युवती का अपहरण रोकने पुलिस को रातभर देना पड़ा पहरा,ग्रामीण हुए एकजुट तब भागे आरोपी

Ravi Awasthi | May 04, 2025, 17:53 IST
shivpuri
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में बीती रात एक युवती के बलात अपहरण की कोशिश हुई। विरोध करने पर आरोपियों ने फायरिंग कर दी। गांव वाले इकट्‌ठा हुए तो आरोपी भाग निकले।

रूपेश राजौरिया @ शिवपुरी ।


जिले के कोलारस थाना अंतर्गत सेसई सड़क गांव में शनिवार रात एक युवती के अपहरण की कोशिश की गई। विरोध करने पर आरोपियों ने बंदूक से छह राउंड फायरिंग की।आवाज सुन गांव वाले जमा हुए तो आरोपी भाग निकले। बाद में पुलिस को रातभर गांव में पहरा देना पड़ा। गोली लगने से युवती का पिता घायल हो गया।



यह भी पढ़ें... शिवपुरी हादसा : फाइटर जेट से गिरी भारी चीज से मकान ध्वस्त, Air Force ने मांगी माफी, जांच शुरू



शादी का दबाव बना रहा था आरोपी रॉकी

पुलिस के अनुसार, गांव में रहने वाला रॉकी काफी समय से एक युवती पर शादी का दबाव बना रहा था। युवती और उसके परिवार ने इसका विरोध किया था। शनिवार दोपहर को भी रॉकी ने युवती को परेशान किया, जिसके बाद परिजनों ने सख्ती से ऐतराज जताया। तब वह मौके से चला गया।



रात को हथियारों के साथ पहुंचा गिरोह

घटना की गंभीरता तब बढ़ गई जब रात करीब 8 बजे रॉकी, उसका पिता लोहरे, साथी जोधा सरदार व गुरप्रीत सरदार उर्फ पीतू हथियारों से लैस होकर युवती के घर पहुंचे। उन्होंने युवती को जबरन साथ ले जाने की कोशिश की। परिजनों ने विरोध किया तो आरोपियों ने छह राउंड हवाई फायरिंग कर दी।



यह भी पढ़ें... आगर में सनसनीखेज मामला, बहन चीखती रही, मासूम का अपहरण कर बोलेरो से भागे आरोपी



ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी भागे

इस दौरान युवती के पिता को एक गोली उंगली को छूती हुई निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण एकत्र हुए, तब आरोपी बंदूकें लहराते हुए मौके से फरार हो गए।



यह भी पढ़ें... अपहरण और हत्या के दोषियों की आजीवन कारावास की सजा बरकरार



गांव में सुरक्षाबल करना पड़ा तैनात

घटना के बाद पीड़ित परिवार और ग्रामीण कोलारस थाने पहुंचे। थाना प्रभारी रवि चौहान ने बताया कि रॉकी के पिता लोहरे, जोधा सरदार और पीतू के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने रातभर पीड़ित परिवार के घर पर सुरक्षा के लिए पहरा दिया।



आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाई गई हैं। फिलहाल वे फरार हैं । पुलिस का कहना है कि उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। पूरे गांव में अब तनाव का माहौल बना हुआ है।



यह भी पढ़ें... OMG! भरी अदालत में ही अपहरण की कोशिश, हैरान जज ने पूछा मेरे सामने ही…