बचपन का प्यार वाले सहदेव को अदद घर की तलाश, जानिए... डब्बू अंकल से कच्चा बादाम और अब मोनालिसा तक सब कुछ

Ravi Kant Dixit | Feb 15, 2025, 08:00 IST
Monalisa some on Arsh Photograph: (thesootr)
इस कहानी की शुरुआत होती है 2018 से, जब सोशल मीडिया की लोकप्रियता अपने चरम पर थी। वैलेंटाइन वीक के दौरान प्रिया प्रकाश वारियर का आंख मारने वाला वीडियो वायरल हुआ। देखते ही देखते वह पूरे देश की 'नेशनल क्रश' बन गईं।

BHOPAL.



बुलंदी देर तक किस शख्स के हिस्से में रहती है,
बहुत ऊंची इमारत हर घड़ी खतरे में रहती है।

दिवंगत शायर मुनव्वर राना की ये पंक्तियां आज की हमारी इस खबर पर मानो सटीक बैठती हैं। सफलता की बुलंदियों तक पहुंचने का कोई शॉर्टकट नहीं होता, हां आज के दौर में सोशल मीडिया ने इस सफर को कुछ आसान जरूर बना दिया है, पर चुनौतियां और मुश्किलात भी बेहिसाब हैं। आज हर दिन कोई न कोई सितारा चमकता है, पर सवाल यह है कि यह चमक कितनी देर तक टिकी रहती है? जो जितनी तेजी से शिखर तक पहुंचता है, अक्सर उतनी ही जल्दी गुमनामियों के अंधेरे में खो भी जाता है।



इस कहानी की शुरुआत होती है 2018 से, जब सोशल मीडिया की लोकप्रियता अपने चरम पर थी। वैलेंटाइन वीक के दौरान प्रिया प्रकाश वारियर का आंख मारने वाला वीडियो वायरल हुआ। देखते ही देखते वह पूरे देश की 'नेशनल क्रश' बन गईं। उनकी हर अदा पर लोग फिदा थे, पर फिर...? फिर वही हुआ, जो सोशल मीडिया के सितारों के साथ अक्सर होता है। समय बदला और वह लाइमलाइट से गायब हो गईं।


आज वैसी ही कहानी महाकुंभ में वायरल हुई मध्यप्रदेश की मोनालिसा की है। उनकी कजरारी आंखों ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया। चर्चा इतनी है कि मध्यप्रदेश के छोटे से कस्बे महेश्वर से निकलकर वह मायानगरी तक पहुंच गईं हैं। एक फिल्म डायरेक्टर ने उन्हें अपनी फिल्म में साइन भी कर लिया है।



...तो यहां सवाल यही है कि ऐसे किरदार हर दिन सोशल मीडिया पर चमकते हैं और फिर गुम हो जाते हैं। कभी विदिशा के 'डब्बू अंकल' अपने अनोखे डांस से वायरल हुए, तो कभी छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा से निकला 'बचपन का प्यार' गाने वाला सहदेव पूरे देश की जुबान पर छा गया। रानू मंडल की आवाज रेलवे स्टेशन से बॉलीवुड तक पहुंची और काचा बादाम वाले दादा के बोल लोगों की जुबान पर चढ़ गए। लेकिन आज ये सितारे कहां हैं? कुल जमा कहना यही है कि सोशल मीडिया रातोंरात स्टार तो बना सकता है, लेकिन स्टारडम को बनाए रखना असली चुनौती है। बुलेट से भी तेज रफ्तार से बढ़ रही इस दुनिया में जो ठहर गया, वह ओझल हो गया।



1. मोनालिसा: पहली बार फ्लाइट में बैठी तो बोली डर लग रहा

प्रयागराज महाकुंभ के बीच माला बेचने वाली 16 साल की लड़की मोनालिसा भोसले अपनी कजरारी आंखों और मासूम मुस्कान के कारण सोशल मीडिया पर रातोंरात सनसनी बन गई। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर की रहने वाली मोनालिसा अपने परिवार के साथ महाकुंभ में रुद्राक्ष और मोतियों की मालाएं बेचने गई थी। उसकी वायरल तस्वीरों और वीडियो ने उसे व्यापक पहचान दिलाई।



अब मोनासिला का एक और वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह निर्देशक सनोज मिश्रा के साथ प्लेन में बैठी है। वह सनोज को बताती है कि पहली बार प्लेन में बैठी है और उसे डर लग रहा है। गौरतलब है कि इससे पहले अचानक मिली प्रसिद्धि के कारण मोनालिसा को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। महाकुंभ में लोग उनके साथ फोटो खिंचवाने और वीडियो बनाने के लिए उमड़ने लगे, जिससे वह और उसका परिवार असहज महसूस करने लगा। इस बढ़ती भीड़ और ध्यान के कारण, उन्हें महाकुंभ छोड़कर अपने घर लौटना पड़ा।


मोनालिसा का यह सफर बताता है कि सोशल मीडिया की शक्ति कैसे किसी की जिंदगी बदल सकती है, लेकिन इसके साथ आने वाली चुनौतियों के प्रति सतर्क रहना भी जरूरी है।



Moni Bhosle Aka Kumbh Mela's Monalisa To Attend Chemmannur Showroom Inauguration In Kerala's Kozhik

हम खुद ये दुआ करते हैं कि मोनासिला मध्यप्रदेश का नाम रोशन करे, लेकिन इसके लिए उसे जो अवसर मिला है, उसे भुनाना होगा, क्योंकि बुलंदी देर तक किसी शख्स के हिस्से में नहीं रहती...।



ये खबरें भी पढ़ें...



