सातवें वेतनमान पर हाई कोर्ट सख्त, IAS संजय गोयल और शिल्पा गुप्ता को अल्टीमेटम, चार हफ्ते में आदेश मानें वरना कोर्ट में हों हाजिर
अवमानना मामले में हाई कोर्ट ने दिखाई सख्ती
जस्टिस दीपक खोत ने 23 नवंबर 2026 को अवमानना याचिका क्रमांक CONC-2092/2019 की सुनवाई करते हुए यह निर्देश दिया। मामला स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव आईएएस डॉ. संजय गोयल और तत्कालीन लोक शिक्षण आयुक्त शिल्पा गुप्ता द्वारा न्यायालय के आदेश का समुचित पालन नहीं किए जाने से जुड़ा है। कोर्ट ने 17 जून 2025 को पारित आदेश का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि अधिकारियों की व्यक्तिगत उपस्थिति से संबंधित पूर्व निर्देश फिर से प्रभावी हो गए हैं।
सुप्रीम कोर्ट में SLP दाखिल करने का दिया हवाला
सुनवाई के दौरान अधिकारियों की ओर से पेश अधिवक्ता ने अनुपालन रिपोर्ट अथवा जवाब प्रस्तुत करने के लिए समय मांगा। उन्होंने बताया कि रिट अपील क्रमांक 1919/2026 में पारित आदेश को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (SLP) दाखिल की गई है। इस रिट अपील में हाई कोर्ट के 17 जून 2025 के आदेश की पुष्टि की गई थी।
इस पर जस्टिस दीपक खोत ने स्पष्ट किया कि हाई कोर्ट की समन्वय पीठ 17 जून 2025 को ही अधिकारियों को न्यायालय के आदेश की अवज्ञा का दोषी पा चुकी है। रिट अपीलीय अदालत ने केवल अपील लंबित रहने तक अधिकारियों को व्यक्तिगत उपस्थिति से राहत दी थी। अब रिट अपील खारिज हो चुकी है।
न अधिकारी पहुंचे, न छूट के लिए दिया आवेदन
हाई कोर्ट ने कहा कि यदि अधिकारियों को व्यक्तिगत उपस्थिति से छूट चाहिए थी तो इसके लिए अलग से आवेदन प्रस्तुत करना जरूरी था। हालांकि, सुनवाई के दौरान न तो अधिकारी उपस्थित हुए और न ही उनकी ओर से छूट का आवेदन दिया गया। कोर्ट ने लंबित SLP के हवाले को आदेश का अनुपालन टालने के लिए पर्याप्त आधार नहीं माना। अधिकारियों को अनुपालन के लिए चार सप्ताह का अंतिम अवसर दिया गया है। मामले की अगली सुनवाई 24 दिसंबर 2026 को होगी।
शिल्पा गुप्ता का हो चुका तबादला
हाई कोर्ट ने जिस 17 जून 2025 के आदेश का हवाला दिया है, उसमें स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. संजय गोयल और तत्कालीन लोक शिक्षण आयुक्त आईएएस शिल्पा गुप्ता के नाम उनके पदनाम सहित दर्ज हैं। हालांकि, शिल्पा गुप्ता अब गृह विभाग की सचिव बन चुकी हैं। वर्तमान में अभिषेक सिंह लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) के आयुक्त हैं। ऐसे में अगली सुनवाई के दौरान सरकारी अधिवक्ता की ओर से पदस्थापना में हुए बदलाव की जानकारी हाई कोर्ट को दी जा सकती है।
इसके बाद कोर्ट के निर्देश के आधार पर वर्तमान लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह को व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित होना पड़ सकता है। हालांकि, व्यक्तिगत उपस्थिति को लेकर अंतिम निर्णय हाई कोर्ट का ही होगा।
2019 से चल रहा है सातवें वेतनमान का विवाद
इस पूरे मामले की शुरुआत मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की रिट याचिका क्रमांक 29406/2018 से हुई थी। हाई कोर्ट ने 2 जनवरी 2019 को शासकीय अनुदान प्राप्त अशासकीय शिक्षण संस्थाओं के शिक्षकों और कर्मचारियों को सातवें वेतनमान का लाभ देने के संबंध में अभ्यावेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।
कोर्ट ने राज्य सरकार को 60 दिनों के भीतर अभ्यावेदन का निराकरण करने और पात्र पाए जाने पर अगले दो महीने में सातवें वेतनमान का लाभ देने को कहा था। हालांकि, लोक शिक्षण संचालनालय ने 20 जनवरी 2020 को अभ्यावेदन खारिज कर दिया। इसके बाद मामला लगातार हाई कोर्ट में पहुंचता रहा।
बार-बार न्यायालय के निर्देशों के बावजूद नहीं निकला समाधान
सातवें वेतनमान से जुड़े इस मामले में पिछले कई वर्षों के दौरान न्यायालय ने विभाग को आवश्यक निर्देश दिए, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हो सका।
- 5 दिसंबर 2023: हाई कोर्ट ने आदेश के अनुपालन को प्रथम दृष्टया संतोषजनक नहीं माना।
- 5 अप्रैल 2024: विभाग की ओर से मंत्री के प्रशासनिक अनुमोदन और वित्त विभाग के निर्णय की प्रतीक्षा का हवाला दिया गया।
- 12 जुलाई 2024: रिट अपील क्रमांक 1252/2024 का निस्तारण हुआ।
- 30 अगस्त 2024: मामले पर दोबारा विचार करने और जरूरत पड़ने पर इसे कैबिनेट के समक्ष रखने के निर्देश दिए गए।
- 9 अक्टूबर 2024: लोक शिक्षण आयुक्त ने अभ्यावेदन खारिज कर दिया।
- 22 अप्रैल 2025: हाई कोर्ट ने अभ्यावेदन खारिज करने वाले आदेश का संज्ञान लिया।
31 मार्च 2000 तक नियुक्त कर्मचारियों के लिए क्या है नियम?
