इंदौर में पानी पर हंगामा, BJP विधायक महेंद्र हार्डिया बोले महापौर के घर जाकर बैठ जाऊंगा

Sanjay Gupta | May 18, 2026, 12:14 IST
indore water crisis bjp mla mahendra hardiya protest mayor house
इंदौर में तेज गर्मी के बीच में पानी को लेकर हाहाकार मच गया है। बीजेपी की सत्ता, बीजेपी के ही विधायक, पार्षद और महापौर अब एक-दूसरे के खिलाफ उतरने लगे हैं। बीजेपी विधायक महेंद्र हार्डिया तो नाराज होकर महापौर के एक आयोजन को छोड़कर चले गए।

इंदौर में पानी की किल्लत से विवाद बढ़ गया है। पार्षदों के बीच में विवाद चल रहे हैं और वहीं निगम के कर्मचारियों, वाल्वमैन से लेकर टैंकर चालकों पर हमले होने लगे हैं। पानी नहीं देने पर टैंकर चालकों पर पथराव तक की नौबत आ गई है। विधायक खुद मैदान में विरोध में उतर रहे हैं।



विधायक महेंद्र हार्डिया कार्यक्रम छोड़ गए

रविवार, 17 मई को पानी के मुद्दे पर विधानसभा इंदौर पांच के वार्ड 41 व 37 में हंगामा हो गया। वहीं वार्ड 41 के एक भूमिपूजन कार्यक्रम में विधायक महेंद्र हार्डिया कार्यक्रम छोड़कर ही चले गए। कारण था कि जलसंकट के कारण लोग उनके घर पर रोज पहुंच रहे हैं।



इस पर विधायक उखड़ गए और बोले कि जलसंकट ने परेशान कर दिया है, पहली बार इस तरह का संकट देख रहे हैं। टंकियां ही नहीं भर पा रही हैं। नहीं करना भूमिपूजन-वूजन। ऐसा कहकर वह चले गए।



समस्या हल नहीं हुई तो महापौर के घर जाऊंगा

वहीं विधायक ने कहा कि पानी की समस्या बहुत है। मैं 20 साल से विधायक हूं लेकिन ऐसे हालात पहले नहीं हुए। टैंकर टूटे हुए दिए, टंकियां भर नहीं पा रही हैं। इसलिए मैंने महापौर को सब बोल दिया। अब तय किया है कि यदि पानी की समस्या हल नहीं हुई तो रोज सुबह महापौर के घर जाकर बैठ जाऊंगा।



इधर पार्षद आपस में उलझ गए

उधर विधायक गोलू शुक्ला ने भी पानी को लेकर अपने क्षेत्र की बैठक बुलाई थी। इसमें बीजेपी के पार्षद और उनके प्रतिनिधि आपस में उलझ गए। पार्षद मृदुल अग्रवाल और पार्षद रूपा पाण्डेय के वार्ड में एक ही वाल्व से सप्लाई होती है। एक-दूसरे पर आरोप हैं कि उनके एरिया में कम और दूसरे के एरिया में अधिक सप्लाई होती है। दोनों ने कहा कि यह नहीं रुका तो धरने पर बैठ जाएंगे।



कांग्रेस पार्षद भी सड़क पर

उधर कांग्रेस पार्षद सोनिला मिमरोट ने भी पानी की समस्या आने पर निगम के वाल्वमैन से बोलकर वाल्व खुलवाकर सप्लाई शुरू कराई। वहीं पार्षद यशस्वी अमित पटेल भी सोमवार, 18 मई की सुबह धरने पर बैठ गईं और पानी को लेकर प्रदर्शन किया। इसके पहले भी कांग्रेस ने सभी जोन ऑफिस पर पानी के संकट को लेकर धरना, प्रदर्शन किया और मटके फोड़े थे।



f782fe68-889


क्या है पानी की स्थिति

वहीं पानी को लेकर अपर आयुक्त (आईएएस आशीष पाठक) ने कहा कि अभी 337 एमएलडी पानी इंदौर को मिल रहा है और नर्मदा से सप्लाई नियमित है। संकट बोरिंग सूखने से है। इंदौर में शासकीय 6500 बोरिंग हैं जो सूख गए हैं।



वहीं शहर का करीब 20 फीसदी एरिया है जहां नर्मदा लाइन नहीं है, वहीं पर संकट है। निगम हर दिन 650 टैंकर के जरिए इन एरिया में सप्लाई कर रही है। हर टैंकर एक दिन में पांच ट्रिप लगा रहा है। इसके जरिए करीब 18-20 एमएलडी पानी दिया जा रहा है।



महापौर बोले बोरिंग सूखने से परेशानी

वहीं महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इस साल बोरिंग जल्द सूख गए। इसलिए अधिक संकट है। नर्मदा पानी पर निर्भरता बढ़ गई है। टैंकर भेज रहे हैं। टंकियों को भी अधिक भरने के निर्देश दिए हुए हैं।



जलकर 50 फीसदी बढ़ा चुका है निगम

इंदौर नगर निगम पानी की बेहतर व्यवस्थाओं के नाम पर जुलाई 2024 में ही जलकर में सीधे 50 फीसदी की बढ़ोतरी कर चुका है। इसे 200 रुपए से बढ़ाकर प्रति माह 300 रुपए किया जा चुका है। जबकि निगम द्वारा इंदौर में जल एक दिन छोड़कर एक दिन दिया जाता है।



यानी महीने में केवल 15 दिन ही जल की सप्लाई होती है। हालांकि इंदौर में पानी 70 किमी दूर से नर्मदा से लिफ्ट करके लाया जाता है। साथ ही, इस पर बिजली का खर्च ही हर माह करीब 20-25 करोड़ रुपए आता है। इस कारण इंदौर में पानी महंगा होता है।



166477bc-8da


अमृत टू से ही मिलेगी राहत

हाल ही में इंदौर नगर निगम ने अमृत टू को लॉन्च किया है। करीब 2100 करोड़ की इस योजना के जरिए इंदौर में पानी की सप्लाई दोगुनी कर 900 एमएलडी प्रति दिन करने का लक्ष्य है। हालांकि इसमें अभी दो-तीन साल का समय लगेगा। लेकिन यह प्रोजेक्ट साल 2050 तक इंदौर की 65 लाख की संभावित आबादी को देखते हुए अहम साबित होगा।



ये खबरें भी पढ़िए...



इंदौर शहराध्यक्ष चिंटू चौकसे की कुर्सी पर खतरा, दिग्विजय सिंह ने मप्र प्रभारी से कहा एक पद वापस लो



MP News: बुदनी रेल प्रोजेक्ट से इंदौर से सीधे जुड़ेंगे भोपाल-जबलपुर, 2 घंटे की दूरी कम, 10 नए क्रॉसिंग



MP Cyber Fraud Alert: एमपी में चार महीने में आए 26 हजार से ज्यादा केस, भोपाल और इंदौर सबसे आगे



इंदौर में 700 करोड़ का MPM होम्स प्रोजेक्ट अटका, 4.82 करोड़ के विवाद के कारण टीएंडसीपी निरस्त



Tags:
  • MP News
  • इंदौर नगर निगम
  • इंदौर
  • महापौर पुष्यमित्र भार्गव
  • विधायक महेंद्र हार्डिया
  • पानी की किल्लत
  • आईएएस आशीष पाठक