मध्य प्रदेश में रेत माफिया का खूनी खेल! वन आरक्षक को ट्रैक्टर से कुचला, मौत

Amresh Kushwaha | Apr 08, 2026, 09:44 IST
murena sand mafia kills forest guard tractor
मुरैना में रेत माफिया ने अवैध परिवहन रोकने गई वन विभाग टीम पर हमला कर दिया। ड्राइवर विनोद कोरी ने ट्रैक्टर-ट्रॉली से एक वन रक्षक को कुचल दिया। इससे वन रक्षक की मौके पर ही मौत हो गई है।

News In Short

  • मुरैना में रेत माफिया ने वन विभाग की टीम पर हमला किया है।
  • वन रक्षक हरकेश गुर्जर को ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर मार दिया गया है।
  • ड्राइवर विनोद कोरी हत्या के बाद ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया है।
  • वन विभाग ने ट्रैक्टर मालिक सोनू चौहान और पवन तोमर समेत तीन के नाम दिए हैं।
  • कलेक्टर, एसपी और डीएफओ मौके पर पहुंचे, हत्या का मामला दर्ज हुआ है।

News In Detail

मध्यप्रदेश के मुरैना से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां रेत माफिया (Sand Mafia) के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि उन्होंने कानून के रखवाले को ही मौत के घाट उतार दिया।



बुधवार, 08 अप्रैल को तड़के अवैध रेत के परिवहन पर कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला किया गया। इसमें एक वन रक्षक को ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर मार डाला गया।



कैसे हुई पूरी वारदात?

यह पूरी घटना दिमनी थाना इलाके के रानपुर गांव चौराहे की है। बुधवार सुबह करीब 6:00 बजे, जब पूरा इलाका जाग ही रहा था, तब वन विभाग की टीम अवैध उत्खनन को रोकने के लिए तैनात थी।



सूचना मिली थी कि रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां इस रास्ते से गुजरने वाली हैं। जैसे ही टीम ने घेराबंदी की, माफियाओं ने हिंसक रूप अख्तियार कर लिया।



आरक्षक की मौके पर ही हुई मौत

वन विभाग की 6 सदस्यीय टीम का नेतृत्व गेम रेंज ऑफिसर कर रहे थे। टीम ने जब रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने की कोशिश की, तो ड्राइवर विनोद कोरी ने ट्रैक्टर की रफ्तार बढ़ा दी। वन रक्षक हरकेश गुर्जर ने साहस दिखाते हुए उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन बेखौफ ड्राइवर ने उनके ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया।



हरकेश की मौके पर ही मौत हो गई। पास ही स्थित एक पेट्रोल पंप के सीसीटीवी (CCTV) में आरोपी की तस्वीरें कैद हुई हैं, जो अब पुलिस के लिए अहम सबूत हैं।



12067c77-5b0


तीन आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज

इस मामले में एमपी वन विभाग के गेम रेंज अधिकारी वीर कुमार तिर्की ने दिमनी थाने में आवेदन दिया है। विभाग ने स्पष्ट तौर पर तीन लोगों को इस हत्या का जिम्मेदार ठहराया है।



इनमें ट्रैक्टर ड्राइवर विनोद कोरी के साथ-साथ ट्रैक्टर के मालिक सोनू चौहान और पवन तोमर के नाम शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सोनू और पवन ने मिलकर साझेदारी में यह ट्रैक्टर खरीदा था।



प्रशासनिक हलचल और भारी पुलिस बल तैनात

घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ और डीएफओ हरिश्चंद्र बघेल तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने चश्मदीदों से बात की और घटनास्थल का मुआयना किया।



एडिशनल एसपी सुरेंद्र पाल सिंह के मुताबिक, इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त बल (Additional Force) तैनात कर दिया गया है। साथ ही, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।



सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी घमासान

इस घटना ने राजनीतिक गलियारों में भी उबाल ला दिया है। कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना के बेटे बंकू उर्फ कप्तान कंसाना ने पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचकर पुलिस से नामजद एफआईआर की मांग की। दूसरी ओर, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर तीखे सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि माफियाओं में कानून का डर खत्म हो चुका है और यह सरकार के सुशासन पर एक बड़ा धब्बा है।



e878ee17-e30


ये खबर भी पढ़िए...



मुरैना में अवैध भ्रूण परीक्षण का भंडाफोड़, छप्पर तोड़कर भागे आरोपी, पुलिस कर रही तलाश



MP News. एमपी रोजगार मेला: ग्वालियर, मुरैना सहित 5 जिलों में 1890 पदों पर भर्ती, जानें डिटेल्स



मुरैना मर्डर केस: जिससे शादी करने के लिए परिवार से लड़ा उसी ने प्रेमी संग मिलकर उतारा मौत के घाट



मुरैना न्यूज | चामड़ माता मंदिर की छत गिरने से 3 बच्चियों की मौत, 6 घायल



Tags:
  • MP News
  • मध्यप्रदेश
  • नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार
  • मुरैना
  • मुरैना न्यूज
  • पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ
  • एमपी वन विभाग
  • कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़