उज्जैन महाकाल मंदिर में सगाई का वीडियो वायरल, रील बनाने पर मचा भारी बवाल
समझें क्या है पूरा मामला
- दिल्ली के दो श्रद्धालुओं ने महाकाल मंदिर के अंदर रील बनाई।
- दोनों ने बाबा महाकाल के सामने एक-दूसरे को रिंग पहनाई।
- इस सगाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
- वायरल वीडियो को सिर्फ 24 घंटे में 8 लाख लाइक्स मिले।
- मंदिर समिति ने अब दोनों के प्रवेश पर रोक लगाने की तैयारी की है।
उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां मंदिर परिसर में रील बनाने पर पूरी तरह रोक लगी हुई है। इसके बावजूद दिल्ली के दो भक्तों ने वहां न सिर्फ रील बनाई। बल्कि उन्होंने भगवान के सामने सगाई कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। यह वीडियो इंटरनेट पर आते ही तेजी से वायरल हो गया।
सगाई करने वाले इस कपल का नाम पुलकित मल्होत्रा और गिन्नी खंडूजा है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस रील को शेयर किया था। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा कि जब महाकाल राजी तो क्या करेगा काजी। इस रील को सोशल मीडिया यूजर्स ने बहुत कम समय में लाखों बार देखा है। इस पर लोग लगातार अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं।
वीआईपी गेट से एंट्री कैसे मिली
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि कपल हाथ पकड़कर चल रहा है। वे मंदिर के खास प्रोटोकॉल वाले रास्ते से अंदर प्रवेश करते हैं। हैरानी की बात यह है कि रास्ते में किसी ने उन्हें नहीं रोका। सुरक्षाकर्मी भी उनके पास ही खड़े दिखाई दे रहे हैं। इसके बावजूद दोनों बड़े आराम से मोबाइल से अपनी रील बनाते रहे।
इसके बाद दोनों गणेश मंडपम के पहले बैरिकेड के पास पहुंचते हैं। वहां वे बाबा महाकाल की मुख्य शिवलिंग के ठीक सामने खड़े हो जाते हैं। फिर युवक अपनी जेब से एक डिब्बा निकालता है। वह युवती को रिंग पहनाता है। इसके बाद युवती भी युवक को अंगूठी पहनाकर सगाई की रस्म पूरी करती है।
मंदिर समिति ने लिया कड़ा एक्शन
इस वीडियो के वायरल होते ही महाकाल मंदिर प्रशासन हरकत में आ गया। सहायक प्रशासक आशीष पलवड़िया ने तुरंत इस पूरे मामले पर संज्ञान लिया। उन्होंने सबसे पहले इंटरनेट और यूट्यूब से इस वीडियो को हटवाया। इसके बाद मंदिर की आईटी टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। जांच में कई बड़ी बातें सामने आई हैं।
जांच में पता चला कि दोनों को एक पुजारी की मदद से एंट्री मिली थी। वीआईपी गेट से अंदर भेजने में मंदिर के ही स्टाफ का हाथ था। वीडियो भी उनके साथ आए एक सहायक ने ही रिकॉर्ड किया था। अब मंदिर प्रशासन इस लापरवाही पर सख्त कार्रवाई करने की पूरी तैयारी कर रहा है।
रील बनाने वाले कपल पर लगेगा हमेशा के लिए बैन
इस सगाई वाले वीडियो को 24 घंटे में 8 लाख लाइक्स मिले। लेकिन इसके साथ ही मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो गए। जब मंदिर में मोबाइल से रील बनाना मना है, तब ये सब कैसे हुआ? उस समय वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड्स और कर्मचारी क्या कर रहे थे?
मंदिर प्रशासन अब नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शने के मूड में नहीं है। सूत्रों के मुताबिक वीडियो में दिख रहे युवक और युवती पर बड़ा एक्शन होगा। उनके महाकाल मंदिर में प्रवेश करने पर हमेशा के लिए प्रतिबंध लगाया जा सकता है। इसके साथ ही मददगारों पर भी कड़ी कार्रवाई होगी।
ये खबरें भी पढ़ें...
बाबा महाकाल ने भक्तों संग खेली होली, हुआ भव्य श्रृंगार, कल से बदलेगा पूजा का समय
आज होली खेलेंगे बाबा महाकाल, 4 मार्च से बदलेगा बाबा की आरती का समय
उज्जैन के बाबा महाकाल मंदिर के पास कितनी है चल-अचल संपत्ति, कैसे उठा यह मुद्दा?
आज दोपहर में होगी बाबा महाकाल की भस्मारती, साल में एक बार आता है यह दिन