खाड़ी युद्ध का असर जबलपुर तक, गैस सप्लाई बंद, होटल-रेस्टोरेंट पर संकट
News IN Short
जबलपुर में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह ठप।
होटल, रेस्टोरेंट और अन्य संस्थानों को गैस देना बंद किया गया।
केवल हॉस्पिटल और छात्रावासों को प्राथमिकता के आधार पर गैस सप्लाई।
घरेलू गैस की ऑनलाइन बुकिंग तीन दिनों से बंद, एजेंसियां बता रहीं “सर्वर डाउन”
होटल संचालकों का दावा स्थिति नहीं सुधरी तो शहर के कई होटल बंद हो सकते हैं।
News in detail
जबलपुर आने वाले पर्यटकों के लिए चेतावनी। होटल तो मिलेगी पर खाने की जवाबदारी नहीं। खाड़ी क्षेत्र में चल रहे युद्ध का असर अब जबलपुर के बाजार और खानपान व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है।
शहर में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई लगभग पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे होटल और रेस्टोरेंट संचालकों की चिंता बढ़ गई है। स्थिति यही रही तो अगले एक-दो दिनों में कई होटल और भोजनालयों को मजबूरन बंद करना पड़ सकता है।
खाड़ी युद्ध का असर स्थानीय बाजार तक
अगर आप जबलपुर के प्रसिद्ध स्थल भेड़ाघाट या अन्य पर्यटन स्थल को घूमने के लिए आने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो पहले एक बार यह खबर पढ़ लें, क्योंकि आपको जबलपुर शहर में होटल तो मिल सकती है लेकिन खाने की दिक्कत भी हो सकती है।
खाड़ी देशों में जारी युद्ध और अंतरराष्ट्रीय हालात का असर अब जबलपुर तक पहुंचने लगा है। शहर में गैस आपूर्ति व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है, जिसके कारण कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई लगभग पूरी तरह बंद हो गई है।
इसका सबसे ज्यादा असर होटल, रेस्टोरेंट और खानपान से जुड़े व्यवसायों पर पड़ रहा है। कई संचालकों का कहना है कि अगर जल्द सप्लाई बहाल नहीं हुई तो उन्हें अपने प्रतिष्ठान बंद करने पड़ सकते हैं।
होटल और रेस्टोरेंट को गैस देना बंद
गैस एजेंसियों ने फिलहाल होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक संस्थानों को गैस सिलेंडर देना बंद कर दिया है। एजेंसी संचालकों का कहना है कि सीमित उपलब्धता के कारण फिलहाल प्राथमिकता के आधार पर हॉस्पिटल और छात्रावासों को ही गैस दी जा रही है। एजेंसियों के मुताबिक सप्लाई चेन प्रभावित होने के कारण कमर्शियल गैस सिलेंडर की उपलब्धता बेहद कम हो गई है।
घरेलू गैस की बुकिंग भी ठप
स्थिति केवल कमर्शियल गैस तक सीमित नहीं है। शहर में घरेलू गैस उपभोक्ता भी परेशान हैं। पिछले तीन दिनों से ऑनलाइन गैस बुकिंग नहीं हो पा रही है।
उपभोक्ता लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन एजेंसियां “सर्वर डाउन” होने का हवाला देकर ऑफलाइन बुकिंग भी स्वीकार नहीं कर रही हैं। इससे आम उपभोक्ताओं को भी सिलेंडर के लिए एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
होटल उद्योग पर मंडराया बड़ा संकट
होटल संचालकों का कहना है कि यह स्थिति उनके व्यवसाय के लिए बेहद गंभीर है। होटल संचालक राजेश पिंकी जैन के अनुसार, होटलों में अक्सर डेढ़ महीने पहले तक एडवांस बुकिंग हो जाती है।
रेस्टोरेंट और फूड सप्लाई की सुविधा ही उपलब्ध नहीं होगी तो होटल में ठहरने वाले ग्राहकों को रोक पाना मुश्किल हो जाएगा। उनका कहना है कि गैस के बिना होटल के किचन चलाना संभव नहीं है।
ब्लैक मार्केटिंग का खतरा भी बढ़ा
होटल संचालकों का यह भी कहना है कि यदि जल्द ही कमर्शियल गैस की सप्लाई शुरू नहीं हुई तो कुछ लोग मजबूरी में घरेलू गैस सिलेंडर ब्लैक मार्केट से खरीदकर उपयोग करने लगेंगे। इससे अवैध कारोबार को भी बढ़ावा मिल सकता है। नियमों का पालन करने वाले होटल संचालकों के सामने अपने रेस्टोरेंट बंद करने की नौबत आ सकती है।
प्रशासन की चुप्पी से बढ़ी चिंता
गैस संकट को लेकर अब तक प्रशासनिक स्तर पर कोई स्पष्ट समाधान सामने नहीं आया है। उपभोक्ताओं और व्यवसायियों का कहना है कि तीन-तीन दिनों से वे सिलेंडर के लिए परेशान हो रहे हैं, लेकिन न तो गैस एजेंसियों से समाधान मिल रहा है और न ही प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम उठाया गया है। यदि जल्द सप्लाई बहाल नहीं हुई तो जबलपुर की खानपान व्यवस्था पूरी तरह चरमरा सकती है।
ये खबरें भी पढ़ें...
MPPSC ने निकाली ADPO भर्ती लेकिन कैबिनेट के फैसले के बाद भी कम पद, निगेटिव मार्किंग भी लागू
OBC आरक्षण से शुरू हुआ निकाय चुनाव विवाद: श्योपुर नपा केस में हाईकोर्ट सख्त, सरकार को भी फटकार