MP भाजपा का नया मिशन: छात्रावासों से सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर तक संपर्क की तैयारी, शिवप्रकाश बोले- हाईप्रोफाइल बनने से बचें
भाजपा की संगठनात्मक बैठक में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कार्यकर्ताओं को साफ संदेश दिया कि पार्टी का काम दिखावे से नहीं, बल्कि लोगों के बीच जाकर करना होगा। उन्होंने हाईप्रोफाइल जीवनशैली से बचने और सादगी अपनाने की नसीहत दी। बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री चंद्रशेखर और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी मौजूद रहे।
बच्चियों और युवाओं तक पहुंचेंगे भाजपा कार्यकर्ता
भाजपा अब ऐसे लोगों से संपर्क बढ़ाना चाहती है, जिन तक पार्टी के कार्यकर्ता पहले कम पहुंच पाते थे। इसके लिए छात्रावासों में रहने वाली बच्चियों और युवाओं से मुलाकात करने की योजना बनाई गई है। पार्टी कार्यकर्ता छात्रावासों में जाकर विद्यार्थियों से बातचीत करेंगे और उन्हें संगठन से जोड़ने का प्रयास करेंगे। इसके पीछे संगठन का मकसद युवाओं और नए सामाजिक वर्गों के बीच अपनी पहचान मजबूत करना है। पार्टी चाहती है कि विद्यार्थी भी उसके संपर्क में आएं और संगठन की गतिविधियों से जुड़ें।
सोशल मीडिया पर नजर
आजकल सोशल मीडिया पर सक्रिय कई लोग अपने वीडियो, पोस्ट और दूसरे कामों से हजारों लोगों तक पहुंचते हैं। भाजपा अब ऐसे स्थानीय चेहरों से भी संपर्क बढ़ाएगी। इसके लिए हर जिले में अच्छा काम करने वाले Social Media Influencers की पहचान की जाएगी। पार्टी कार्यकर्ता उनसे मुलाकात करेंगे और उन्हें संगठन से जोड़ने की कोशिश करेंगे।
सिर्फ सोशल मीडिया ही नहीं, समाज के दूसरे प्रभावशाली लोगों तक भी पहुंचने की तैयारी है। इनमें साधु-संत, व्यापारी, खिलाड़ी और अलग-अलग क्षेत्रों में पुरस्कार हासिल कर चुके प्रतिष्ठित लोग शामिल हैं। भाजपा के मोर्चा और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी अपने क्षेत्रों में जाकर ऐसे लोगों से मिलेंगे और उन्हें सम्मानित करेंगे। इसके अलावा विभिन्न जातियों और सामाजिक वर्गों के प्रमुख लोगों से भी संपर्क बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। संगठन का मानना है कि इससे समाज के अलग-अलग वर्गों में पार्टी की पहुंच मजबूत होगी।
हाईप्रोफाइल बनने की जरूरत नहीं: शिवप्रकाश
बैठक में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कार्यकर्ताओं के व्यवहार और काम करने के तरीके पर खास जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को हाईप्रोफाइल कार्यशैली से बचना चाहिए। लोगों के बीच जाते समय उनके व्यवहार में विनम्रता और सादगी साफ दिखाई देनी चाहिए।
शिवप्रकाश ने कहा कि कार्यकर्ताओं के Working Pattern में भी यही बात नजर आनी चाहिए। उनका संदेश था कि पार्टी के कार्यक्रमों में या आम लोगों के बीच कार्यकर्ता दिखावा करने की कोशिश न करें। लोगों से सहज तरीके से मिलें और उनकी बात सुनें। संगठन की पहचान बड़े पद या हाईप्रोफाइल अंदाज से नहीं, बल्कि जमीन पर किए गए काम और अच्छे व्यवहार से बननी चाहिए।
हर मोर्चा और प्रकोष्ठ को बनाना होगा एक साल का प्लान
भाजपा ने संगठन की सभी इकाइयों को अगले एक साल के काम की तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में सेवादूत, मोर्चा और प्रकोष्ठों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। सभी को अपना एक साल का Action Plan तैयार करना होगा।
इसमें यह तय किया जाएगा कि किस क्षेत्र में संपर्क बढ़ाना है और किन लोगों तक पहुंचना है। संगठन ने प्रकोष्ठों को सक्रिय करने के साथ पार्टी का वोट प्रतिशत बढ़ाने का लक्ष्य भी दिया है। हर प्रकोष्ठ अपने संबंधित सामाजिक वर्गों के बीच काम करेगा, ताकि पार्टी का समर्थन बढ़ सके।
भाजपा में कोई कार्यकर्ता छोटा या बड़ा नहीं: हेमंत खंडेलवाल
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बैठक में कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि संगठन में कोई छोटा या बड़ा नहीं होता। हर कार्यकर्ता का काम महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए बताया कि वे भी पहले सहकारिता प्रकोष्ठ में सह-संयोजक रह चुके हैं। इसके बाद संगठन में काम करते हुए उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली।
खंडेलवाल ने कहा कि पार्टी में सिर्फ पद मिलना ही महत्वपूर्ण नहीं है। कार्यकर्ता कितनी मेहनत और सक्रियता से काम करता है, इसका भी महत्व है। उनका संदेश था कि कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाएं और संगठन को मजबूत बनाने में जुटें।
नवंबर-दिसंबर तक टीम तैयार करने के निर्देश
भाजपा ने जिला और मंडल स्तर पर संगठन की टीम तैयार करने के लिए समयसीमा तय कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने निर्देश दिए कि नवंबर से दिसंबर तक जिला और मंडल कार्यकारिणियों के गठन का काम पूरा कर लिया जाए।
मोर्चा अध्यक्षों और महामंत्रियों को भी अपनी टीम बनाने और संगठन विस्तार के काम में तेजी लाने को कहा गया है। मंडल से लेकर शक्ति केंद्रों तक गठन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में यह बात भी सामने आई कि कई पदाधिकारी नियमित रूप से अपने क्षेत्रों में नहीं जा रहे हैं। इस पर संगठन ने नाराजगी जताई। जिलाध्यक्षों और मोर्चा पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे लगातार प्रवास करें। यानी अपने क्षेत्र के गांवों, कस्बों और अलग-अलग इलाकों में जाकर कार्यकर्ताओं और लोगों से मिलें।
नए लोगों को जोड़ें, पुराने कार्यकर्ताओं को सक्रिय करें
भाजपा की नई रणनीति में दो बातों पर खास जोर है। पहली, ऐसे लोगों तक पहुंचना जो अब तक संगठन से नहीं जुड़े हैं। दूसरी, मौजूदा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को ज्यादा सक्रिय बनाना। इसके लिए छात्रावासों, युवाओं, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और समाज के प्रतिष्ठित लोगों से संपर्क बढ़ाया जाएगा।
वहीं, पदाधिकारियों को समय पर संगठन की टीम बनाने, अपने क्षेत्रों में जाने और लोगों से लगातार संवाद करने की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी चाहती है कि कार्यकर्ता सिर्फ बैठकों और कार्यक्रमों तक सीमित न रहें, बल्कि आम लोगों के बीच दिखाई दें। अब देखना होगा कि भाजपा की यह नई रणनीति कितनी तेजी से जमीन पर उतरती है और नए लोगों को संगठन से जोड़ने में कितनी सफल होती है।