सागर शराबकांड के दो आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा शराबकांड मामले में फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों पर 30-30 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
पुलिस ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 3 बजे मालथौन थाना क्षेत्र के नोनिया-सेसई रोड घाटी इलाके में आरोपियों और पुलिस टीम का आमना-सामना हुआ। पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश में पहुंची थी।
पुलिस पर फायरिंग का आरोप
पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आरोपी मनीष लोधी और आशीष साहू ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई।
इस दौरान मनीष लोधी के पैर में गोली लगी। वहीं, भागने की कोशिश कर रहा आशीष साहू भी घायल हो गया। दोनों को पुलिस ने मौके से पकड़ लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
आरोपियों से हथियार बरामद
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से दो देसी कट्टे, पांच कारतूस और एक बेसबॉल डंडा बरामद किया गया है। पुलिस ने मौके से हथियार और अन्य सबूत जुटाए हैं।
दोनों आरोपियों का मेडिकल परीक्षण भी कराया जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
शराबकांड में अब तक 52 आरोपी बनाए गए
बंडा शराबकांड की जांच में शराब बनाने से लेकर उसकी सप्लाई तक कई लोगों की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने अब तक इस मामले में 52 लोगों को आरोपी बनाया है।
इनमें से 39 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि 11 आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। वहीं, जहरीली शराब पीने से आरोपी रामसिंह और दिनेश शिवहरे की मौत हो चुकी है।
ये खबरें भी पढ़ें...
शराबकांड के बाद पुलिस महकमे में बड़ी सर्जरी, बंडा थाने से 40 पुलिसकर्मी लाइन अटैच
सागर शराबकांड-आरोपियों के छह मकानों पर चला बुलडोजर: CM के निर्देश के बाद एक्शन
सागर शराबकांड में देवड़ा घिरे, सिंघार-जोकचंद ने पूछा-किसे बचा रहा नेक्सस ?
सागर जहरीली शराब कांड में सरकार की कार्रवाई से हाईकोर्ट संतुष्ट, PIL की खत्म
सागर शराब कांड | Sagar News | Banda Sagar news