सोनम रघुवंशी के प्रेमी राज कुशवाह और तीनों आरोपियों की जमानत पर फैसला सुरक्षित
5 प्वाइंट में समझें क्या है पूरा मामला...
- राजा रघुवंशी हत्या केस में नई जमानत याचिकाएं लगीं।
- राज कुशवाह समेत चार आरोपियों की सुनवाई पूरी।
- शिलांग कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा।
- सभी ने सोनम जैसे आधार पर जमानत मांगी।
- एक दो दिन में फैसला आने की संभावना।
इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की शिलांग में हनीमून पर पत्नी सोनम रघुवंशी द्वारा हत्या कराने का केस है। इस मामले में सोनम की जमानत होने के बाद उसके तथाकथित प्रेमी राज कुशवाह ने भी जमानत फिर लगा दी है। अन्य आरोपियों की भी जमानत याचिका पर सुनवाई हो गई। इसके पहले राज की जमानत याचिका तकनीकी आधार पर खारिज हो गई थी।
राजा रघुवंशी की हत्या के केस में सोनम की जमानत के बाद चार और जमानत याचिकाएं लग गई हैं। इसमें सोनम के तथाकथित प्रेमी राज कुशवाह के साथ ही राज पर हथियार से वार कर हत्या करने वाले विशाल चौहान, आनंद कुर्मी और आकाश राजपूत की भी याचिका लग गई है। इस पर मंगलवार को शिलांग जिला कोर्ट में सुनवाई हो गई है। आदेश सुरक्षित रखा है, जिस पर एक दो दिन में फैसला आ सकता है।
सोनम जैसा आधार बताकर मांगी जमानत
राज कुशवाह और अन्य आरोपियों ने सोनम की तरह ही जमानत की मांग की है। इसके पहले जिला कोर्ट ने सोनम को इस आधार पर जमानत दी थी कि गिरफ्तारी की प्रक्रिया संवैधानिक नहीं थी।
इसमें गिरफ्तारी के आधार के लिए गलत धारा 103 की जगह 403 बताई गई। साथ ही कागजी प्रक्रिया पूरी नहीं की गई। राज व अन्य आरोपियों ने अपने केस में भी यही वजह बताकर जमानत मांगी है।
किनकी क्या भूमिका रही
हत्या के केस में सोनम रघुवंशी और राज ही मास्टरमाइंड माने गए हैं। सोनम राज को लेकर हनीमून पर गई। राज ने पूरी प्लानिंग से पहले ही अपने दोस्तों विशाल, आनंद और आकाश को गुवाहाटी भेजा। वहां हत्या का मौका नहीं मिला तो सोनम पति राजा को लेकर शिलांग गई।
वहां मौका पाकर विशाल, आनंद और आकाश ने राजा के सिर पर दाओ हथियार से वार कर 23 मई 2025 को हत्या कर सोहरा की खाई में फेंक दिया। राजा का शव 2 जून को मिला। वहीं बाद में सोनम अपने अपहरण की कहानी बनाते हुए गाजीपुर में सामने आई, जहां पुलिस ने 9 जून को उसे गिरफ्तार कर लिया।
ये खबरें भी पढ़ें...
सोनम रघुवंशी के बाद राज कुशवाह ने मांगी जमानत, सुनवाई पूरी, फैसला आना बाकी
सोनम रघुवंशी के पिता ने भरी जमानत राशि, जेल से आई बाहर, पुलिस की यह चूक पड़ी भारी
सोनम रघुवंशी नहीं आ सकेगी इंदौर, 50 हजार बांड और इन शर्तों पर मिली बेल
राजा रघुवंशी हत्याकांड: सोनम रघुवंशी को मिली जमानत, राजा के बड़े भाई विपिन ने की पुष्टि