MPPSC को नहीं मिल रहे योग्य दिव्यांग, अब स्टेट इंजीनियरिंग में 19 पद रह गए खाली

Sanjay Gupta | Sept 01, 2026, 12:49 IST
MPPSC को नहीं मिल रहे योग्य दिव्यांग
मध्यप्रदेश में पहले ही कम पदों पर आ रही भर्ती से युवा परेशान हैं, उधर जो पद आ रहे हैं, वहां योग्य उम्मीदवार नहीं मिल रहे। पद रिक्त जा रहे हैं। खासकर दिव्यांग के पदों के चलते अनारक्षित पदों पर अन्य युवा भी नहीं आ सकते हैं।

मध्यप्रदेश में युवा भर्ती के लिए परेशान हैं। सीएम डॉ. मोहन यादव ने ओरछा में बीजेपी कोर समिति की बैठक में कहा कि दो साल में ढाई लाख पद भरे जाएंगे। अभी तक 85 हजार भर्ती हो चुकी है। लेकिन इसी बीच एक संकट योग्य उम्मीदवार नहीं मिलने को लेकर भी है। खासकर दिव्यांगों को लेकर। स्पोर्ट्स ऑफिसर के बाद अब स्टेट इंजीनियरिंग सर्विस में भी पद रिक्त रह गए।



स्टेट इंजीनियरिंग में क्या हुआ

आयोग ने सोमवार, 31 अगस्त की शाम को स्टेट इंजीनियरिंग सर्विस के जल संसाधन विभाग (सिविल) के 21 पद की भर्ती और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (सिविल) के तीन पदों की भर्ती का रिजल्ट जारी किया। इसमें लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के दो पद एससी और एक ओबीसी के लिए था।



इन तीन पदों पर योग्य उम्मीदवार मिल गए। वहीं जल संसाधन विभाग के 21 पद पूरे के पूरे दिव्यांग कैटेगरी के लिए थे। इसमें केवल दो ही योग्य उम्मीदवार मिल सके और 19 पद रिक्त रह गए। इंटरव्यू के लिए जल संसाधन विभाग की भर्ती में कुल 72 उम्मीदवार सफल हो सकते थे लेकिन केवल 14 उम्मीदवार ही इंटरव्यू के लिए पात्र पाए गए थे। इसमें से भी दो ही सफल हो सके।



पदों की कैटेगरी के चलते अधिक अंक वाले रह गए

वहीं अलग-अलग कैटेगरी में पद सीमित होने से भी पद रिक्त रह गए। दिव्यांग में भी अलग-अलग कैटेगरी थी। ऐसे में अनारक्षित कैटेगरी में 202 और 169 अंक वाले चयनित हुए लेकिन वहीं ओबीसी में 286 और 267 अंक वाले चयनित नहीं हो सके। इसी तरह एससी कैटेगरी में 213 अंक वाले भी चयनित नहीं हो सके।



मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल में भी नहीं मिले थे

इसके पहले पीएससी ने मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल के लिए भी असिस्टेंट इंजीनियर के सात पदों के रिजल्ट जारी किए थे, तब भी पांच ही योग्य उम्मीदवार मिले थे। इसमें दो पद रिक्त रह गए थे।



स्पोर्ट्स ऑफिसर में यह हुआ था

इससे पहले हाल ही में पीएससी द्वारा जारी किए गए स्पोर्ट्स ऑफिसर के 187 पदों की भर्ती में यही हुआ था। इसमें 87 फीसदी कैटेगरी में 158 पद थे, इसमें अनारक्षित कैटेगरी के सभी 24 पद दिव्यांग के लिए थे, जिसमें से केवल 1 उम्मीदवार योग्य मिला और 23 पद रिक्त रह गए। इसी तरह एसटी कैटेगरी में 23 पद थे लेकिन पांच ही योग्य मिले और 18 पद रिक्त रह गए। इस तरह योग्य उम्मीदवार नहीं मिलने से 41 पद रिक्त रह गए थे।



ये खबरें भी पढ़िए...



गुरुजी, पहले सॉल्व करें सवाल, फिर लगेगी स्कूल में ई-अटेंडेंस!



शिक्षकों के 100% वेतन पर हाईकोर्ट का फैसला सुरक्षित, जल्द आ सकता है बड़ा आदेश



MP में पदोन्नति नियम पर क्यों भड़के अफसर? हर वर्ग में भारी नाराजगी!



MP के अधिकारी-कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, बढ़कर आएगी अगस्त की सैलरी



Tags:
  • सीएम डॉ. मोहन यादव
  • जल संसाधन विभाग
  • लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग
  • लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी
  • स्टेट इंजीनियरिंग