महापौर भार्गव और बिजली कंपनी एमडी सिंह कामों को लेकर प्रेसनोट में करते रहे तारीफ, शहर हुआ हलाकान

Sanjay Gupta | May 05, 2025, 11:55 IST
indore rain nagar nigam
इंदौर में बिन मौसम बारिश ने स्मार्ट सिटी के दावों की पोल खोल दी, जलभराव और बिजली संकट के बीच महापौर और MPEB की तारीफों के प्रेस नोट जारी किया।

स्मार्ट सिटी नंबर वन, विकास में नंबर वन, सफाई में लगातार सात बार नंबर वन, इन तमगों से सजे इंदौर के लाखों लोगों ने रविवार को बिन मौसम बारिश में जो हाल देखे, वह डराने वाला रहा। दो घंटे की तेज हवा और पौने तीन इंच की बारिश ने सभी दावों की पोल खोल कर रख दी।



वहीं जले पर नमक यह कि इस दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव की नगर निगम और एमपीईबी के एमडी अनूप कुमार सिंह के विभाग अपने कामों की तारीफ के लगातार प्रेस नोट ही जारी करते रहे। जबकि आधा शहर जलभराव और बिजली गुल होने से परेशान था।



महापौर की ओर से यह जारी हुआ प्रेस नोट

indore rain alert


जलभराव की समस्या कुछ क्षेत्रों में अस्थायी रूप से उत्पन्न हुई थी, जिसे बहुत ही कम समय में नियंत्रित कर लिया गया है।संबंधित विभाग की जानकारी के अनुसार 2 घंटे की तूफानी बारिश में 2.75 इंच वर्षा दर्ज की गई। निगम की आपदा प्रबंधन टीम पूरी तरह सतर्क है और सभी आवश्यक संसाधनों के साथ मौके पर कार्यरत है। मैं जनप्रतिनिधियों, निगम अधिकारियों कर्मचारियों जिला प्रशासन की टीम पुलिस प्रशासन को उनके सक्रिय सहयोग के लिए धन्यवाद देता हूं। हम नागरिकों से भी अपील करते हैं कि वह मौसम को देखते हुए सतर्कता बरतें और किसी भी आपात स्थिति में निगम के हेल्पलाइन नंबर पर तुरंत संपर्क करें।



इधर एमपीईबी से यह जारी हुआ प्रेस नोट

शहर का पूर्व क्षेत्र हो या पश्चिम या उत्तरी क्षेत्र रविवार को मौसम में भारी बदलाव से बिजली आपूर्ति में व्यवधान उत्पन्न हुआ। विपरीत परिस्थितियों में भी 4 बजे से अब तक 500 कर्मचारी बिजली सुधार कार्य मुस्तैदी से कर रहे हैं। टार्च की रोशनी में फाल्ट ढूंढने का कार्य किया जा रहा है , साथ ही 15/20 फीट उपर जाकर पेड़ या टहनियां लाइनों से दूर की जा रही है। अब तक 20 स्थानों से टिन शेड, टहनियां, पेड़, त्रिपाल, फ्लेक्स या होर्डिंग हटाए दिए गए और आपूर्ति सामान्य की जा चुकी है।



indore rain alert nagar nigam


मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर शहर के पूर्व, पश्चिम, उत्तर,दक्षिण, मध्य शहर संभाग के कर्मचारी गिरते पानी में पेड़ को लाइन से हटाकर आपूर्ति सामान्य करने का तत्काल प्रयास करने में शाम से जुटे हुए हैं। अब तक प्रभावित फीडरों में से 90 प्रतिशत फीडर के उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति सामान्य की जा चुकी है। रात 11 बजे भी सैंकड़ों कर्मचारी आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनाने में ग्रिड, 33 केवी लाइन, 11 केवी लाइन, ट्रांसफार्मर, एलटी लाइन के पास कार्य कर रहे हैं ताकि मौसमी कारण से निर्मित परिस्थिति से बिजली उपभोक्ताओं को हुई परेशानी से जल्द निजात मिल सके। बिजली वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह प्रति घंटे सुधार कार्य की अपडेट ले रहे हैं।



पद संभालने के बाद पहली बारिश में बाहर निकले थे महापौर

पुष्यमित्र भार्गव ने जुलाई 2022 में जब महापौर पद संभाला था तब कुछ दिन बाद ही शहर में तेज बारिश से जलजमाव हुआ, इस दौरान उनके वीडियो, फोटो आए जिसमें वह सड़क पर उतरे थे। तब वादे हुए थे कि जलजमाव को चिह्नित किया जा रहा है और जल्द यह समस्या दूर होगी। लेकिन आज भी शहर एक-दो इंच की बारिश में डूब रहा है और जुलाई में उनके पांच साल में से तीन साल का कार्यकाल पूरा हो जाएगा।



यह भी पढ़ें...इंदौर प्रशासन का 19 अवैध कॉलोनाइजर के खिलाफ FIR के आदेश, अब तक 57 पर हुए केस



इधर बिजली कंपनी के लगातार नए दावे

वहीं बिजली कंपनी में भले ही एमडी बदल जाएं लेकिन विकास और स्मार्ट होने के दावे कम नहीं होते हैं। सबसे ज्यादा स्मार्ट सिटी मीटर लगाए जाने, हाईटेक बिजली व्यव्सथा होने, एप से बिजली शिकायत दूर करने जैसे कई दावे लगातार हो रहे हैं। हर गर्मियों में मेंटनेंस के नाम पर बिजली गुल की जाती है और जब बारिश, आंधी आती है तो यह मेंटनेंस की भी पोल खुल जाती है। एमडी अभी चाहे अनूप सिंह आए हो इसके पहले अमित तोमर रहे हो, हवा और बारिश आते ही बिजली गुल होने की स्मार्ट सिटी इंदौर में समस्या जस की तस है।



यह भी पढ़ें...इंदौर में तेज बारिश से बिगड़े हालत, निगम के पूर्व BJP सभापति घर से पानी निकालते हुए दिखे



द सूत्र की खबरें आपको कैसी लगती हैं? Google my Business पर हमें कमेंट के साथ रिव्यू दें। कमेंट करने के लिए इसी लिंक पर क्लिक करें



MP News | नगर निगम इंदौर | इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव | MPEB | इंदौर में जलभराव



Tags:
  • MP News
  • इंदौर
  • महापौर पुष्यमित्र भार्गव
  • इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव
  • MPEB
  • नगर निगम इंदौर
  • जलभराव
  • पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी
  • इंदौर में जलभराव