राहुल गांधी के छात्रों की गूंज में 15 हजार संभावित, कांग्रेस का सीपी को पत्र, बताई प्लानिंग
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का 19 सितंबर को इंदौर में छात्रों की गूंज का आयोजन होना है। इसमें भले ही पहले रिकॉर्ड पंजीयन और 50 हजार के आने की बात हो रही हो, लेकिन द सूत्र ने पहले ही खुलासा किया था कि खुद कांग्रेस 15-20 हजार ही मान रही है। अब इस पर औपचारिक मुहर लग गई है। कांग्रेस शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर आयोजन में 15 हजार के आने की बात कही है।
पुलिस कमिश्नर से मांगी 4 घंटे की मंजूरी
इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह को शहर अध्यक्ष कांग्रेस चौकसे ने पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है कि रीजनल पार्क के सामने भारत जोड़ो मैदान पर यह कार्यक्रम होना है। इसमें संभावित भीड़ 15 हजार है। आयोजन के लिए शाम पांच से रात 9 बजे तक की मंजूरी चाहिए। इसमें दो कलाकार और एक डांस ग्रुप द्वारा परफॉर्म किया जाएगा और फिर राहुल गांधी जी मंच पर आएंगे।
कांग्रेस का मंच प्लान आया सामने
कांग्रेस का मैदान पर मंच प्लान व व्यवस्थाएं भी सामने आ गई हैं। इसके तहत मेल, फीमेल छात्र-छात्राओं के लिए अलग व्यवस्था होगी। मेडिकल सुविधा, फायर सेफ्टी की भी व्यवस्था व अलग कॉर्नर रखा गया है। एंबुलेंस भी होगी। मंच पर कोई नेता नहीं होगा केवल राहुल गांधी होंगे और सामने युवा होंगे। मंच पर भी युवाओं को बुलाया जाएगा और उनसे बात की जाएगी।
वीआईपी भी मंच से दूर, बाउंसर भी होंगे
वीआईपी की एंट्री व व्यवस्थाएं भी अलग रहेंगी। मंच के दाईं ओर अलग से करीब ढाई हजार वर्गफीट में बनाया गया है। वहीं मेल और फीमेल गार्ड 15-15, फीमेल बाउंसर 30, मेल बाउंसर 60, ट्रैफिक मार्शल 18 और फायर उपकरण 50 की संख्या में रहेंगे।
आईडीए दे चुका मंजूरी
इसके पहले इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) कांग्रेस को मैदान 17 से 19 सितंबर तक किराए पर दे चुका है। इसके लिए दस लाख रुपए जमा कराए गए हैं। साथ ही आयोजन के लिए पांच शर्तें लगाई गई हैं। इसमें प्रमुख है कि अन्य विभागों से अनापत्ति के बाद ही यह आयोजन कर सकेंगे।
ये खबरें भी पढ़िए...
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का राहुल गांधी के आयोजन पर फिर तंज- बोले रैपर की क्या जरूरत राहुल पर्याप्त
Ida ने इन पांच शर्तों पर दी राहुल गांधी के छात्रों की गूंज के लिए मंजूरी, पुलिस एनओसी बाकी