मुंबई पहुंची वायरल गर्ल मोनालिसा, ‘मणिपुर डायरी’ की शूटिंग हुई शुरू



रुद्राक्ष माला से बॉलीवुड पहुंची मोनालिसा को कितनी फीस मिली, हो गया खुलासा



2. सहदेव: एक अदद घर अब तक नहीं हो सका नसीब

अगला नाम है छत्तीसगढ़ के सहदेव दिरदो का। सहदेव वही लड़का है जो 'बचपन का प्यार' गाने से प्रसिद्ध हुआ था। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के उरमपाल गांव के सहदेव दिरदो ने 2019 में स्कूल में 'बचपन का प्यार' गाना गाकर वीडियो बनाया था, जो दो साल बाद 2021 में वायरल हुआ। इस वीडियो के बाद वह रातोंरात इंटरनेट सेंसेशन बन गया।



शुरुआत से लेकर अब तक सहदेव की मदद करने वाले पिंटू मानिकपुरी ने 'द सूत्र' से विस्तृत बातचीत की। उन्होंने बताया, जब सहदेव वायरल हुआ था, लोगों की लाइन लग गई थी। अब कोई उसकी सुध लेने वाला नहीं। प्रशासन ने तमाम वादे किए। कहा गया कि घर आकर सर्टिफिकेट बनाएंगे, घर देने का वादा किया, लेकिन स्थिति ऐसी है कि सहदेव को आज तक एक अदद घर की जरूरत है।


वर्तमान पर बातचीत करते हुए पिंटू ने बताया, सहदेव जगदलपुर के एक निजी स्कूल में 10वीं में पढ़ रहा है। उसके पिता आज भी पहले की तरह ही खेती करते हैं। सहदेव के दो भाई और तीन बहनों की जिंदगी में भी कुछ नहीं बदला। सरकार ने मुर्गी पालन केंद्र खुलवाने की बात कही थी, लेकिन सब अधूरा ही है। कुल मिलाकर सहदेव का परिवार सुकमा जिले के उरमपाल गांव में रहता है और उनकी आर्थिक स्थिति जैसी थी, आज भी वैसी ही है।



3. डब्बू अंकल: अब अपने मूल पेशे पर ज्यादा ध्यान

तीसरा नाम है विदिशा के संजीव श्रीवास्तव का। प्यार से लोग उन्हें डब्बू अंकल कहते हैं। वह 2018 का साल था, जब एक शादी में 'आप के आ जाने से' गाने पर डांस मूव्स करते डब्बू अंकल का वीडियो वायरल हुआ था। वे रातोंरात इंटरनेट पर छा गए। वायरल होने के बाद डब्बू अंकल को कई टीवी शो और कार्यक्रमों में बुलाया गया।



आज के कामकाज के सवाल पर उन्होंने बताया कि वे भोपाल की भाभा यूनिवर्सिटी में बतौर प्रिंसिपल अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसी पर उनका ध्यान ज्यादा है। आज के दौर में इंटरनेट पर यूं वायरल होने के सवाल पर उन्होंने कहा, सब भगवान की देन होती है। आज के युवाओं को यही सीख है कि यदि आप पॉपुलर हुए हैं तो अपने काम पर लगातार फोकस करें, मेहनत करें, तभी सफलता बरकरार रहेगी।



b2a09637-362


कुल जमा कहना यही है कि जुनून और प्रतिभा के साथ कोई भी व्यक्ति अप्रत्याशित रूप से प्रसिद्धि हासिल कर सकता है, लेकिन इसके साथ आने वाली जिम्मेदारियों और चुनौतियों के प्रति सचेत रहना भी जरूरी है।



ये खबरें भी पढ़ें...



ऑनलाइन फ्रॉड : डब्बू अंकल से एक लाख रुपए ऐंठे, मामला साइबर क्राइम में दर्ज



बचपन का प्यार वाले सहदेव को अदद घर की तलाश, जानिए... डब्बू अंकल से कच्चा बादाम और अब मोनालिसा तक सब कुछ



4. भुबन बड्याकर: कच्चा बादाम ने दिलाया फेम, पर पैसे नहीं मिले

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के कुरालजुरी गांव के भुबन बड्याकर एक वक्त पर सड़कों पर मूंगफली बेचकर जीवन बिताते थे। मूंगफली बेचते समय ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए उन्होंने अनोखा गाना बनाया, जिसे उन्होंने गाते हुए मूंगफली बेची। उनका यह गीत सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और भुबन रातोंरात प्रसिद्ध हो गए।


लोकप्रियता के बाद भुबन को विभिन्न कार्यक्रमों में बुलाया जाने लगा। उन्होंने म्यूजिक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, लेकिन उन्हें इसके लिए उचित पारिश्रमिक नहीं मिला, जिससे वे निराश हुए। भुबन ने बताया कि स्टूडियो में गाना गाने के बाद भी उन्हें वादे के अनुसार भुगतान नहीं किया गया.



खबरों के अनुसार, इससे बचने के लिए 2022 में उनके गांव वालों ने बाहरी लोगों के भुबन से मिलने पर प्रतिबंध लगा दिया था, लेकिन अब भुबन फिर ओझिल हैं। उनके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। खास यह है कि यह कहानी इस बात का उदाहरण है कि कैसे सोशल मीडिया किसी की जिंदगी बदल सकता है, लेकिन इसके साथ आने वाली चुनौतियों और शोषण के प्रति सतर्क रहना भी जरूरी है।



Tags:
  • एमपी हिंदी न्यूज
  • सहदेव का गाना
  • देश दुनिया न्यूज
  • वायरल गर्ल मोनालिसा
  • डब्बू अंकल
  • कच्चा बदाम