जस्टिस अवनींद्र कुमार सिंह ने 17 जून 2025 को पारित आदेश में सुप्रीम कोर्ट के फैसले स्टेट ऑफ मध्य प्रदेश बनाम शरीक ए. अली और हाई कोर्ट की खंडपीठ के 7 अप्रैल 2025 के फैसले का हवाला दिया था। खंडपीठ का यह फैसला रिट अपील क्रमांक 647/2025 में स्टेट ऑफ मध्य प्रदेश बनाम अशोक कुमार गुप्ता मामले में दिया गया था।
इन न्यायिक फैसलों के आधार पर कोर्ट ने स्पष्ट किया था कि 31 मार्च 2000 तक नियुक्त कर्मचारियों पर 1978 के मूल अधिनियम और अनुदान नियमों के प्रावधान लागू होते हैं। नियम 33(i) के तहत ऐसे कर्मचारियों को शासकीय संस्थानों में समकक्ष श्रेणी के कर्मचारियों के अनुरूप वेतनमान और अन्य लाभ दिए जाने का प्रावधान है।
कैबिनेट के समक्ष मामला नहीं रखने पर कोर्ट ने उठाए सवाल
हाई कोर्ट ने पाया था कि 9 अक्टूबर 2024 को अभ्यावेदन खारिज करने वाले आदेश में यह स्पष्ट नहीं किया गया था कि संबंधित कर्मचारी 1 अप्रैल 2000 के बाद नियुक्त हुए हैं। इसके अलावा मामले को समुचित विचार के लिए कैबिनेट के समक्ष भी नहीं रखा गया था। वित्त विभाग की आपत्तियों को भी रिकॉर्ड पर नहीं लाया गया। कोर्ट ने माना था कि कार्य नियमों के अनुसार मामले को सर्वोच्च सक्षम प्राधिकारी यानी कैबिनेट के समक्ष नहीं ले जाना भी न्यायालय के आदेश की अवज्ञा का हिस्सा था।
शिक्षक संघ को नहीं, शिक्षण संस्थाओं को जारी होनी थी राशि
मामले की सुनवाई के दौरान यह तर्क भी दिया गया था कि मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने व्यक्तिगत कर्मचारियों की ओर से अलग-अलग याचिकाएं दाखिल नहीं की थीं। हालांकि, हाई कोर्ट ने इस तर्क को स्वीकार नहीं किया। कोर्ट ने स्पष्ट किया था कि सातवें वेतनमान की राशि सीधे शिक्षक संघ को नहीं, बल्कि संबंधित शिक्षण संस्थाओं को जारी होनी थी। सरकारी अनुदान के अभाव में इन संस्थाओं के लिए अपने शिक्षकों और कर्मचारियों को भुगतान करना संभव नहीं था।
अधिकारियों को जानबूझकर आदेश की अवज्ञा का माना था दोषी
हाई कोर्ट ने 17 जून 2025 के आदेश में माना था कि स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. संजय गोयल और तत्कालीन लोक शिक्षण आयुक्त शिल्पा गुप्ता ने 2 जनवरी 2019 के आदेश का समुचित पालन नहीं किया। कोर्ट ने इसे जानबूझकर न्यायालय के आदेश की अवज्ञा मानते हुए दोनों अधिकारियों की व्यक्तिगत उपस्थिति के लिए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए थे। अब 24 दिसंबर को होने वाली सुनवाई में विभाग की ओर से आदेश के अनुपालन और अधिकारियों की पदस्थापना में हुए बदलाव को लेकर क्या जानकारी प्रस्तुत की जाती है, इस पर आगे की न्यायिक कार्रवाई निर्भर करेगी।