BJP विधायक महेंद्र हार्डिया फिर बोले- हमारे साथ भेदभाव, पार्षद ने कहा महापौर ने टैंकर दिए, पानी नहीं

Sanjay Gupta | May 18, 2026, 19:11 IST
Photograph: (THESOOTR)
INDORE. इंदौर में जलसंकट को लेकर मामला बिगड़ता जा रहा है। इंदौर विधानसभा पांच के विधायक महेंद्र हार्डिया का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। रविवार को वह जलसंकट के कारण भूमिपूजन कार्यक्रम छोड़ गए और कहा कि पानी नहीं मिला तो महापौर के घर जाउंगा।

समझें पूरा मामला...

  • विधायक महेंद्र हार्डिया बोले हमारी विधानसभा से भेदभाव हो रहा।
  • भूमिपूजन कार्यक्रम छोड़ा, कहा पानी नहीं मिला तो महापौर के घर जाऊंगा।
  • पार्षद बोले टैंकर हैं, लेकिन पानी नहीं, दिनभर में एक ही टंकी भरी।
  • बोरिंग सूखने से 6500 बोरिंग प्रभावित, नर्मदा लाइन नहीं पहुंची 20% क्षेत्र।
  • निगम 650 टैंकर से सप्लाय, हर टैंकर दिन में पांच ट्रिप करता है।

इंदौर में जलसंकट गहराता जा रहा है। इस पर अब सत्ताधारी बीजेपी दल के ही विधायक, पार्षद नाराज होने लगे हैं। विधानसभा पांच के विधायक महेंद्र हार्डिया ने इसी गुस्से में रविवार को अपनी विधानसभा के वार्ड 37 के भूमिपूजन कर्यक्रम को छोड़ दिया। साथ ही कहा कि पानी का संकट दूर नहीं हुआ तो फिर रोज महापौर के घर जाउंगा। अब सोमवार को फिर उनका गुस्सा बाहर आया।



मेरी विधानसभा के साथ भेदभाव हो रहा है

विधायक हार्डिया ने सोमवार को कहा कि शहर में कहीं पर ज्यादा तो कहीं पर कम पानी वितरण हो रहा है। अधिकारियों को कई बार समस्या को लेकर कहा कि लेकिन समाधान नहीं हुआ। स्थिति हद से पार हो गई है। मेरे यहां रोज भीड़ लग रही है। टंकियां नहीं भरा रही है।



जनता भुगत रही है। मैं इसका घोर विरोध करता हूं। निगम से आग्रह है कि तत्काल व्यवस्था सुधारे नहीं तो स्थिति विस्फोटक होगी। नए प्लान में 38 पानी की टंकियां बन रही है, लेकिन इंदौर पांच को एक भी नहीं दी। हमारी विधानसभा से भेदभाव हो रहा है।



महापौर ने टैंकर दिए, लेकिन बिना पानी उनका क्या करूं

उधर वार्ड 25 के बीजेपी पार्षद लालबहादुर वर्मा भी जलसंकट पर मुखर हो गए। उनका वार्ड 45 की कांग्रेस विधायक सोनिला मिमरोट से त्रिवेणी पानी की टंकी पर जमकर विवाद हुआ।



वहीं वर्मा ने कहा कि महापौर ने टैंकर जरूर दिए हैं लेकिन खाली टैंकर का क्या करूं। मेरे पास पांच टैंकर है, लेकिन दिन भर में एक टैंकर ही भरा रहा है। अब खाली टैंकर क्या जनता के बीच में घुमाउं।



पानी के लिए इंदौर में दंगे हो जाएंगे

वहीं कांग्रेस पार्षद मिमरोट ने कहा कि बीजेपी पार्षद वर्मा ने हमारी लाइन में वाल्व लगाकर पानी डायवर्ट कर दिया है। इसमें अधिकारियों की भी मिलीभगत है। हमे पानी नहीं मिला तो लोग खुद को आग लगा लेंगे, स्थिति नहीं संभली तो पानी के लिए इंदौर में दंगे हो जाएंगे। इसमें शहर की ही बदनामी होगी। हम अपने हिस्से का पानी मांग रहे हैं।



क्या है पानी की स्थिति

वहीं पानी को लेकर अपर आयुक्त आशीष पाठक ने कहा कि अभी 337 एमएलडी पानी इंदौर को मिल रहा है और नर्मदा से सप्लाय नियमित है। संकट बोरिंग सूखने से हैं। इंदौर में शासकीय 6500 बोरिंग है जो सूख गए हैं।



वहीं शहर का करीब 20 फीसदी एरिया है जहां नर्मदा लाइन नहीं है, वहीं पर संकट है। निगम हर दिन 650 टैंकर के जरिए इन एरिया में सप्लाय कर रही है। हर टैंकर एक दिन में पांच ट्रिप लगा रहा है। इसके जरिए करीब 18-20 एमएलडी पानी दिया जा रहा है।



महापौर बोले बोरिंग सूखने से परेशानी

वहीं इंदौर महापौर पुष्यमित्र ने कहा कि इस साल बोरिंग जल्द सूख गए। इसलिए अधिक संकट है। नर्मदा पानी पर निर्भरता बढ़ गई है। टैंकर भेज रहे हैं। टंकियों को भी अधिक भरने के निर्देश दिए हुए हैं।



विधायक जी हमारे वरिष्ठ... महापौर

पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि विधायक हार्डिया जी हमारे वरिष्ठ नेता है। जो भी शिकायत है वह हमें बताएं उसे दूर करने की कोशिश करेंगे। बाकी विधानसभा से भेदभाव वाली कोई बात नहीं है। सभी को पानी समान रूप से वितरण हो रहा है और कितनी पानी की टंकी भरी है और कितना पानी जा रहा है इसकी ऑनलाइन मानिटंरिग होती है।



विधायक को मिली हैं तीन नई टंकियां

महेंद्र हार्डिया विधानसभा इंदौर 5 से लगातार पांच बार के विधायक है। अभी इसी साल उनकी विधानसभा में तीन नई पानी की टंकियां शुरू हुई हैं। भले ही निगम को दोष दे रहे हैं, लेकिन वह खुद निगम परिषद के विधायक होने के नाते सदस्य हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने पानी के संकट को लेकर निगम अधिकारियों के साथ बैठक की थी जिसमें उन्होंने महापौर को नहीं बुलाया था।



ये खबरें भी पढ़ें...



इंदौर में पानी पर हंगामा, BJP विधायक महेंद्र हार्डिया बोले महापौर के घर जाकर बैठ जाऊंगा



इंदौर से नेपाल की यात्रा भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन से, जानें पैकेज और स्टॉपेज



इंदौर शहराध्यक्ष चिंटू चौकसे की कुर्सी पर खतरा, दिग्विजय सिंह ने मप्र प्रभारी से कहा एक पद वापस लो



बुदनी रेल प्रोजेक्ट से इंदौर से सीधे जुड़ेंगे भोपाल-जबलपुर, 2 घंटे की दूरी कम, 10 नए क्रॉसिंग



Tags:
  • इंदौर
  • विधायक महेंद्र हार्डिया
  • इंदौर महापौर पुष्यमित्र
  • टैंकर
  • जलसंकट