मप्र पुलिस के 9662 पदों पर भर्ती तेजी से होगी, सिंहस्थ के लिए चाहिए 60 हजार का बल
मध्यप्रदेश पुलिस विभाग में उपनिरीक्षक, आरक्षक, सूबेदार के नौ हजार 662 पदों पर भर्ती की मंजूरी मिली है। इसमें 1000 आरक्षक (ड्राइवर) पद पर तो साल 2012 के बाद भर्ती होगी। फिलहाल पुलिस भर्ती बोर्ड का गठन नहीं हुआ है, ऐसे में ईएसबी के जरिए ही यह भर्ती होगी। सिंहस्थ 2028 के कारण यह प्रक्रिया तेजी से होने वाली है। अगस्त माह में ही इसके नोटिफिकेशन संभावित है।
सिंहस्थ के लिए चाहिए पुलिस बल
मप्र पुलिस में अभी करीब एक लाख का पुलिस बल है। लेकिन अकेले सिंहस्थ 2028 में ही करीब 60 हजार पुलिस बल लगने की संभावना है। इस बार सिंहस्थ में करीब 30 करोड़ श्रृद्दालुओं के आने की संभावना है। इसके चलते मप्र शासन को जल्द से जल्द पुलिस बल को बढ़ाना है।
इसी साल परीक्षा कराने को कहा
जानकारी के मुताबिक पुलिस मुख्यालय ने नई नौ हजार 662 भर्ती की परीक्षा इसी साल कराने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य है कि भर्ती प्रक्रिया को समय पर आगे बढ़ाया जा सके। योजना है कि अगले मानसून सत्र से पहले परीक्षा के बाद फिजिकल टेस्ट भी पूरा करा लिया जाए।
भर्ती के बाद जवानों को करीब 9 माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कोशिश है कि सिंहस्थ 2028 से पहले सभी नए भर्ती जवान साल 2027 के अंत या 2028 के पहले माह तक ज्वाइन कर लें। इससे पुलिस विभाग को बड़ी राहत मिलेगी।
परीक्षा पैटर्न, अंक नहीं बदलेंगे
जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश पुलिस भर्तीजल्दी कराने के लिए इस बार परीक्षा पैटर्न, अंक आदि में कोई बदलाव नहीं होगा। लिखित परीक्षा, शारीरिक परीक्षा और इंटरव्यू के मापदंड़ों और अंकों में बदलाव नहीं होगा और यह 2025 की भर्ती जैसे ही रहेंगे।
- आरक्षक भर्ती लिखित परीक्षा ऑनलाइन के जरिए 100 अंक की होगी। शारीरिक परीक्षा भी 100 अंक की रहेगी। शारीरिक परीक्षा में वहीं मानक रहेंगे जो अभी थे।
- उप निरीक्षक भर्ती में लिखित परीक्षा 600 अंक और शारीरिक परीक्षा 100 अंक व इंटरव्यू 50 अंक रहेंगे। शारीरिक परीक्षा में वहीं मानक रहेंगे जो अभी थे।
नई ज्वाइनिंग से मिली राहत
ईएसबी ने 2025 की भर्ती में सात हजार 500 पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी की है। 13 फीसदी होल्ड पद छोड़कर छह हजार 525 पदों का रिजल्ट जारी किया गया, जिनमें से करीब छह हजार उम्मीदवार ज्वाइन कर चुके हैं।
बाकी पदों को वेटिंग लिस्ट के उम्मीदवारों से पूरा किया जा रहा है। ईएसबी उप निरीक्षक और सूबेदार के 500 पदों का रिजल्ट भी जारी कर चुका है, जिनकी ज्वाइनिंग प्रक्रिया जारी है।
ये भी पढ़ें...
नीट कांड में धर्मेंद्र प्रधान हटे, डीजी हटे, स्टाफ हटा लेकिन फिर बचे NTA प्रमुख प्रदीप जोशी
इंजीनियरिंग पास युवाओं के लिए मौका: BDL ने ग्रेजुएट्स के लिए निकाली सरकारी भर्ती
NEYU छात्र नेताओं की रिहाई के लिए पुलिस की शर्त- सरकारी अधिकारी दें जमानत
पुलिस वैन रोकने वाली लड़की बनी सोशल मीडिया सेंसेशन, जानें कौन हैं रिया अहिर