शिवराज सिंह चौहान की फ्लाइट में प्रोटोकॉल की चूक! पहले एयरोब्रिज पर इंतजार, फिर सीट पर मिला दूसरा यात्री

Kaushiki | Published:
भोपाल से दिल्ली की उड़ान में शिवराज सिंह चौहान को हुई परेशानी, OSD ने मंत्रालय को लिखा पत्र
Union Minister Shivraj Singh Chouhan faces seat change and protocol lapse on Bhopal-Delhi Indigo flight, complaint filed with ministry.
हवाई सफर के दौरान अक्सर आम यात्रियों को सीट बदलने या फ्लाइट लेट होने जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लेकिन जब ऐसी ही अव्यवस्था देश के किसी बड़े केंद्रीय मंत्री के साथ हो जाए, तो मामला गंभीर बन जाता है। ऐसा ही एक इंसिडेंट केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ सामने आया है।

23 नवंबर को भोपाल से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की नियमित उड़ान में उन्हें प्रोटोकॉल की चूक और सीट बदलने के कारण काफी असुविधा झेलनी पड़ी है। अब इस पूरे मामले की शिकायत केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय तक पहुंच गई है और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग उठाई गई है।



भोपाल एयरपोर्ट पर इंतजार करते रहे शिवराज सिंह

जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान रोज की तरह नियमित उड़ान पकड़ने के लिए भोपाल एयरपोर्ट पहुंचे थे। शिवराज सिंह चौहान की एक खास बात यह भी है कि वे अक्सर विमान में चढ़ते समय दूसरे यात्रियों को पहले जाने देते हैं और खुद सबसे आखिर में विमान में प्रवेश करते हैं। लेकिन इस बार एयरपोर्ट पर उन्हें अलग ही परेशानी का सामना करना पड़ा।



शिकायत के मुताबिक, एयरपोर्ट पर निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत ड्यूटी मैनेजर सिद्धार्थ यादव मौजूद नहीं थे। उनकी गैरमौजूदगी में वहां तैनात अन्य कर्मचारियों ने केंद्रीय मंत्री को आगे की ओर ले जाकर एयरोब्रिज पर खड़ा कर दिया। इस दौरान उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।



विमान में पहुंचते ही सामने आई सीट से जुड़ी गड़बड़ी

असुविधा का सिलसिला यहीं खत्म नहीं हुआ था। शिकायत में यह बात भी सामने आई है कि एयरलाइन ने बिना कोई पहले से सूचना दिए ही विमान को बदल दिया था। कुछ समय तक एयरोब्रिज पर इंतजार करने के बाद जब शिवराज सिंह चौहान विमान के अंदर दाखिल हुए, तो वहां एक और गड़बड़ी देखने को मिली। विमान के स्टाफ ने देखा कि केंद्रीय मंत्री के लिए जो सीट तय की गई थी, उस पर पहले से ही कोई दूसरा यात्री बैठा हुआ था। इस पूरी अव्यवस्था और लापरवाही पर कड़ी आपत्ति जताई गई है।



मंत्रालय को पत्र लिखकर की गई कार्रवाई की मांग

इस पूरे मामले में केंद्रीय मंत्री के सुरक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह ठाकुर ने मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी इस शिकायत को आधार बनाते हुए केंद्रीय मंत्री के ओएसडी (OSD) भूपेंद्र सिंह परस्ते ने कड़ा कदम उठाया है।



उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के निजी सचिव श्रीकेश लाठकर को एक ऑफिसियल लेटर लिखा है। इस लेटर के जरिए उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।



इस मामले से जुड़े मुख्य तथ्य और जिम्मेदार लोग

  • घटना की तारीख: यह पूरा मामला 23 नवंबर का बताया जा रहा है।
  • यात्रा का रूट: केंद्रीय मंत्री नियमित उड़ान से भोपाल से दिल्ली जा रहे थे।
  • प्रोटोकॉल में चूक: तय नियमों के बावजूद ड्यूटी मैनेजर सिद्धार्थ यादव एयरपोर्ट पर मौजूद नहीं थे।
  • शिकायतकर्ता अधिकारी: सुरक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह ठाकुर की रिपोर्ट पर ओएसडी भूपेंद्र सिंह परस्ते ने पत्र लिखा है।
  • किसे भेजी गई शिकायत: नागरिक उड्डयन मंत्री के निजी सचिव श्रीकेश लाठकर से कार्रवाई की मांग की गई है।

भोपाल एयरपोर्ट प्रशासन ने क्या सफाई दी?

इस पूरे विवाद के सामने आने के बाद अब भोपाल एयरपोर्ट प्रशासन (Bhopal Airport Administration) का पक्ष भी सामने आया है। भोपाल एयरपोर्ट के डायरेक्टर सुजीत कुमार पोद्दार ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया है कि यह वाकया कुछ दिन पहले हुआ था। उनके मुताबिक, केंद्रीय मंत्री की सीट विमान की पहली कतार में ही तय की गई थी। लेकिन अचानक विमान बदलने की वजह से अंदर की सीट व्यवस्था में बदलाव आ गया था, जिसके चलते उन्हें यह असुविधा हुई है।



एयरपोर्ट डायरेक्टर ने यह भी साफ किया है कि घटना के तुरंत बाद एयरलाइन के अधिकारियों के साथ बैठक की गई है और इस मामले को आपस में सुलझा गया है। साथ ही संबंधित पक्षों को भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं होने देने के निर्देश दिए गए हैं।



Tags:
  • शिवराज सिंह चौहान
  • Shivraj Singh Chouhan
  • Bhopal Airport
  • भोपाल एयरपोर्ट
  • Indigo Airlines
  • Airport Mismanagement
  • केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय
  • Bhupendra Singh Paraste
  • केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान