सागर के डॉक्टर ने की पत्नी की हत्या, कार में लाश जलाकर रची एक्सीडेंट की साजिश

Anjali Dwivedi | Mar 23, 2026, 13:39 IST
sagar doctor nilesh patel wife murder case
सागर-गढ़ाकोटा रोड पर कार में महिला की लाश मिली थी। पुलिस ने उजागर किया है कि डॉ. नीलेश पटेल ने गला घोंटकर पत्नी सीमा की हत्या की थी और सबूत मिटाने के लिए कार में आग लगा दी। आरोपी डॉक्टर और उसके साथी अब पुलिस गिरफ्त में हैं।

सागर. सागर-गढ़ाकोटा रोड पर चलती कार में हुई सीमा पटेल की मौत का राज खुल गया है। पुलिस ने इस संदिग्ध मामले में रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा किया है। वैज्ञानिक साक्ष्यों के आगे आरोपी पति डॉ. नीलेश पटेल टूट गया और अपना गुनाह कुबूल कर लिया है।



यह कोई हादसा नहीं, बल्कि ठंडे दिमाग से की गई हत्या थी। आरोपी ने इसे रोड एक्सीडेंट का रूप देने की नाकाम कोशिश की थी।



विवाद के बाद गला घोंटा, फिर रची साजिश

​जांच में सामने आया है कि शुक्रवार 20 मार्च को डॉ. नीलेश और उनकी पत्नी सीमा के बीच किसी बात को लेकर गहरा विवाद हुआ था। गुस्से में आकर नीलेश ने सीमा का गला घोंट दिया (पति ने की पत्नी की हत्या), जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।



घर के भीतर ही इस वारदात को अंजाम देने के बाद डॉक्टर के सामने सबसे बड़ी चुनौती लाश को ठिकाने लगाने की थी। इसके लिए उसने अपने क्लीनिक में काम करने वाले दो कर्मचारियों को भी इस घिनौनी साजिश में शामिल किया।



​बेहोशी की हालत में घर से निकाला

पड़ोसियों और सीसीटीवी फुटेज से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पहले ही अंदेशा था कि सीमा को घर से जीवित अवस्था में बाहर नहीं ले जाया गया था। अब यह साफ हो गया है कि डॉ. नीलेश और उसके दो साथियों ने मिलकर सीमा के शव को कार में रखा।



सबूत मिटाने के उद्देश्य से कार को गढ़ाकोटा रोड पर ले जाया गया। जहां उसे आग के हवाले कर दिया गया, ताकि यह साबित किया जा सके कि कार में अचानक आग लगने से सीमा की जलकर मौत हो गई।



सवाल और ​बयानों के जाल में उलझा डॉक्टर

​शुरुआत में डॉ. नीलेश पुलिस को गुमराह करता रहा था। उसने अलग-अलग समय पर विरोधाभासी बयान दिए। पहले उसने फोन पर परिजनों को बताया कि सीमा को हार्ट अटैक आया है और वह उसे सागर ले जा रहा है। बाद में उसने कहानी बदली कि रास्ते में एक्सीडेंट हो गया और फिर अंत में कहा कि कार में अचानक आग लग गई।



पुलिस को डॉ. नीलेश के मोबाइल से कुछ आपत्तिजनक फोटो और जानकारी भी मिली है, जो हत्या की वजहों की ओर इशारा कर रही है। सीमा के पिता राधाचरण पटेल ने पहले ही आरोप लगाया था कि उनके दामाद के किसी अन्य महिला से संबंध थे। इसका विरोध करने पर उनकी बेटी की जान ली गई।



फॉरेंसिक एविडेंस से खुलेगा राज

​घटनास्थल पर कोई भी ज्वलनशील पदार्थ न मिलने और कार के जलने के पैटर्न ने फॉरेंसिक विशेषज्ञों को चौंका दिया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कार को जलाने के लिए पेट्रोल का इस्तेमाल किया गया था या फिर तकनीकी रूप से शॉर्ट सर्किट पैदा कर आग लगाई गई थी।



क्योंकि सीमा का शरीर पूरी तरह जल चुका है, इसलिए मौत के सटीक कारणों और किसी जहरीले पदार्थ की मौजूदगी की जांच के लिए उसके बिसरा और लिवर के टिश्यू सुरक्षित रख लिए गए हैं। ​



पुलिस ने डॉक्टर के घर को सील कर दिया है और डीवीआर को कब्जे में लेकर डेटा रिकवर किया जा रहा है। फिलहाल, आरोपी डॉक्टर और उसके सहयोगी पुलिस की गिरफ्त में हैं और मामले की बारीकी से जांच जारी है।



ये खबरें भी पढ़ें...



MP News: ग्वालियर में 36 पुलिस जवान ट्रेनिंग से बाहर, AI से खाने में कीड़े की बनाई थी तस्वीर



स्कूल में बच्चों के खाने में फिनाइल पर हाईकोर्ट सख्त, FIR दर्ज, 15 को नोटिस



मध्यान्ह भोजन की दाल में मिली मरी छिपकली, हालत बिगड़ने पर 30 बच्चे अस्पताल में कराए भर्ती



क्या साध्वी प्रेम बाईसा को दाल में दिया था जहर, मौत पर सस्पेंस, पुलिस कर रही हैं जांच



Tags:
  • MP News
  • हत्या
  • सीसीटीवी फुटेज
  • पति ने की पत्नी की हत्या
  • सागर