MP में आज निवेश और राजनीति का होगा संगम: सीएम मोहन यादव MSME को देंगे 169 करोड़
सीएम मोहन यादव का आज का कार्यक्रम
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज (30 मार्च) MSME और स्टार्टअप्स के खातों में करोड़ों की राशि ट्रांसफर करेंगे, जो प्रदेश की आर्थिक तरक्की को मजबूत करेगा। वहीं, तीन राज्यों के युवा विधायक भी एक साथ मिलकर संसदीय परंपराओं को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।
स्टार्टअप्स के लिए 169 करोड़ का तोहफा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज प्रदेश के युवाओं और उद्यमियों के सपनों को नई उड़ान देंगे। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में 257 से अधिक सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) इकाइयों के बैंक खातों में 169 करोड़ 57 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी।
इसके अलावा, प्रदेश के 286 स्टार्टअप्स के लिए स्वीकृत तीन करोड़ 43 लाख रुपए में से अनुदान की पहली किस्त भी आज सिंगल क्लिक के जरिए जारी कर दी जाएगी।
43 जिलों के उद्यमियों को सीधा फायदा
इस निवेश का लाभ प्रदेश के किसी एक कोने तक सीमित नहीं है, बल्कि 43 जिलों के 286 स्टार्टअप्स इससे लाभान्वित होंगे। सरकार का उद्देश्य डिजिटल ट्रांसफर के माध्यम से प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाना है। मुख्यमंत्री द्वारा जारी की जाने वाली 28 लाख 6 हजार रुपए की पहली किस्त इन उभरते हुए कारोबारों को शुरुआती मजबूती प्रदान करेगी।
युवा विधायकों का होगा जमावड़ा
राजधानी में आज सिर्फ निवेश की ही बात नहीं होगी, बल्कि राजनीति की नई पौध भी भविष्य की रणनीति तैयार करेगी। मध्यप्रदेश विधानसभा परिसर में आज से राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के 55 युवा विधायकों का दो दिवसीय सम्मेलन शुरू हो रहा है।
राष्ट्रकुल संसदीय संघ (Commonwealth Parliamentary Association) के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और छत्तीसगढ़ के विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह भी मौजूद रहेंगे।
संसदीय मर्यादाओं पर होगा मंथन
इस सम्मेलन में शामिल होने वाले सभी विधायकों की उम्र 45 वर्ष से कम है। दो दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में कुल पांच सत्र होंगे, जिनमें लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका और विकसित भारत 2047 जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
समापन सत्र में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह शिरकत करेंगे।
ये खबर भी पढ़िए...
अखाड़े से सत्ता तक: 61 की उम्र में और मजबूत हुई मोहन यादव की पकड़
1 अप्रैल से बढ़ेगा टोल किराया, भोपाल सहित इन रूट्स पर पड़ेगा असर
डॉ. अमरनाथ मित्तल की करोड़ों की प्रॉपर्टी की कुर्की के बाद ईडी का एक्शन
Weather Update: एमपी में बेमौसम बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट