ग्वालियर के मंदिर में पुजारी ने श्रद्धालु को पीटा, दी तांत्रिक क्रिया से भस्म करने की धमकी
समझें क्या है पूरा मामला
- मध्यप्रदेश ग्वालियर के अचलेश्वर मंदिर में पुजारी ने श्रद्धालु के साथ मारपीट की।
- प्रसाद ठीक से न चढ़ाने की बात कहने पर पुजारी भड़क गया।
- श्रद्धालु राजेश बोहरा को नटराज भवन में बंद करके पीटा गया।
- पुजारी ने तांत्रिक क्रिया से भस्म करने की धमकी दी।
- पूरी वारदात मंदिर के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
40 साल पुराना भक्त, फिर भी हुई मारपीट
मध्यप्रदेश ग्वालियर के लक्ष्मीगंज लश्कर में रहने वाले राजेश बोहरा (54) पिछले 40 साल से अचलेश्वर मंदिर में पूजा-पाठ करते आ रहे हैं। 29 मार्च को वे हमेशा की तरह मंदिर में पूजा करने गए।
जानकारी के मुताबिक, राजेश बोहरा ने पुजारी गगन कटारे को प्रसाद चढ़ाने के लिए दिया। लेकिन पुजारी ने प्रसाद को भगवान पर फेंककर चढ़ा दिया। राजेश ने इस पर आपत्ति जताई और कहा कि प्रसाद ठीक से चढ़ाया जाए। बस यहीं से मामला बिगड़ गया।
नटराज भवन में बंद कर की पिटाई
पुजारी गगन कटारे ने राजेश की बात सुनते ही बदसलूकी शुरू कर दी। पुजारी गगन ने मंदिर में मौजूद कर्मचारियों को कहा कि इसे नटराज भवन में ले जाओ और सही कर दो। राजेश को खींचकर नटराज भवन के कमरे में ले जाया गया।
वहां पुजारी गौरव कटारे ने थप्पड़ मारे, गले को पकड़ा और जोर से धक्का दिया। उन्होंने गाली-गलौज भी की। यह सारी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो सामने आने के बाद विवाद और बढ़ने लगा।
तांत्रिक की धमकी से परिवार डरा
मारपीट के बाद पुजारी गौरव कटारे ने राजेश को धमकी दी। पुजारी ने कहा कि तुझे तांत्रिक क्रिया से भस्म कर देंगे, तू सड़-सड़कर मरेगा। इस तरह की धमकी सुनकर राजेश और उनका पूरा परिवार डरा हुआ है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
राजेश ने यह भी बताया कि जिस पुजारी से उनका विवाद हुआ, उन्होंने उसी से दीक्षा ली थी। यानी गुरु-शिष्य का रिश्ता था। इसके बावजूद पुजारी ने इतना अपमानजनक व्यवहार किया।
शिकायत मिलते ही होगी जांच
इस मामले में कंपू थाना क्षेत्र के सीएसपी मनीष यादव ने कहा कि अभी तक लिखित आवेदन नहीं मिला है। शिकायत मिलते ही जांच शुरू की जाएगी। अगर आरोप सही पाए गए तो आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। मंदिर प्रबंधन की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
CCTV वीडियो बना अहम सबूत
मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों ने पूरी घटना रिकॉर्ड कर ली है। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि राजेश को किस तरह घसीटकर कमरे में ले जाया गया और उनके साथ मारपीट हुई। यह वीडियो पुलिस जांच में अहम सबूत बन सकता है। पीड़ित परिवार का कहना है कि इस वीडियो को देखकर भी अगर कार्रवाई नहीं हुई तो वे हाईकोर्ट तक जाएंगे।
ये खबरें भी पढ़ें...
इंदौर सड़क हादसा: शादी से लौट रहे बारातियों की गाड़ी ट्रक में घुसी, चार की मौत
पैनिक बटन काम न करने पर रद्द होगा एमपी में यात्री बसों का फिटनेस और परमिट
भोजशाला विवाद: आज हिंदू फ्रंट रखेगा पक्ष, मांग है कि सरस्वती देवी की प्रतिमा स्थापित हो, नमाज बंद हो
एमपी में मौजूद है नीम करोली बाबा की दुर्लभ निशानी, जानें 53 साल पुराने कलश का रहस्य