एमपी में बेरोजगारी का गणित: छह महीने में घटे आंकड़े, फिर बढ़े 75 हजार बेरोजगार !

Atul Dwivedi | Sept 04, 2026, 22:18 IST
MP में बेरोजगारी का गणित
मध्यप्रदेश में बेरोजगारी के आंकड़े एक बार फिर चर्चा में हैं। रोजगार पोर्टल पर दर्ज बेरोजगार युवाओं की संख्या में बड़ा उतार-चढ़ाव सामने आया है। दिसंबर 2025 से जून 2026 तक जहां 8 लाख से ज्यादा पंजीकृत बेरोजगार कम हुए।

समझें क्या है पूरा मामला

  • MP रोजगार पोर्टल पर बेरोजगारों की संख्या बढ़ी।
  • सितंबर 2026 में आंकड़ा 18.45 लाख पहुंचा।
  • जून से सितंबर के बीच 74,843 युवा बढ़े।
  • कांग्रेस विधायक हीरालाल अलावा ने सवाल उठाए।
  • सरकार ने रोजगार योजनाओं की जानकारी दी।

मध्यप्रदेश में बेरोजगारी हमेशा से बड़ा मुद्दा रही है। प्रदेश सरकार अब बेरोजगारों को आकांक्षी युवा कहती है। लेकिन इन आकांक्षी युवाओं के आंकड़ों को लेकर हमेशा से सवाल उठते रहे हैं।



31 दिसंबर 2025 तक रोजगार पोर्टल पर 25 लाख 95 हजार 680 बेरोजगार रजिस्टर्ड थे। लेकिन 30 जून 2026 इनकी संख्या घटकर 17 लाख 71 हजार 132 रह गई।



यानी 6 महीने में ही 8 लाख 24 हजार 548 रजिस्टर्ड बेरोजगार कम हो गए। लेकिन अब आलम देखिए 4 सितंबर 2026 तक रजिस्टर्ड बेरोजगारों की संख्या बढ़कर 18 लाख 45 हजार 975 पहुंच गई है।



यानी एक तरफ जहां दिसंबर 2025 से जून 2026 तक 8 लाख से ज्यादा बेरोजगार कम हुए, तो अब जून से सितंबर 2026 तक 74 हजार 843 रजिस्टर्ड बेरोजगार बढ़ गए हैं। यानी महज 4 महीने में ही लगभग 75 हजार बेरोजगार बढ़ गए हैं।



31 दिसंबर 2025 तक- 25 लाख 95 हजार 680


30 जून 2026 तक- 17 लाख 71 हजार 132


04 सितंबर 2026 तक-18 लाख 45 हजार 975



कांग्रेस विधायक ने किया था सवाल

कांग्रेस विधायक हीरालाल अलावा ने विधानसभा में सवाल उठाया था। विधायक ने पूछा था कि प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने और 'हर हाथ को काम' देने के लिए कौन सी योजनाएं चल रही हैं ? विधायक ने रोजगार पोर्टल पर रजिस्टर्ड बेरोजगारों की संख्या, रोजगार मेलों पर हुए खर्च का भी ब्योरा मांगा था।



इसके जवाब में कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने जवाब दिया। तब मंत्री ने विधानसभा में बताया था कि 30 जून 2026 तक एमपी रोजगार पोर्टल पर 17 लाख 71 हजार 132 आकांक्षी युवा (पंजीकृत बेरोजगार) दर्ज हैं। लेकिन अब 4 सितंबर 2026 की स्थिति में इन बेरोजगारों की संख्या बढ़कर 18 लाख 45 हजार 975 तक पहुंच गई है।



जून 2026 से अगस्त 2026 तक कितनी भर्तियां ?

