गोबर से भर देंगे आईपीएस का बंगला: बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी ने दी नई धमकी

Amresh Kushwaha | Apr 21, 2026, 13:55 IST
pritamp lodhi threatens ips officer shivpuri cow dung controversy
मध्य प्रदेश के भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने अपने बेटे पर हुई पुलिसिया कार्रवाई के बाद आईपीएस को खुलेआम धमकी दी है। उन्होंने १० हजार लोगों के साथ बंगला घेरने और उसे गोबर से भरने की बात कही है।

मध्यप्रदेश की सियासत में अक्सर विवादित बयानबाजी के लिए मशहूर पिछोर विधायक प्रीतम लोधी फिर सुर्खियों में हैं। इस बार मामला किसी जनहित के मुद्दे का नहीं, बल्कि पुत्र मोह और पुलिसिया कार्रवाई के बीच छिड़ी जंग का है।



शिवपुरी जिले के करैरा में हुई एक दुर्घटना के बाद विधायक जी का गुस्सा सातवें आसमान पर है। उनके निशाने पर सीधे तौर पर आईपीएस अधिकारी और स्थानीय पुलिस प्रशासन है।



बंगले को गोबर से भर दूंगा: विधायक की चेतावनी

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक नए वीडियो में भाजपा विधायक प्रीतम लोधी का नया रूप देखने को मिल रहा है। करैरा एसडीओपी आईपीएस आयुष जाखड़ ने विधायक के बेटे को थाने में तलब किया था।



इससे नाराज विधायक ने खुलेआम धमकी दी है। उन्होंने कहा कि वे 10 हजार लोगों को साथ लेकर जाएंगे और एसडीओपी के बंगले को गोबर से भर देंगे। विधायक का यह बयान प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।



ढाई किलो से ढाई सौ किलो का हुआ हाथ!

अपनी ताकत का प्रदर्शन करते हुए विधायक लोधी वीडियो में फिल्मी अंदाज में नजर आए। उन्होंने कहाकि मेरा हाथ पहले ढाई किलो का था, लेकिन अब ढाई सौ किलो का हो गया है। इसके साथ ही उन्होंने शिवपुरी एसपी और एसडीओपी की बेचैनी दूर करने की बात भी कही है। विधायक यहीं नहीं रुके, उन्होंने शिवपुरी पुलिस को 15 दिन की खुली चुनौती देते हुए आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है।



दिल्ली से कनेक्शन और सिंधिया का जिक्र

प्रीतम लोधी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सीधे शिवपुरी एसपी से स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने सवाल किया कि पुलिस को दिल्ली से कौन निर्देशित कर रहा है? उन्होंने पूछाकि कौन फरमान दे रहा है? मोदी, अमित शाह या सिंधिया? विधायक का तर्क है कि उनके बेटे के जरिए की गई घटना महज एक दुर्घटनथी। इसे विपक्ष और कुछ पुलिस अधिकारी राजनीतिक साजिश का रूप दे रहे हैं।



आईपीएस अफसर को खुली चुनौती: दम हो तो रोक लेना

इससे पहले भी विधायक का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें उन्होंने कहा था कि एसडीओपी कहता है कि यहां दिख मत जाना। मैं उससे पूछना चाहता हूं कि क्या करेरा तेरे डैडी का है? मेरा बेटा करेरा आएगा भी और चुनाव भी लड़ेगा, तेरे डैडी में दम हो तो रोक लेना।



बदले-बदले से हैं विधायक के तेवर

मामले की शुरुआत 16 अप्रैल को करेरा में हुए सड़क हादसे से हुई थी। उस वक्त विधायक प्रीतम लोधी के सुर काफी नरम थे। उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट लिखकर दावा किया था कि उनके लिए परिवार नहीं, बल्कि जनता सर्वोपरि है।



उन्होंने पुलिस प्रशासन से पीड़ितों को न्याय दिलाने की अपील भी की थी। वहीं, जैसे-जैसे जांच की आंच उनके करीब पहुंची, विधायक की भाषा में न्याय की जगह धमकी ने ले ली है।



जानें करेरा सड़क हादसे में क्या हुआ था?

भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश ने अपनी कार से सड़क पर चल रहे पांच लोगों को टक्कर मार दी थी। यह घटना इतनी गंभीर थी कि पांच लोगों की जान खतरे में पड़ गई। घायलों को तुरंत उपचार के लिए ले जाया गया था।



पुलिस ने पहले वाहन जब्त किया था। दो दिन पहले दिनेश ने कोर्ट में जुर्माना भरा और गाड़ी छुड़वा ली। उसके बाद उसे एसडीओपी ने फिर से थाने बुलाया था।



टसन के अंदाज में थाने पहुंचा था बेटा

थाने में पेश होना था तो दिनेश सीधे-सादे तरीके से नहीं आया। वह उसी वाहन को लेकर पहुंचा जिस पर काली फिल्म चढ़ी हुई थी और हूटर भी लगा था। यह दोनों चीजें बिना अनुमति के किसी भी निजी गाड़ी पर नहीं लगाई जा सकतीं।



थाने के बाहर खड़े होकर उसका रवैया भी टसर वाला ही रहा। पांच लोगों की जिंदगी से खेलने वाले दिनेश को कोई पछतावा नहीं था। पुलिस ने इस पर भी सख्त कदम उठाया।



IPS ने लगाई थी फटकार

करैरा एसडीओपी आईपीएस आयुष जाखड़ अधिकारी हैं। उन्होंने दिनेश को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने साफ कहा कि पांच लोगों को टक्कर मारना एक्सीडेंट नहीं बल्कि संगीन मामला है।



डॉ. जाखड़ ने जांच अधिकारी को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिनेश के खिलाफ दर्ज केस में काली फिल्म और हूटर के अनाधिकृत उपयोग से जुड़ी धाराएं भी जोड़ी जाएं।



पुलिस ने दिनेश की गाड़ी पर लगी काली फिल्म और हूटर को लेकर मौके पर ही चालान काटा था।



विवादों से पुराना नाता है लोधी परिवार का

यह पहली बार नहीं है जब प्रीतम लोधी या उनका परिवार विवादों के घेरे में आया है। विधायक के बेटे दिनेश लोधी पर 2023 में धमकी देने और 2024 में ग्वालियर में पड़ोसियों पर गाड़ी चढ़ाने जैसे गंभीर आरोप लग चुके हैं। खुद विधायक प्रीतम लोधी का रिकॉर्ड भी साफ नहीं रहा है; उन पर दंगा, मारपीट और हत्या के प्रयास जैसे कई मामले दर्ज हैं। 2022 में तो उन्हें एक विवादित बयान के कारण पार्टी से निष्कासित (Expelled) भी किया गया था, हालांकि चुनाव से ठीक पहले उनकी वापसी हुई थी।



ये खबर भी पढ़िए...



बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी की आईपीएस को धमकी - तुम्हारे डैडी में दम हो तो रोक लेना



BJP MLA प्रीतम लोधी के बेटे ने थार से 5 को मारी टक्कर: धमकाते हुए बोला "सायरन सुना तो हटे क्यों नहीं?"



बीमार पीए के लिए विधायक प्रीतम लोधी ने लिखी एप्लीकेशन; कलेक्टर साहब, एक महीने का अवकाश देने की कृपा करें



आज ग्वालियर, मुरैना और लखनऊ दौरे पर रहेंगे सीएम मोहन यादव, जन आक्रोश महिला पदयात्रा में होंगे शामिल



Tags:
  • मध्यप्रदेश
  • विधायक प्रीतम लोधी
  • मध्यप्रदेश की सियासत
  • भाजपा विधायक
  • आईपीएस आयुष जाखड़