:
  • MP News
  • इंदौर
  • सांसद शंकर लालवानी
  • सुमित्रा महाजन
  • इंदौर एयरपोर्ट
  • शंकर लालवानी
  • सांसद सुमित्रा महाजन
  • पश्चिम रेलवे