इस दौरान हुईं सरकारी भर्तियों की बात करें तो कर्मचारी चयन मंडल ने इस दौरान कुल चार बड़ी भर्तियां निकालीं। इन भर्तियों में ग्रुप 2 सब ग्रुप 1 कृषि विस्तार अधिकारी, ग्रुप 2 सब ग्रुप 4, ग्रुप 3 सब इंजीनियर भर्ती और सुबेदार सब इंस्पेक्टर के पदों पर भर्तियां निकाली हैं।



इन भर्तियों में कुल 7 हजार 297 पद निकाले गए। यानी अगर देखें तो 75 हजार बेरोजगार इस दौरान बढ़े, लेकिन सरकारी पदों पर भर्तियां निकली महज 7 हजार 297। यानी इसे ऊंट के मुंह में जीरा कहना भी सही नहीं होगा।



ढाई लाख पद भरने का वादा

एक तरफ बेरोजगार बढ़ रहे हैं, तो दूसरी तरफ सरकार की घोषणाओं में भी कोई कमी नहीं है। हाल ही में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आने वाले 2 सालों में ढाई लाख पद भरने की बात कही है।



इन पदों में सरकार पुलिस विभाग और शिक्षा विभाग में खाली पड़े पदों को भी भरेगी। पुलिस विभाग में 18 हजार से ज्यादा पद भरने की बात कही गई है। इसके अलावा शिक्षा विभाग ने भी 10 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती की बात हाल ही में कही है।



पिछली भर्तियों पर उठ रहे सवाल

एक तरफ सरकार 2 साल में ढाई लाख पदों को भरने की बात कर रही है। तो दूसरी तरफ पुरानी शिक्षक भर्ती को लेकर वेटिंग शिक्षक भोपाल के नीलम पार्क में लगभग 16 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। इन शिक्षकों में वर्ग 1, 2 और 3 के वेटिंग शिक्षक शामिल हैं।



इन शिक्षकों की मांग पदवृद्धि की है। वर्ग 2 के वेटिंग शिक्षक हर विषय में 3-3 हजार पद बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। जबकि वर्ग 3 के वेटिंग शिक्षक सरकार से 25 हजार पद मांग रहे हैं। साल 2023 में आई वर्ग 1 की भर्ती में भी पदवृद्धि की मांग जोर पकड़ रही है।



जीतू पटवारी ने बताए आंकड़े

सरकारी पदों पर भर्ती के दावों के बीच पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने विभागों में खाली पड़े पदों का ब्योरा दिया। जीतू ने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग में 26 हजार से ज्यादा पद खाली हैं। गृह विभाग में 20 हजार 470 पद खाली। लोक सेवा एवं परिवार कल्याण में 15 हजार पद खाली। राजस्व विभाग में 8 हजार पद खाली।



उच्च शिक्षा विभाग में 6 हजार 400 पद खाली। पंचायत विभाग में 6 हजार 500 पद खाली। तकनीकि शिक्षा कौशल विभाग में 4 हजार 336 पद खाली। वन विभाग में 4 हजार 88 पद खाली। नगरीय विकास एवं आवास विभाग में 3 हजार पद खाली।



ऊर्जा विभाग में 1500 पद खाली। महिला एवं बाल विकास विभाग में 1200 पद खाली। सहकारिता विभाग में 1 हजार पद खाली। जेल विभाग में 1 हजार पद खाली। अन्य विभागों में लगभग 1 लाख पद खाली। जीतू का दावा है कि टोटल पूरे प्रदेश में 2 लाख 1 हजार 312 पद खाली हैं।



ये भी पढ़ें...

एमपी में एक साल में कम हुए 2,426 स्कूल, जीतू पटवारी ने मांगा सीएम मोहन से जवाब



MP Top News : मध्य प्रदेश की बड़ी खबरें, एमपी टीईटी के आवेदन की तारीख बढ़ी



एमपी में भारी बारिश को लेकर सीएम मोहन यादव ने कलेक्टरों को किया हाई अलर्ट



नौकरी चली गई तो चिंता नहीं... बेरोजगारी भत्ता योजना ABVKY अब 2027 तक लागू रहेगी



Tags:
  • कर्मचारी चयन मंडल
  • जीतू पटवारी
  • मध्य प्रदेश
  • सहकारिता विभाग
  • महिला एवं बाल विकास विभाग
  • बेरोजगार
  • राज्यमंत्री गौतम टेटवाल
  • हीरालाल अलावा