पेपर लीक के खिलाफ जीतू पटवारी की साइकिल यात्रा, इंदौर से भोपाल तक करेंगे सफर

Kaushiki | Jul 14, 2026, 09:45 IST
MP Congress Cyclothon
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में इंदौर से भोपाल तक दो दिवसीय साइक्लोथॉन यात्रा शुरू हुई है। यह यात्रा नीट परीक्षा में गड़बड़ी, पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार को घेरने के लिए निकाली जा रही है।

समझें क्या है पूरा मामला

  • एमपी कांग्रेस आज से इंदौर से भोपाल तक साइकिल यात्रा निकाल रही है।
  • पीसीसी चीफ जीतू पटवारी खुद साइकिल चलाकर इस यात्रा की अगुवाई कर रहे हैं।
  • नीट, पेपर लीक और बेरोजगारी बनी साइकिल प्रोटेस्ट की बड़ी वजह है।
  • व्यापमं चौराहे पर यात्रा खत्म करने पर प्रशासन से टकराव की स्थिति हो सकती है।
  • हर जिले से 500 साइकिल सवार जोड़ने में मध्यप्रदेश कांग्रेस जुटी है।

एमपी कांग्रेस की बड़ी साइकिल यात्रा

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी आज (14 जुलाई) साइकिल यात्रा शुरू करेंगे। ये यात्रा इंदौर से भोपाल तक दो सौ किलोमीटर की होगी। पेपर लीक, नीट और बेरोजगारी को लेकर कांग्रेस सरकार को घेर रही है। यात्रा दो दिन में पूरी होगी। समापन भोपाल के व्यापमं चौराहे पर होने की योजना है।



कांग्रेस अब साइकिल के जरिए युवाओं और छात्रों के मुद्दे सड़क पर लाना चाहती है। नीट यूजी, सीबीएसई (CBSE) परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी, पेपर लीक और बेरोजगारी इस यात्रा के मुख्य मुद्दे हैं। पार्टी इसे सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रम नहीं मानती। कांग्रेस इसे युवाओं की समस्याएं उठाने का अभियान बता रही है।



jitu patwari


इंदौर से होगी शुरुआत यात्रा

यात्रा 14 जुलाई सुबह इंदौर से शुरू होगी। शुरुआत देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के पास रवीन्द्रनाथ टैगोर मार्ग से होगी। यह इलाका शहर का बड़ा शैक्षणिक केंद्र माना जाता है।



कांग्रेस ने जानबूझकर इस जगह को चुना है। पार्टी छात्र और परीक्षा मुद्दों को केंद्र में रखना चाहती है। यात्रा से पहले पटवारी छात्रों से बात करेंगे। इसके बाद साइकिल से भोपाल के लिए निकलेंगे।



MP Congress Cyclothon


हर जिले से जुड़ेंगे 500 साइकिल सवार

इंदौर और भोपाल के बीच पड़ने वाले हर जिले से करीब 500 साइकिल यात्री जुड़ेंगे। इंदौर, देवास, सीहोर और भोपाल मिलाकर दो हजार से ज्यादा लोग शामिल हो सकते हैं।



इंदौर के साइकिल रेसिंग समूहों और फिटनेस क्लबों से भी संपर्क किया गया है। पूरे 200 किलोमीटर तक पटवारी के साथ चलने वाले स्थायी साइकिल यात्रियों की अलग सूची बनाई जा रही है।



दो दिन का रूट प्लान

यह साइक्लोथॉन कुल दो दिनों के सफर के बाद भोपाल पहुंचेगी। आज पहले दिन की यात्रा का समापन सीहोर जिले के आष्टा कस्बे में होगा। यहां सभी यात्रियों के रुकने का इंतजाम किया गया है।



आष्टा के गोकुलधाम मैरिज गार्डन में सभी साइकिल यात्री रात को आराम करेंगे। इसके बाद अगले दिन यानी 15 जुलाई को दोबारा यात्रा शुरू होगी। दूसरे दिन की शुरुआत कोठरी कस्बे से की जाएगी।



दूसरे दिन यह यात्रा सीहोर से होते हुए सीधे भोपाल में एंट्री करेगी। भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ता इस यात्रा का जोरदार स्वागत करने की तैयारी में हैं। वहां एक बड़ी जनसभा होने की भी उम्मीद है।



केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा की मांग

जीतू पटवारी ने मीडिया से बातचीत में एक बड़ा विजन सामने रखा। उन्होंने कहा कि आज के समय में शिक्षा प्रणाली में बड़े बदलाव की जरूरत है। देश की आजादी के इतने सालों बाद भी गरीब को अच्छी शिक्षा नहीं मिल रही।



उन्होंने मांग की है कि देश में केजी से लेकर पीजी तक मुफ्त शिक्षा मिलनी चाहिए। हर बच्चे को बिना किसी भेदभाव के अच्छी और मुफ्त पढ़ाई का अधिकार मिलना चाहिए। यह एक नया और जरूरी गैर-राजनीतिक विचार है।



