MP Police Jobs: मध्य प्रदेश पुलिस में 2673 पद बढ़े, इंदौर में खुलेंगे 3 नए थाने, जानें पूरी अपडेट
यह जानकारी पुलिस मुख्यालय की सांख्यिकी डेटा पुस्तिका-2025 (Statistical Data Handbook) में दी गई है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने मंगलवार को पुलिस मुख्यालय में इस पुस्तिका का विमोचन किया। इस पुस्तिका में 1 जनवरी से 31 दिसंबर 2025 तक के आंकड़े शामिल किए गए हैं। इसमें पुलिस विभाग के पदों, स्वीकृत बल और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी जानकारी दी गई है।
किन विभागों में कितने पद बढ़े?
पुलिस विभाग के स्वीकृत बल में साल 2025 के दौरान कुल 2673 पद बढ़ाए गए हैं। इनमें अलग-अलग इकाइयों के पद शामिल हैं। जैसे-
- तकनीकी सेवाएं (FSL): 1266 पद
- पुलिस बैंड: 932 पद
- हॉक फोर्स: 325 पद
- जिला पुलिस बल, उज्जैन: 150 पद
हालांकि, ये स्वीकृत पदों में बढ़ोतरी के आंकड़े हैं। इन पदों पर नई भर्ती को लेकर अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है।
फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी में 1266 पद बढ़े
मध्य प्रदेश पुलिस में बढ़ाए गए पदों में सबसे ज्यादा संख्या फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी यानी FSL की है। आंकड़ों के मुताबिक, FSL के कुल 1266 पद बढ़ाए गए हैं। इन पदों का संबंध अपराधों की जांच व्यवस्था को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने से है।
फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी अपराध से जुड़े साइंटिफिक एविडेंस की जांच में जरूरी रोल निभाती है। ऐसे में FSL के पदों में बढ़ोतरी को पुलिस की वैज्ञानिक जांच व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पुलिस बैंड में भी बढ़ाए गए पद
मध्य प्रदेश पुलिस की सांख्यिकी डेटा पुस्तिका में पुलिस बैंड से जुड़े पदों की जानकारी भी दी गई है। इसके मुताबिक, पुलिस बैंड में 932 पद बढ़ाए गए हैं। इसके अलावा हार्क फोर्स में 325 और उज्जैन जिले के बल में 150 पद बढ़ाए गए हैं। अलग-अलग इकाइयों में पदों की संख्या बढ़ाने से विभाग के स्वीकृत ढांचे में बदलाव हुआ है। पुलिस विभाग की विभिन्न जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इन पदों को शामिल किया गया है।
प्रदेश में अब 1176 पुलिस थाने
मध्य प्रदेश में साल 2024 तक कुल 1173 पुलिस थाने थे। साल 2025 में उज्जैन में दो नए थाने खोले गए। इसके बाद साल 2026 में भोपाल का कजलीखेड़ा थाना शुरू हुआ। इससे प्रदेश में थानों की कुल संख्या 1176 हो गई है। वहीं, इंदौर शहर में तीन नए पुलिस थाने स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस वाहनों की संख्या भी बढ़ी
पुलिस विभाग में वाहनों की संख्या 1150 से बढ़कर साल 2025 में 1200 हो गई है। यानी 50 वाहनों की बढ़ोतरी हुई है। पुलिस मुख्यालय की इस पुस्तिका में 1 जनवरी से 31 दिसंबर 2025 तक की जानकारी शामिल की गई है।
इसमें पुलिस बल, आवास, वाहन, डायल-112 सेवा और विभाग की उपलब्धियों के आंकड़े दिए गए हैं। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने बताया कि ये आंकड़े भविष्य की योजनाएं बनाने, संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और पुलिस विभाग की जरूरतों को समझने में मदद करेंगे।
क्या इन पदों पर नई भर्ती होगी?
सांख्यिकी डेटा पुस्तिका (Statistical Data Handbook) में पुलिस विभाग के स्वीकृत पदों में बढ़ोतरी की जानकारी दी गई है। इसलिए उम्मीदवारों को इन पदों को फिलहाल भर्ती की घोषणा नहीं मानना चाहिए। यदि भविष्य में इन पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होती है, तो उससे जुड़ी जानकारी संबंधित विभाग की ओर से जारी की जाएगी।
FAQs:
- मध्य प्रदेश पुलिस में कितने पद बढ़ाए गए हैं?
साल 2025 में मध्य प्रदेश पुलिस संगठन के स्वीकृत बल में कुल 2673 पद बढ़ाए गए हैं। - MP Police में सबसे ज्यादा पद किस विभाग में बढ़े हैं?
सबसे ज्यादा 1266 पद तकनीकी सेवाएं (FSL) में बढ़ाए गए हैं। - मध्य प्रदेश में कुल कितने पुलिस थाने हैं?
साल 2026 में भोपाल का कजलीखेड़ा थाना शुरू होने के बाद प्रदेश में कुल 1176 पुलिस थाने हो गए हैं।