MP कांग्रेस का नया मीडिया मिशन: टैलेंट हंट से तैयार होगी नई प्रवक्ता टीम

Ramanand Tiwari | May 15, 2026, 22:00 IST
Photograph: (THESOOTR)
BHOPAL. MP कांग्रेस ने टैलेंट हंट शुरू किया। इसमें 148 प्रतिभागियों का चयन प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे। साथ ही 30 नए प्रवक्ता जल्द टीम में शामिल होंगे।

समझें पूरा मामला...

  • मध्य प्रदेश कांग्रेस ने मीडिया टीम मजबूत करने का टैलेंट हंट शुरू किया।
  • रीवा, जबलपुर और भोपाल में प्रतिभागियों की स्क्रीनिंग पूरी हुई।
  • लगभग 30 नए प्रवक्ता और अनुभवी चेहरे टीम में शामिल होंगे।
  • मुकेश नायक ने संगठन को अंदरूनी खबर लीक से सतर्क रहने को कहा।
  • AICC मॉडल पर चुनावी दौर में मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पकड़ बढ़ेगी।

मध्य प्रदेश कांग्रेस अब अपने मीडिया और प्रवक्ता तंत्र को नए तरीके से मजबूत करने की तैयारी में जुट गई है। पार्टी ने “टैलेंट हंट प्रोग्राम” के जरिए ऐसे चेहरों की तलाश शुरू की है, जो टीवी डिबेट, सोशल मीडिया और राजनीतिक मुद्दों पर प्रभावी तरीके से कांग्रेस का पक्ष रख सकें।



रीवा, जबलपुर और भोपाल में स्क्रीनिंग प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। करीब 148 प्रतिभागियों ने इंटरव्यू दिए हैं। अब जल्द ही लगभग 30 लोगों का चयन किया जाएगा, जिनमें नए चेहरों के साथ कुछ अनुभवी प्रवक्ता भी शामिल हो सकते हैं।



इस पूरी प्रक्रिया के बीच कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक का बयान सबसे ज्यादा चर्चा में है, जिसमें उन्होंने पार्टी के भीतर “सूचना लीक” करने वालों को लेकर भी सतर्क रहने की बात कही।



कांग्रेस का फोकस अब मजबूत मीडिया टीम पर

मध्य प्रदेश कांग्रेस इस बार सिर्फ संगठन विस्तार तक सीमित नहीं रहना चाहती। पार्टी की कोशिश है कि मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी उसकी मजबूत और प्रशिक्षित टीम तैयार हो।



इसी रणनीति के तहत AICC यानी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी हर राज्य में “टैलेंट हंट” चला रही है। मध्य प्रदेश में भी इसी मॉडल पर नए प्रवक्ताओं और मीडिया प्रतिनिधियों की तलाश की जा रही है।



पार्टी ने इस प्रक्रिया में अलग-अलग भूमिकाओं को भी चिन्हित किया है, जिनमें-



  • नेशनल एनालिस्ट
  • प्रदेश प्रवक्ता
  • रिसर्च एंड कैंपेन टीम

जैसी जिम्मेदारियों के लिए अलग पहचान बनाई गई है।



रीवा-जबलपुर से भोपाल तक चली स्क्रीनिंग

कांग्रेस की चयन प्रक्रिया सिर्फ राजधानी तक सीमित नहीं रही। रीवा और जबलपुर में भी प्रतिभागियों की स्क्रीनिंग की गई, जिसके बाद भोपाल में अंतिम इंटरव्यू आयोजित हुए।



सूत्रों के मुताबिक, इंटरव्यू में राजनीतिक समझ, मीडिया हैंडलिंग, भाषा शैली, सोशल मीडिया उपस्थिति और मुद्दों पर पकड़ जैसे पहलुओं को परखा गया। पार्टी का मानना है कि आने वाले चुनावी दौर में सिर्फ राजनीतिक अनुभव काफी नहीं होगा, बल्कि मीडिया नैरेटिव पर पकड़ रखने वाले चेहरे भी जरूरी होंगे।