एमपी पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि इस यात्रा का मुख्य मकसद शिक्षा व्यवस्था (NEET पेपर लीक) में पारदर्शिता लाना है। परीक्षाओं में होने वाले घोटालों को हमेशा के लिए बंद किया जाना चाहिए। जब तक ऐसा नहीं होता, युवाओं का भविष्य सुरक्षित नहीं है।



jitu patwari


व्यापमं चौराहे पर अटका पेच

कांग्रेस यात्रा का समापन व्यापमं चौराहे पर करना चाहती है। यात्रा समन्वयक आनंद जाट के मुताबिक, यह चयन जानबूझकर किया गया है। पार्टी शिक्षा केंद्र से शुरू कर व्यापमं तक पहुंचकर संदेश देना चाहती है। हालांकि प्रशासन ने वहां अनुमति देने से इनकार किया है।



कांग्रेस ने लिली टॉकीज चौराहा और इमामी गेट को विकल्प बताया है। प्रशासन मोतिया तालाब के सामने आयोजन की बात कह रहा है। प्रशासन का तर्क है कि पास में अस्पताल होने से भीड़ जमा होने पर मरीजों और एंबुलेंस को दिक्कत हो सकती है।



इंदौर से साइकिल रैली रवाना, यह बोले जीतू

इंदौर से सुबह यूनिवर्सिटी नालंदा परिसर से साइकिल रैली रवाना हुई। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि आज शिक्षा माफिया सक्रिय है और हर माफिया के पीछे बीजेपी ही नजर आती है।



केंद्र में बीजेपी की सरकार बनने के बाद 90 बार पेपर लीक हुआ है। आज शिक्षा अमीरों के लिए हो गई है। एमपी में भी व्यापमं घोटाले से लेकर कई भर्ती घोटाले हुए हैंस्कूल, कॉलेज में शिक्षकों के पद खाली है, ऐसे में कैसे अच्छी शिक्षा मिलेगी। इस दौरान पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पिंटू जोशी, विनय बाकलीवाल, अमन बजाज, अमित चौरसिया सहित कई कांग्रेसी नेता जमा हुए।



JITU PATWARI


जीतू पटवारी की साइकिल रैली पर स्पाट फाइन

वहीं जीतू पटवारी की साइकिल रैली के बाद मौके पर भारी कचरा, गंदगी पाई गई। यहां पानी की बोतलें पड़ी हुई थी और भी कचरा पड़ा पाया गया। बीजेपी प्रवक्ता जेपी मूलचंदानी ने इस गंदगी की फोटो, वीडियो टिव्ट किए और कहा कि सफाई में नंबर वन इंदौर को कांग्रेस ने आयोजन की नौटंकी से गंदा किया। निगम की टीम मौके पर पहुंची औऱ जांच के बाद आयोजक रवि दांगी पर दो हजार का स्पाट फाइन किया गया।



JITU PATWARI


FAQ

  1. एमपी कांग्रेस की साइक्लोथॉन यात्रा कहां से कहां तक निकाली जा रही है?
    एमपी कांग्रेस की यह साइक्लोथॉन यात्रा इंदौर के आरएनटी मार्ग (डीएवीवी के पास) से शुरू होकर दो दिनों में भोपाल तक पहुंचेगी। इसका नेतृत्व पीसीसी चीफ जीतू पटवारी कर रहे हैं।
  2. जीतू पटवारी की इस साइकिल यात्रा का मुख्य उद्देश्य क्या है?
    इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य नीट परीक्षा में धांधली, सरकारी नौकरियों के पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ आवाज उठाना है। इसके साथ ही केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा की मांग की जा रही है।
  3. इस साइकिल यात्रा का रूट और शेड्यूल क्या है?
    यह यात्रा आज (14 जुलाई) इंदौर से शुरू होकर पहले दिन सीहोर के आष्टा पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। इसके बाद 15 जुलाई को कोठरी कस्बे से शुरू होकर यात्रा भोपाल पहुंचेगी।

ये खबरें भी पढ़ें...



5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों को मिली NMC की मंजूरी, मिलेंगी 250 नई MBBS सीटें



लाड़ली बहना को 1500 की जगह 3000, इस मैसेज पर भूलकर भी न करें भरोसा, नहीं तो...



एमपी की बेटी क्रांति गौड़ ने लॉर्ड्स टेस्ट में झटके 5 विकेट, ऑनर बोर्ड पर नाम दर्ज



एमपी के बरगी डायवर्जन टनल प्रोजेक्ट में 59 करोड़ का खेला, CBI और ED को शिकायत



Tags:
  • एमपी कांग्रेस
  • साइकिल यात्रा
  • इंदौर
  • जीतू पटवारी
  • पेपर लीक
  • एमपी पीसीसी चीफ जीतू पटवारी
  • NEET पेपर लीक