सीएम मोहन यादव और नए मुख्य सचिव की पहली बैठक आज, कई सीनियर आईएएस की बदल सकती है जिम्मेदारी
CM-CS की इस बैठक में प्रशासनिक रीशफल पर चर्चा होगी। साथ ही वरिष्ठ IAS अधिकारी राजेश राजौरा की नई जिम्मेदारी, जिला पंचायत सीईओ की लंबित तबादला सूची और प्रदेश की अहम विकास योजनाओं पर चर्चा होने की संभावना है।
दरअसल यह बैठक गुरुवार रात होनी थी। लेकिन सीएम मोहन यादवआलीराजपुर दौरे से देर रात लौटे। इस वजह से चर्चा टल गई थी। आज सीएम चर्चा के लिए CS अशोक बर्णवालको बुलाएंगे। इसी बैठक में आगे की प्रशासनिक रणनीति तय होगी।
पहली सूची होगी छोटी
सूत्रों के मुताबिक पहली तबादला सूची बहुत बड़ी नहीं होगी। इसमें सिर्फ दो से तीन विभाग शामिल हो सकते हैं। आईएएस अशोक बर्णवालके पास स्वास्थ्य महकमे की जिम्मेदारी थी। उनके सीएस बनने के बाद अब इस विभाग की कमान सीनियर आईएएस को दी जाएगी।
इसी तरह बर्णवाल के सीएस बनने के बाद उनसे सीनियर आईएएस राजेश राजौरा को मंत्रालय के बाहर जाना होगा। इसके चलते उनके विभाग जल संसाधन और नर्मदा विकास विभाग की जिम्मेदारी भी किसी सीनियर आईएएस को मिलेगी। इन दो विभागों की जिम्मेदारी के चलते 2-3 अन्य विभाग भी प्रभावित होंगे। कुल मिलाकर आज पांच से छह वरिष्ठ IAS अधिकारियों को नई जिम्मेदारी मिल सकती है।
राजौरा को मिलेगी नई जिम्मेदारी
1990 बैच के आईएएस अधिकारी राजेश राजौरा मंत्रालय से बाहर जाएंगे। संभावना है कि राजौरा को व्यापम, कर्मचारी चयन मंडल, राजस्व मंडल और Tribal Research Institute जैसी संस्थाओं का अध्यक्ष बनाया जा सकता है।
दरअसल, मंत्रालय में लंबे समय से यह परंपरा रही है कि किसी जूनियर अधिकारी के मुख्य सचिव बनने पर उससे वरिष्ठ अधिकारी को सीधे उसके अधीन काम नहीं कराया जाता। ऐसे वरिष्ठ अधिकारी को आमतौर पर किसी स्वतंत्र पद पर भेज दिया जाता है।
व्यापम, कर्मचारी चयन मंडल, प्रशासन अकादमी, जनजातीय अनुसंधान संस्थान और राजस्व मंडल ऐसे ही पद माने जाते हैं। इन संस्थाओं के प्रमुख सीधे मुख्य सचिव के अधीन काम नहीं करते। इसी वजह से राजेश राजौरा को भी इनमें से किसी महत्वपूर्ण पद पर भेजे जाने की संभावना है।
उन्हें कहां भेजा जाएगा, इस पर आज चर्चा होने की संभावना है।
पंचायत सीईओ रीशफल पर भी चर्चा संभव
आज की बैठक में लंबे समय से अटकी जिला पंचायत सीईओ की तबादला सूची पर भी चर्चा हो सकती है। इसके साथ ही प्रदेश की विकास योजनाओं की समीक्षा भी की जाएगी। किन योजनाओं पर तेजी से काम करना है और किन योजनाओं को आगे बढ़ाना है, इस पर भी मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के बीच बात होने की संभावना है।
राजेश राजौरा के बारे में जानें
बीच में अनुराग जैन के अवकाश पर जाने के बाद मध्यप्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. राजेश राजौरा (Rajesh Rajoura IAS) को मुख्य सचिव पद का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था।
राजेश राजौरा 1990 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और मध्यप्रदेश कैडर के सबसे अनुभवी अधिकारियों में गिने जाते हैं।
व्यक्तिगत पृष्ठभूमि
- मूल निवासी: नीमच, मध्यप्रदेश
- शिक्षा: एमबीबीएस (MBBS)
- चिकित्सा क्षेत्र की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवा में कदम रखा।
कई अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं
राजेश राजौरा का प्रशासनिक अनुभव काफी व्यापक है। उन्होंने राज्य सरकार के कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली है।
- प्रमुख विभाग
- कृषि विभाग
- गृह विभाग
- उद्योग विभाग
- उद्यानिकी विभाग
- परिवहन विभाग
इन विभागों में काम करते हुए उन्होंने नीतियों के क्रियान्वयन और प्रशासनिक सुधारों में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कई जिलों के कलेक्टर रह चुके हैं
राजेश राजौरा ने जिला प्रशासन में भी लंबा अनुभव हासिल किया है।
जिन जिलों में रहे कलेक्टर
- धार
- बालाघाट
- उज्जैन
- इंदौर
इसके अलावा वे झाबुआ में एडिशनल कलेक्टर के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
मुख्य सचिव बनने की दौड़ में पहले भी थे शामिल
जब मध्यप्रदेश में मुख्य सचिव पद (mp ias news) के लिए नामों पर चर्चा हो रही थी, तब राजेश राजौरा का नाम भी प्रमुख दावेदारों में शामिल था।
हालांकि बाद में केंद्र सरकार के हस्तक्षेप के बाद उस समय IAS अनुराग जैन को दिल्ली से मध्यप्रदेश भेजा गया था और उन्हें मुख्य सचिव नियुक्त किया गया था। वहीं अब अशोक बर्णवाल मध्य प्रदेश का नया मुख्य सचिव बनया गया है। बर्णवाल,अनुराग जैन की जगह लेंगे।
अशोक बर्णवाल के बारे में जानें
अशोक बर्णवाल मध्य प्रदेश कैडर के 1991 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी हैं। उन्हें प्रशासनिक अनुभव का लंबा कार्यकाल हासिल है। उन्होंने राज्य सरकार के कई महत्वपूर्ण विभागों में जिम्मेदारियां निभाई हैं।
मुख्य सचिव बनने से पहले वे लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में अपर मुख्य सचिव थे। इसके अलावा गैस राहत एवं पुनर्वास विभाग और खाद्य सुरक्षा आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी उनके पास था।
ये खबरें भी पढ़ें...
ताला तोड़ने से CS तक का सफर, अनुराग जैन ने सुनाया अशोक बर्णवाल का दिलचस्प किस्सा
वरिष्ठ आईएएस अशोक बर्णवाल बने मध्य प्रदेश के नए मुख्य सचिव
जांच अटकाने के मामले में आईएएस अशोक बर्णवाल समेत 7 को नोटिस, ये है पूरा विवाद
हाईकोर्ट ने आईएएस अशोक बर्णवाल समेत 4 अफसरों के खिलाफ जारी किया जमानती वारंट
स्वास्थ्य विभाग | Administrative Reshuffle | IAS Transfer List | मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल