MP भाजपा में बड़े बदलाव की तैयारी: एल्डरमैन की लिस्ट जल्द आ सकती है, कोर कमेटी में भी बदलेंगे चेहरे
उन्होंने 30 नवंबर तक खाली पदों को भरने का लक्ष्य दिया है। इसके साथ ही अब प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक हर महीने कामकाज की समीक्षा होगी।
एल्डरमैन बनने का इंतजार जल्द हो सकता है खत्म
प्रदेश के नगरीय निकायों में एल्डरमैन की नियुक्तियां लंबे समय से अटकी हुई हैं। कई भाजपा नेता इन पदों पर जगह मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। अब सूत्रों के मुताबिक, एल्डरमैन की नई लिस्ट जल्द जारी हो सकती है। सरकार और संगठन के स्तर पर नामों को अंतिम रूप देने की चर्चा चल रही है। एल्डरमैन नगर निगम और नगर पालिका जैसे निकायों में मनोनीत सदस्य होते हैं। ऐसे में इन नियुक्तियों का असर स्थानीय राजनीति पर भी पड़ता है। शहरों में विकास के मुद्दों और स्थानीय समस्याओं को उठाने में भी इनकी भूमिका रहती है। हालांकि, किस शहर से किस नेता को मौका मिलेगा, यह सूची सामने आने के बाद ही साफ होगा।
भाजपा की कोर कमेटी में बदल सकते हैं कुछ चेहरे
एल्डरमैन की नियुक्तियों के साथ ही प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी में भी बदलाव की तैयारी है। सूत्रों के मुताबिक, मौजूदा कमेटी के कुछ सदस्यों की जगह नए नेताओं को शामिल किया जा सकता है। इसे लेकर संगठन में चर्चा हुई है। हालांकि, अभी यह तय नहीं है कि किन नेताओं को बाहर किया जाएगा और किन नए चेहरों को जगह मिलेगी। इस पर पार्टी की तरफ से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
पुराने नेताओं को भी मिल सकती है नई जिम्मेदारी
भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति का भी विस्तार होने की तैयारी है। इसमें उन वरिष्ठ नेताओं को मौका मिल सकता है, जिन्हें पहले कार्यसमिति में जगह नहीं मिली थी। संगठन ने जिला और संभाग के पदाधिकारियों से दो से चार संभावित नाम मांगे हैं। इनमें पुराने और अनुभवी नेताओं के नाम भी शामिल हो सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, सेवा दूतों में शामिल कुछ वरिष्ठ नेताओं को भी प्रदेश कार्यसमिति में जगह मिल सकती है। इन नामों पर संगठन की जरूरत के हिसाब से विचार किया जाएगा।
शिवप्रकाश ने कहा- 30 नवंबर तक खाली पद भरने का लक्ष्य
बुधवार को भोपाल के भाजपा मुख्यालय में शिवप्रकाश ने प्रदेश, संभाग और जिलों के पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पूछा कि संगठन में कहां-कहां पद खाली हैं और अब तक इन पर नियुक्तियां क्यों नहीं हुई हैं। मोर्चों, प्रकोष्ठों और संगठन के दूसरे स्तरों पर खाली पदों की जानकारी भी मांगी गई। बैठक में इन नियुक्तियों को पूरा करने के लिए 30 नवंबर की Deadline तय की गई। अब जिला स्तर से बचे हुए नामों को अंतिम रूप देने की तैयारी होगी।
अब हर महीने देखा जाएगा कि कौन कितना काम कर रहा है
भाजपा ने संगठन के कामकाज पर नजर रखने के लिए नया Review System तैयार किया है। इसके तहत हर महीने चार स्तरों पर बैठकें होंगी।
- पहला सप्ताह: प्रदेश स्तर पर संगठन के कामकाज की समीक्षा होगी।
- दूसरा सप्ताह: जिलों में चल रही गतिविधियों और जिम्मेदारियों की जानकारी ली जाएगी।
- तीसरा सप्ताह: मंडल स्तर के पदाधिकारियों के काम की समीक्षा होगी।
- चौथा सप्ताह: बूथ स्तर पर किए गए काम की रिपोर्ट ली जाएगी।
इस व्यवस्था का मकसद यह देखना है कि पार्टी ने जिन पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी है, वे उसे कितना निभा रहे हैं।
अब सबकी नजर 30 नवंबर पर
भाजपा में पिछले कुछ समय से संगठन की नियुक्तियों और बदलावों को लेकर लगातार बैठकें चल रही हैं। अब इन चर्चाओं को आगे बढ़ाते हुए 30 नवंबर तक खाली पद भरने का लक्ष्य तय किया गया है। फिलहाल एल्डरमैन बनने की उम्मीद लगाए नेताओं को नई सूची का इंतजार है। वहीं, कोर कमेटी और प्रदेश कार्यसमिति में जगह पाने वाले नेताओं की तस्वीर भी आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगी। अब देखना होगा कि नवंबर के आखिर तक कितनी नियुक्तियां पूरी होती हैं और संगठन में किन नए चेहरों को जिम्मेदारी मिलती है।