कांग्रेस को कमजोर करने वालों से सावधान रहें

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक ने साफ शब्दों में संगठन को चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि AICC के सचिव अखिलेश प्रताप सिंह इस पूरी प्रक्रिया को पूरा करने के लिए आए हैं और पार्टी को ऐसे लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है, जो अंदर की खबरें बाहर पहुंचाकर कांग्रेस को नुकसान पहुंचाते हैं।



मुकेश नायक ने कहा कि कुछ लोग मीडिया से मिलकर संगठन की अंदरूनी बातें बाहर देते हैं। भाजपा जिस तरह लोगों को तोड़ने और सर्बोटेज करने का काम करती है, उससे हमें सतर्क रहना होगा।



कांग्रेस को कमजोर करने वाली गतिविधियों पर नजर रखना जरूरी है। उनके इस बयान को पार्टी के अंदर अनुशासन और भरोसे के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।



148 इंटरव्यू, अब 30 चेहरों पर फैसला

MP कांग्रेस के इस मीडिया टैलेंट हंट में करीब 148 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें पुराने प्रवक्ताओं के साथ बड़ी संख्या में नए युवा चेहरे भी शामिल रहे।



अब पार्टी जल्द ही लगभग प्रदेश प्रवक्ता के तौर पर 30 लोगों का चयन करेगी। इसके अलावा जिलों में भी प्रवक्ताओं की घोषणा होना है।ऐसे कुल मिलाकर लगभग अस्सी प्रवक्ताओं की टीम प्रदेश कांग्रेस के जल्द तैयार हो जाएगी। माना जा रहा है कि इस सूची में ऐसे चेहरों को प्राथमिकता



मिलेगी, जो टीवी डिबेट और डिजिटल प्लेटफॉर्म दोनों पर पार्टी का प्रभावी पक्ष रख सकें। कांग्रेस नेतृत्व का दावा है कि इससे मीडिया डिपार्टमेंट पहले से ज्यादा एक्टिव और प्रोफेशनल बनेगा।



इस बार कांग्रेस देना चाहती है पॉजिटिव मैसेज

कांग्रेस के टैलेंट हंट मॉडल पर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। कई बार चयन प्रक्रिया को लेकर अंदरखाने नाराजगी और गुटबाजी की चर्चाएं सामने आती रही हैं, लेकिन इस बार पार्टी इसे सकारात्मक बदलाव के रूप में पेश कर रही है।



कांग्रेस नेतृत्व का कहना है कि प्रतिभाशाली लोगों को मौका देने के लिए प्रक्रिया को खुला और पारदर्शी बनाया गया है। मुकेश नायक ने भी साफ कहा कि किसी भी योग्य और प्रतिभाशाली व्यक्ति को चयन प्रक्रिया में परेशानी नहीं आने दी जाएगी।



क्या नई टीम कांग्रेस को करेगी मजबूत?

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि टैलेंट हंट से चुनी जाने वाली नई मीडिया टीम कांग्रेस को एकजुट और आक्रामक तरीके से मजबूत कर पाएगी या फिर भविष्य में इसे लेकर नए विवाद खड़े होंगे।



फिलहाल कांग्रेस इसे संगठन और मीडिया दोनों मोर्चों पर “नई शुरुआत” के रूप में देख रही है। आने वाले समय में यह साफ होगा कि यह प्रयोग पार्टी के लिए कितना सफल साबित होता है।



ये खबरें भी पढ़ें...



सीएम मोहन यादव की बैठक में लगी मुहर, पानी सप्लाई की जिम्मेदारी अब पंचायत-निकायों के पास



भोजशाला पर बोले सीएम मोहन यादव- मां वाग्देवी की प्रतिमा लंदन से लाने को राज्य सरकार करेगी प्रयास



देवास पटाखा फैक्ट्री विस्फोट का mr-x : मेन खिलाड़ी को सामने लाने में फूल रहे हाथ-पैर



केनरा बैंक में 1.70 करोड़ की धोखाधड़ी, EOW ने की बैंक अधिकारियों सहित 5 पर FIR दर्ज



Tags:
  • MP कांग्रेस
  • मध्य प्रदेश कांग्रेस
  • प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग अध्यक्ष
  • टैलेंट हंट
  • मुकेश नायक