MPPSC राज्य सेवा परीक्षा प्री में इस बार कितना रहा कटऑफ, नेगेटिव मार्किंग का इतना असर
Indore: एमपी लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा परीक्षा में 156 पद के लिए मेंस में कुल 3775 उम्मीदवार चयनित हुए हैं। वहीं वन सेवा में 36 पद के लिए 783 उम्मीदवार चयनित हुए हैं। सितंबर में दोनों की मेंस होगी। वहीं उम्मीदवारों की जिज्ञासा इस बात की है कि आखिर कटऑफ कितना रहा है क्योंकि पहली बार नेगेटिव मार्किंग हुई है। इसका खासा असर भी हुआ है।
पीएससी अब कटऑफ नहीं बताता
मध्य प्रदेश पीएससी में पहली बार नेगेटिव मार्किंग साल 2026 की इसी परीक्षा से शुरू हुई है। इसमें एक तिहाई अंक गलत आंसर पर काटे गए। पीएससी ने साल 2025 की परीक्षा से ही नियम बना दिया है कि वह अंतिम चयन के बाद ही वह प्री का कटऑफ घोषित करेगा जैसा की यूपीएससी में नियम है। हालांकि मप्र हाईकोर्ट के आदेश के चलते साल 2025 का कटऑफ आयोग ने कोर्ट में बताया था। लेकिन इस बार 2026 में यह सामने नहीं आया है।
इतना कटऑफ जाने की संभावना
'द सूत्र' को उम्मीदवारों से मिले संदेश और हुई चर्चा के आधार पर कटऑफ का एक अंदाजा सामने आया है। इस संबंध में एकदम सटीक बताया जाना मुश्किल है। लेकिन जो उम्मीदवार चयनित हुए और जो नहीं हो सके उनके अंक कितने थे। इन सभी से इसका एक संभावित कटऑफ सामने आया है।
अनारक्षित- बीती परीक्षा 2025 के दौरान कटऑफ 80 फीसदी था। लेकिन इस बार नेगेटिव मार्किंग के कारण जो सामने आया है यह कटऑफ अनारक्षित कैटेगरी में 71 फीसदी अंक के करीब रहा है। इतने अंक वाले 87 फीसदी मूल रिजल्ट की कैटेगरी में आए हैं। वहीं जिनके 67-68 अंक आए हैं वह 13 फीसदी प्रोवीजनल रिजल्ट में शामिल हुए हैं।
ओबीसी और EWS में इन दोनों कैटेगरी में करीब एक जैसा ही कटऑफ रहा है। इसमें 68 फीसदी अंक छूने वाले प्री में सफल हुए हैं। हालांकि ओबीसी में 13 फीसदी कैटेगरी में 65 से 66 फीसदी अंक के बीच वाले सफल हुए हैं। EWS में भी करीब 68 फीसदी वाले सफल हुए हैं।
एससी और एसटी कैटेगरी में जानकारी के अनुसार एससी कैटेगरी में 64 फीसदी अंक वाले सफल हुए हैं तो वहीं एसटी कैटेगरी में यह 58-60 फीसदी अंक करीब रहा है।
एक डिलीट और दो विकल्प सही ने डाला असर
दरअसल इस कटऑफ के अनारक्षित में 67-68 करीब रहने की संभावना थी। लेकिन आयोग द्वारा जारी की गई फाइनल आंसर की में एक सवाल को डिलीट किया गया और दो सवालों के दो-दो विकल्प सही माने गए। यानी इसमें से किसी एक पर भी टिक किया गया तो हो उसे सही माना गया। डिलीट सवाल के अंक सभी को मिलते हैं। इन वजह से यह कटऑफ सभी कैटगेरी में दो फीसदी और अधिक जाने की संभावना जताई जा रही है।
राज्य सेवा परीक्षा मेंस में इतने चयनित
राज्य सेवा में 87 फीसदी कैटेगरी में 140 पद है। इसके लिए 3014 उम्मीदवार चुने गए। वहीं 13 फीसदी कैटेगरी में 16 पद है इसके लिए 731 उम्मीदवार चयनित हुए हैं। कुल 3775 उम्मीदवार चुने गए। कुल 156 पद में से अनारक्षित कैटेगरी के लिए 41, एससी के 20, एसटी के 33, ओबीसी के 42 और EWS के लिए 20 पद है। इसमें दिव्यांगजन कोटे में 6 पद जाएंगे।
राज्य वन सेवा परीक्षा में स्थिति
इसमें कुल 36 पद है। जिसमें 30 पद वन क्षेत्रपाल के हैं और 6 पद सहायक वन संरक्षक के हैं। सहायक वन संरक्षक के 6 पद में से 5 पद 87 फीसदी कैटेगरी में हैं और एक पद 13 फीसदी कैटगेरी में हैं। इसमें 87 फीसदी कैटेगरी में 741 उम्मीदवार और 13 फीसदी कैटेगरी में 1 पद के लिए 42 उम्मीदवार चुने गए हैं।
ये भी पढ़ें..
MPPSC राज्य सेवा परीक्षा व वन सेवा प्री 2026 के रिजल्ट जारी, 87-13 अपनी ही कैटेगरी में रहेंगे
MPPSC भर्ती नियमों में बड़ा बदलाव, नया ड्राफ्ट जारी, जानिए क्या-क्या बदलने वाला है
इंदौर में जल संकट: अब विधायक रमेश मेंदोला के घर भीड़ लेकर पहुंचे बीजेपी के ही पार्षद