कौन हैं पैडलर गोलू चंदेरी और रॉनी भाई जो नाना पटवारी को ड्रग देने जा रहे थे
indore. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी की हिरासत की पुष्टि हो गई है। राजेंद्र नगर पुलिस द्वारा पकड़े गए दो आरोपियों द्वारा नाना का नाम लिया गया था। इसके बाद नाना को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ हो रही है। लेकिन जिसने नाम लिया इरफान खान उर्फ गोलू चंदेरी और संजय कौशल उर्फ रॉनी भाई यह कौन है, इसका खुलासा 'द सूत्र' कर रहा है।
डीसीपी ने इनका लिया नाम
डीसीपी नरेंद्र रावत ने बताया कि सूचना के आधार पर दो युवकों को पकड़ा गया था। एक का नाम इरफान खान उर्फ गोलू चंदेरी और दूसरा संजय कौशल उर्फ रॉनी भाई है। इन पर केस दर्ज हो रहा है। इनके पास से 10.80 ग्राम ब्राउन शुगर मिली है। इसकी टेस्टिंग के बाद एफआईआर की प्रक्रिया की जा रही है। उनसे पूछताछ के बाद पता चला कि वह इसे दो लोगों (नाना पटवारी और मानव गंगवानी) को देने जा रहे थे।
कार की चाबी फेंक दी, ऐसे उठाया नाना को
बीजलपुर यानी राऊ विधानसभा, जहां से जीतू चुनाव लड़ते हैं और दो बार विधायक रह चुके हैं। वहां है सनशाइन फार्महाउस। इस क्षेत्र में यह फार्महाउस ड्रग्स और अवैध काम के लिए बदनाम है। सूत्रों के अनुसार पुलिस को खबर थी कि नाना पटवारी यहां पर मौजूद है। पुलिस की सादी वर्दी में टीम गई और नाना को उठा लिया गया। लेकिन पुलिस की भनक लगने पर नाना ने कार की चाबी फेंक दी। दरअसल, पुलिस को कार भी साथ में लानी थी, लेकिन चाबी नहीं मिली। वहीं, पुलिस को यह आशंका थी कि नाना की हिरासत की भनक लगने पर वहां विवाद हो सकता है। ऐसे में कार वहीं छोड़ दी गई और नाना को उठाकर ले आए। बाद में नाना की हिरासत की खबर मिलने के बाद कुछ लोगों ने फार्महाउस से कार को हटा दिया दिया। सूत्रों के अनुसार इस कार में भी कुछ संदिग्ध सामग्री मौजूद थी, जिससे नाना और उलझ जाते।
गोलू चंदेरी खुद कांग्रेसी और पटाखा कारोबारी
गोलू चंदेरी उर्फ इरफान खान और कोई नहीं बल्कि क्षेत्र का बड़ा पटाखा कारोबारी है और ड्रग्स मामले से भी जुड़ा है। इसकी जनता फायरवर्क के नाम से राऊ में दुकान है। बताया जाता है कि अक्टूबर 2011 में एक ब्लास्ट हुआ था, वह इसी के यहां हुआ था। इसके अलावा देपालपुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री भी है, जिस पर कुछ समय पहले प्रशासन ने कार्रवाई भी की थी। यह जीतू पटवारी और नाना का कट्टर समर्थक है और यूथ कांग्रेस का कार्यकर्ता है। इसके राऊ विधानसभा क्षेत्र में कई जगह पर पटवारी बंधुओं के साथ पोस्टर लगे हुए हैं। वहीं रॉनी भाई का नर्मदा चौराहे पर गैरेज है। बताया जाता है कि रॉनी भी गैरेज से कई अनैतिक गतिविधियों को अंजाम देता है। दोनों को ही पुलिस ने पकड़ा और इन्होंने नाना पटवारी का नाम लिया है। इसके बाद नाना को पुलिस हिरासत में लिया है।
नाना पर 9 केस हैं, जल्द एफआईआर संभव
डीसीपी ने कहा कि इन सभी के आपराधिक रिकॉर्ड निकाला है नाना पर 9 केस है। बाकी तीन लोगों के अपराध निकाल रहे हैं। अभी ड्रग्स जिनके पास मिली है उन दोनों पर केस कर रहे हैं। इसके बाद उनसे पूछताछ में जो-जो व्यक्ति इसमें शामिल मिलेंगे उन सभी पर कार्रवाई होगी।
जीतू पटवारी बोले- बदला ले रही है सरकार
जीतू पटवारी ने इस मामले में सोशल मीडिया पर संदेश जारी किया है। इसमें कहा कि इंदौर पुलिस ने मेरे भाई को बगैर सूचना के हिरासत में लेकर सियासी संदेश दिया है कि बीजेपी मप्र अब बदला ले रही है। रंजिश इस बात की है कि जो भी सत्ता/मुख्यमंत्री के खिलाफ आवाज उठाएगा, से दबाने के लिए कानून का सहारा लिया जाओएगा। मैं जाता भी था कि निजी दुर्भावना के चलते मेरे और परिजनों के खिलाफ झूठी कार्रवाईयां की जाएंगी। फिर दोहरा रहा हूं कानूनी दबाव/प्रभाव ले भरी इस राजनीति से हम ना डरेंगे ना झुकेंगे। बल्कि और ताकत से मैदानी लड़ाई लड़ेंगे। नए तथ्यों के साथ तरकश में नए तीर भरेंगे औऱ हम फिर हमला करेंगे।
ये खबरें भी पढ़ें...
ड्रग्स नेटवर्क मामले में जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी हिरासत में, डीसीपी ने की पुष्टि
जीतू पटवारी के भाई भरत ने पुलिस को दिया आवेदन मेरा भाई नाना नहीं मिल रहा है
PCC Chief Jitu Patwari के भाई को लेकर क्यों मचा बवाल ? कहां हैं नाना पटवारी ? MP NEWS
जीतू पटवारी बोले, सीएम राजा हरिश्चंद्र नहीं हैं, एमपी के 7669 करोड़ कहां गए बताएं