समय से पहले महाराष्ट्र पहुंचा मानसून, मध्य प्रदेश अब ज्यादा दूर नहीं

Abhilasha Saksena Chakraborty | May 26, 2025, 11:37 IST
Monsoon to enter early in MP
महाराष्ट्र में इस बार मानसून ने समय से पहले दस्तक दे दी है। बारिश होने से लोगों को राहत तो मिली है लेकिन IMD ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कई जिलों में रेड और औरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने इस बार सामान्य समय से पहले दस्तक दे दी है। मुंबई और इसके आसपास के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अलर्ट जारी किया है। महाराष्ट्र के साथ ही मध्य प्रदेश में भी इस बार समय से पहले मानसून के आने का अनुमान लगाया जा रहा है। कहा जा रहा है कि प्रदेश में जून की शुरुआत में बारिश हो सकती है। इससे पहले प्री मानसून की एक्टिविटी जारी रहेगी। नौतपा में भी अच्छी-खासी बारिश होने की संभावना है।



मध्य प्रदेश कब पहुंचेगा मानसून

मौसम विभाग की भोपाल शाखा की दिव्या सुरेंद्रन ने जानकारी दी है कि जिस गति से मानसून आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में जून के पहले सप्ताह में बारिश शुरू हो सकती है। चूंकि यह मुंबई के रास्ते एमपी में प्रवेश करता है, इसलिए यहां भी समय से पहले वर्षा संभव है। अभी यह महाराष्ट्र के कुछ ज़िलों में पहुँच चुका है और अगले तीन से चार दिनों में पूरे मुंबई और बैंगलोर में पहुंचने की संभावना है। भोपाल, इंदौर में भी इस बार बारिश जल्दी होने की संभावना बताई जा रही है।



पिछले साल MP में कब दी थी दस्तक

पिछले दो सालों से प्रदेश में मानसून ने देरी से दस्तक दी थी। 2024 में एक सप्ताह देरी से यानी 21 जून को और 2023 में 24 जून को प्रदेश में आया था। सामान्य तौर पर प्रदेश में यह जून के दूसरे या तीसरे सप्ताह में ही आता है। हालांकि कई बार इसमें देरी भी हुई है। पिछले कुछ सालों से यह 18 से 22 जून के बीच ही पहुंच रहा है।प्रदेश के दक्षिणी जिलों अनूपपुर, बालाघाट, बैतूल, मंडला, डिंडौरी, सिवनी और पश्चिमी जिलों बुरहानपुर व बड़वानी में सबसे पहले बारिश होगी।



कई जगह हो रही तेज बारिश

प्रदेश में कुछ जगह अच्छी-खासी बारिश हो रही है।



  • मंडला में 9 घंटे के अंदर लगभग 2 इंच बारिश दर्ज की गई।
  • राजगढ़ जिले में भी तेज बारिश हुई।
  • रतलाम में कुछ देर झमाझम बारिश होने से तापमान काफी कम हो गया।
  • धार, जबलपुर, उमरिया में भी बारिश का सिलसिला जारी रहा।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों के लिए रात के समय तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।



महाराष्ट्र में IMD ने जारी किया अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों, खासकर कोंकण (Konkan) और मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में पिछले दो दिनों से भारी प्री-मानसून बारिश हो रही है। आठ प्रमुख मौसम केंद्रों - बोरीवली, सांताक्रूज़, पवई, मुलुंड, चेंबूर, वर्ली, कोलाबा और अलीबाग में रेड अलर्ट जारी किया गया है।



वहीं, नवी मुंबई, ठाणे और कल्याण जैसे क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट लगाया गया है, जहां आने वाले दिनों में मूसलधार बारिश की संभावना जताई गई है।



ये भी पढ़ें:



Weather Forecast : यूपी और राजस्थान में बढ़ेगी गर्मी, महाराष्ट्र-केरल में भारी बारिश का अलर्ट



रिकॉर्ड समय से पहले एंट्री

आमतौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून एक जून को केरल पहुंचता है और सात जून तक महाराष्ट्र, तथा 11 जून को मुंबई में दस्तक देता है। इस बार केरल में मानसून समय से पहले पहुँच गया और इसके बाद दूसरे राज्यों में भी इसने पहले ही दस्तक दे दी है।इस बार मानसून ने 35 वर्षों में सबसे पहले 25 मई से पहले ही महाराष्ट्र में एंट्री कर ली है। यह वर्ष 2009 के बाद सबसे जल्दी बरसात का आगमन है।



पुणे में बाढ़ जैसी स्थिति

पुणे जिले के बारामती और इंदापुर तहसील में रविवार को भारी बारिश हुई। बारामती में 83.6 मिमी और इंदापुर में 35.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इससे कई घरों में पानी भर गया और पुणे-सोलापुर हाईवे को जलभराव के कारण दो घंटे तक बंद करना पड़ा।NDRF की टीमें राहत कार्य में जुटी हैं और स्थानीय प्रशासन ने 200 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया है।



ये भी पढ़ें:



MP Weather Update: नौतपा की ठंडी शुरुआत, 40 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें मौसम का हाल



इन राज्यों में भी होगी बारिश

IMD के अनुसार, अगले 72 घंटों में कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, और बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्सों में बरसात की संभावना है। साथ ही पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी बारिश की गतिविधियां तेज़ होंगी।महाराष्ट्र में बारिश का समय से पहले आगमन ना सिर्फ एक मौसम वैज्ञानिक उपलब्धि है, बल्कि यह चेतावनी भी है कि राज्य को तेज़ और असामान्य बारिश के लिए तैयार रहना होगा। प्रशासन ने चेतावनी जारी की है, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता भी बेहद जरूरी है।



thesootr links

द सूत्र की खबरें आपको कैसी लगती हैं? Google my Business पर हमें कमेंट के साथ रिव्यू दें। कमेंट करने के लिए इसी लिंक पर क्लिक करें



Tags:
  • मौसम विभाग
  • मानसून
  • IMD
  • बारिश
  • अलर्ट
  • दक्षिण-पश्चिम मानसून