NEET परीक्षा से पहले महू में हड़कंप, परीक्षा केंद्र से CCTV कैमरे चोरी
समझें क्या है पूरा मामला...
- महू के NEET परीक्षा केंद्र से CCTV कैमरे चोरी हुए।
- घटना के समय चौकीदार मौजूद होने का दावा है।
- पुलिस ने जांच शुरू कर दो संदिग्ध गिरफ्तार किए।
- प्रशासन ने नई सुरक्षा व्यवस्था लागू की।
- पेपर लीक संदर्भ में सुरक्षा पर सवाल बढ़े।
देशभर में कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच दोबारा आयोजित हो रही नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महू से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है।
यहां के प्रतिष्ठित भेरूलाल पाटीदार कॉलेज में बने परीक्षा केंद्रों पर शुक्रवार देर रात असामाजिक तत्वों ने धावा बोलकर सुरक्षा के लिए लगाए गए CCTV कैमरे चुरा लिए।
विशेष बात यह है कि देश की इस बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण परीक्षा की मॉनिटरिंग स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की जा रही है, जिसके बावजूद सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक सामने आई है।
महू के कॉलेज में बड़ी घटना
NEET परीक्षा से पहले महू के कॉलेज में बड़ी घटना सामने आई है। परीक्षा केंद्र पर लगाए गए CCTV कैमरे दो अज्ञात युवक चोरी कर ले गए। यह घटना उस समय हुई जब केंद्र पर चौकीदार और सुरक्षा व्यवस्था मौजूद थी। मामला पेपर लीक विवाद के बीच सामने आने से सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।
बहुचर्चित कथित पेपर लीक के चलते निरस्त हुई नीट यूजी परीक्षा कल रविवार को दोबारा आयोजित की जा रही है। महू में भेरूलाल पाटीदार शासकीय महाविद्यालय परिसर में नीट के दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
चौकीदार के बावजूद चोरी, उठे सवाल
महाविद्यालय परिसर पहले से ही सीसीटीवी कैमरों से लैस है और सुरक्षा के लिए चौकीदार भी नियुक्त है। इसके बावजूद कथित पेपर लीक की पिछली घटना को देखते हुए दो दिन पहले परीक्षा केंद्रों पर अलग से अतिरिक्त कैमरे लगाए गए थे। शुक्रवार शाम दो अज्ञात युवक मुख्य द्वार के साथ वाणिज्य भवन स्थित नीट परीक्षा केंद्र पर लगे सीसीटीवी कैमरे निकालकर ले गए।
कॉलेज परिसर में चौकीदार की मौजूदगी के बाद भी कैमरे चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना से कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया।
क्या बोले प्राचार्य
प्राचार्य डॉ. प्रवीण ओझा ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल दिल्ली, भोपाल के साथ ही एनटीए को भी दे दी गई थी। नए कैमरे लगाकर वैकल्पिक व्यवस्था कर ली गई है। परीक्षा शांतिपूर्ण कराने के पूरे इंतजाम हैं।" उन्होंने बताया कि चौकीदार की भूमिका की भी आंतरिक जांच कराई जा रही है।
केंद्र प्रभारी ने झाड़ा पल्ला
जिस वाणिज्य विभाग से कैमरे चोरी हुए, उसकी प्रभारी डॉ. अर्चना जैन ने संपर्क करने पर कहा कि "वे किसी भी तरह की जानकारी देने के लिए अधिकृत नहीं हैं।" केंद्र स्तर से कोई बयान न आने से संशय और बढ़ गया है।
पीएमओ की निगरानी, तुरंत एक्शन
इस बार नीट परीक्षा केंद्रों की निगरानी सीधे पीएमओ कार्यालय से की जा रही है। लिहाजा घटना की सूचना मिलते ही बड़गोंदा पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया। महाविद्यालय परिसर में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज के आधार पर पुलिस ने दोनों संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस यह जांच कर रही है कि चौकीदार की तैनाती और सीसीटीवी की मौजूदगी के बाद भी परीक्षा से ठीक दो दिन पहले कैमरे किस उद्देश्य से चुराए गए। पेपर लीक या नकल कराने की साजिश की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा।
कॉलेज प्रबंधन की लापरवाही भी जांच के दायरे में है। पूछताछ जारी है। नीट परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट पर है। केंद्र पर जैमर, मेटल डिटेक्टर और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। परीक्षार्थियों की सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।
कॉलेज में बनाए गए हैं दो मुख्य केंद्र
परीक्षा के सफल और निष्पक्ष संचालन के लिए भेरूलाल पाटीदार कॉलेज परिसर में दो अलग-अलग केंद्र बनाए गए हैं।
केंद्र 1: इसकी कमान इंचार्ज प्रोफेसर अर्चना जैन के हाथों में है।
केंद्र 2 : इसके संचालन की जिम्मेदारी इंचार्ज प्रोफेसर प्रवीण ओझा संभाल रहे हैं।
दीवार फांदकर घुसे उपद्रवी
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की देर रात दो अज्ञात युवक कॉलेज की सुरक्षा दीवार फांदकर परिसर के भीतर दाखिल हुए। उन्होंने परीक्षा की शुचिता और सुरक्षा के लिए लगाए गए कैमरों को निशाना बनाया और उन्हें तोड़ दिया। घटना की भनक लगते ही हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
ये भी पढ़ें...
NEET Re-Exam 2026: नागपुर के छात्र को मिला अबू धाबी का परीक्षा केंद्र
NEET UG 2026: 21 जून को होगी नीट यूजी की री एग्जाम, परीक्षा में मिलेंगे 15 मिनट एक्स्ट्रा
NEET UG 2026: 21 जून को होगी नीट यूजी की री एग्जाम, परीक्षा में मिलेंगे 15 मिनट एक्स्ट्रा
MP Top News : मध्य प्रदेश की बड़ी खबरें, MPPSC ने बदला मेंस 2025 का शेड्यूल