मालिनी के करीबी शेंडगे ने दिया नोटिस का जवाब, दिघे के घर हमले के भी वीडियो जारी
Indore: इंदौर विधानसभा चार में विधायक मालिनी गौड़ के करीबी वीरेंद्र शेंडगे के साथ ही पीए प्रणय चित्तौड़ा व अन्य नेताओं पर एफआईआर का विवाद फिर तूल पकड़ता नजर आ रहा है। यह विवाद कुत्तों को खाना खिलाने से शुरू हुआ था।
गुरुवार को इस मामले में संघ पदाधिकारियों के परिवार से हमले का वीडियो सामने आ गया। यह वीडियो पुलिस को जांच के लिए दिए गए हैं। यह वीडियो फरियादी महिला के देवर के कार के डैश बोर्ड के हैं। इसमें शेंडगे व उनके समर्थक मारपीट कर रहे हैं। इसके बाद फिर इनकी गिरफ्तारी की मांग उठने लगी है।
शानू दिघे पर हमले के भी वीडियो जारी
वहीं शनिवार रात के वीडियो आने के बाद इसके काउंटर अटैक में वीडियो जारी हुए हैं। रविवार को अज्ञात लोगों द्वारा विधायक से जुड़े व एफआईआर में आरोपी बने शानू उर्फ सौरभ दिघे के घर के हमले किए थे। इस घटना के भी चार वीडियो जारी हो गए। वहीं शेंडगे की मल्टी पर पथराव के भी वीडियो पहले सामने आए थे। इसी हमले को लेकर इन्होंने भी आवेदन पुलिस को दिया है कि हमारी क्रास एफआईआर की जाए और हम पर हमला हुआ है। इस पर अभी केस नहीं हुआ है।
शेंडगे ने पार्टी को यह दिया जवाब
इस मामले में वीरेंद्र शेंडगे को बीजेपी नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा ने नोटिस थमाया था और तीन दिन में जवाब मांगा था। साथ ही उन्हें विधानसभा प्रतिनिधि पद से भी हटाया गया था। इस नोटिस का जवाब पार्टी को भेज दिया गया है। सूत्रों के अनुसार इसमें शेंडगे ने खुद को पीड़ित बताया है। शनिवार रात को शुरूआती मारपीट को लेकर सफाई दी है। इसमें कुत्तों को खाना खिलाने और विवाद की घटना बताई गई है और फिर अगले दिन रविवार 7 जून को अपने घर और शानू दिघे के घर पर हुए हमले, पथराव की बात कही गई है।
पार्टी की तरफ से मामला ठंडा होने की ओर
सूत्रों के अनुसार इस मामले को अब बीजेपी अपनी ओर से कोई तूल नहीं देना चाहती है। इसलिए जवाब को स्वीकार करते हुए भविष्य के लिए चेतावनी देते हुए मामले को खत्म कर दिया जाएगा। हालांकि संघ के पदाधिकारी अभी भी खुश नहीं है। सभी का मत है कि इंदौर विधानसभा चार में बीजेपी और संघ दोनों की ही ताक पर रखकर हिंदरक्षक संगठन ही अपनी मनमर्जी चला रहा है। इसमें राष्ट्रीय संयोजक एकलव्य गौड़ है।
शनिवार रात के वीडियो में यह आया
महिला फरियादी ने शनिवार रात के हमले की रिकॉर्डिंग अन्नपूर्णा टीआई हित गोपाल यादव को सौंप दी है। इसकी जांच कर चेहरों को पहचाना जा रहा है। वहीं फरियादी ने पुलिस को बताया कि इसमें शेंडगे, शानू उर्फ सौरभ दिघे सहित बड़े नेता के कई समर्थक मौजूद हैं।
इनके द्वारा जमकर मारपीट की गई। इसमें सुयश आगर (फरियादी जयानी के पति) का कान का पर्दा फट गया। वहीं संघ पदाधिकारी चेतन पाटिल को बुरी तरह पीटा गया। इनके साथ मौजूद परमवीर व अन्य को बेल्ट से मारा गया। रिकॉर्डिंग में सुना जा रहा है कि बहुत मारा है, पुलिस को फोन करके शिकायत कराओ।
फरियादी ने शिकायत में बताया कि इसके बाद यह सभी रात 12 से 12.30 बजे के बीच घर पर आए। तब मैं, मेरी दोस्त पूनम, उनके पति परमवीर के साथ परिजन थे। इसी दौरान शेंडगे, शानू, मनीष ईमोलिया, प्रशांत सोनी, प्रणय चित्तौड़ा, गिरीश शेंडगे व अन्य घर में घुसे।
इन पर हुई है एफआईआर
शिकायत के आधार पर पुलिस ने रविवार 7 जून की शाम पांच बजे हत्या के प्रयास की धारा 109 के साथ ही घर में जबरदस्ती घुसने, संगठित अपराध करने जैसी गंभीर धाराओं में केस किया है। इसमें नामजद आरोपी वीरेंद्र शेंडगे, गिरीश शेंडगे, शानू दिघे, मनीष ईमोलिया, प्रशांत सोनी, प्रणय चित्तौड़ा व अमित कोकाटे बनाए गए हैं। लेकिन पुलिस ने अभी तक इसमें किसी की गिरफ्तारी नहीं की है।
पुलिस की कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
इस पूरे मामले में तीन दिन बीत जाने के बाद भी किसी की गिरफ्तारी पुलिस ने नहीं की है। अभी केवल विवेचना की बात की जा रही है। जबकि हत्या के प्रयास की धारा गंभीर है और इसमें गिरफ्तारी की जाती है। वहीं शेंडगे व शानू के घर पर रविवार को अज्ञात लोगों द्वारा किए गए पथराव और हमले के आवेदन पर भी पुलिस ने अभी कोई केस दर्ज नहीं किया है।
ये भी पढ़ें...
इंदौर विधायक मालिनी गौड़ के करीबी वीरेंद्र शेंडगे और साथियों की मारपीट कैमरे में रिकॉर्ड
इंदौर विधानसभा-4 में हिंदरक्षक और एकलव्य गौड़ के साथ वीरेंद्र शेंडगे से नाराजगी
विधायक मालिनी गौड़ के करीबी वीरेंद्र शेंडगे ने दिया नोटिस का जवाब, दिघे के घर हमले के भी वीडियो जारी
राज्यसभा चुनाव: मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सीट हथियाने के लिए तीसरा उम्मीदवार उतारेगी भाजपा